उदयपुर न्यूज : एमबी हॉस्पिटल में शुरू होगी रोबोटिक सर्जरी, करोड़ों के रोबोट अब मिनटों में करेंगे जटिल ऑपरेशन

Last Updated:November 19, 2025, 19:17 IST
Robotic surgery : उदयपुर के एमबी हॉस्पिटल में अगले साल से रोबोटिक सर्जरी शुरू होने जा रही है, जिससे जटिल ऑपरेशन्स अब ज्यादा सटीक, तेज और सुरक्षित होंगे. कई डॉक्टर उन्नत रोबोटिक सिस्टम – एसएसआई मंत्रा और दा विंची – पर प्रशिक्षण ले चुके हैं. सरकार की मंजूरी मिलते ही एमबी प्रदेश का तीसरा सरकारी अस्पताल बन जाएगा जहां मरीजों को लगभग नि:शुल्क हाई-टेक सर्जरी की सुविधा मिलेगी.
उदयपुर : आरएनटी मेडिकल कॉलेज से जुड़े संभाग के सबसे बड़े एमबी हॉस्पिटल में अब चिकित्सा सुविधाएं एक और स्तर ऊपर जाने वाली हैं. एमबी में अगले साल से रोबोटिक सर्जरी शुरू होने की तैयारी पूरी गति से चल रही है. कॉलेज प्रशासन ने इसका प्रस्ताव सरकार को भेज दिया है और कई विभागों के डॉक्टरों का प्रशिक्षण भी शुरू हो चुका है. नई तकनीक के आने से जटिल सर्जरियों को अधिक सटीकता और कम समय में किया जा सकेगा. मरीजों को इलाज के लिए लंबा इंतजार नहीं करना पड़ेगा.
एम्स जोधपुर में हुए चार दिवसीय प्रशिक्षण में एमबी के सर्जरी और गैस्ट्रो सर्जरी विभाग के डॉक्टरों ने देसी रोबोट एसएसआई मंत्रा (5-8 करोड़) और विदेशी रोबोट दा विंची (20 करोड़) पर तकनीकी अभ्यास किया. डॉ. राजवीर सिंह ने बताया कि प्रशिक्षण में हेपेटो-पैंक्रियाटिको-बिलेयरी सर्जरी और कडैवेरिक लीवर रिट्रीवल जैसे मॉड्यूल सिखाए गए. देशभर के वरिष्ठ गैस्ट्रो सर्जन ने भी अपने अनुभव साझा किए, जिससे डॉक्टरों को रोबोटिक तकनीक को समझने में काफी मदद मिली.
एमबी में शुरू होगी रोबोटिक सर्जरीएमबी हॉस्पिटल में सर्जरी की संख्या हर साल बढ़ रही है. वर्ष 2024 में 10.5 हजार सर्जरी हुईं, जबकि 2025 में अब तक 8,800 से ज्यादा ऑपरेशन हो चुके हैं. ऐसे में रोबोटिक सर्जरी शुरू होने से वेटिंग कम होगी और मरीजों को तेजी से उपचार मिल सकेगा. प्राचार्य डॉ. विपिन माथुर ने बताया कि सरकार की मंजूरी मिलते ही रोबोटिक सर्जरी यूनिट स्थापित कर दी जाएगी. जयपुर एसएमएस और जोधपुर एम्स के बाद उदयपुर का एमबी प्रदेश का तीसरा सरकारी अस्पताल होगा जहां यह सुविधा मिलेगी. जनजाति बाहुल्य क्षेत्र में यह तकनीक खासा लाभ पहुंचाएगी.
जटिल सर्जरी का आसान रोबोटिक हलडॉ. राजवीर सिंह के अनुसार रोबोटिक सर्जरी में आम सर्जरी की तुलना में 20 से 30 प्रतिशत तक समय बचता है. कठिन स्थानों पर भी सटीक तरीके से टांके लगाए जा सकते हैं और पेन्क्रियाज, गॉल ब्लैडर, लीवर, इसोफेगस, पेल्विक और प्रोस्टेट से जुड़ी जटिल सर्जरियों में यह तकनीक बेहतरीन साबित होती है. प्राइवेट अस्पतालों में जहां रोबोटिक सर्जरी का खर्च 3 से 10 लाख तक है, वहीं एमबी में मरीजों को लगभग नि:शुल्क सुविधा मिलेगी.
उदयपुर बनेगा हाई-टेक मेडिकल हबदिल्ली, रायपुर, भोपाल, पुणे और लखनऊ के सरकारी अस्पतालों में पहले से ही रोबोटिक सर्जरी की सुविधा उपलब्ध है. जल्द ही उदयपुर भी देश के उन प्रमुख मेडिकल सेंटरों की सूची में शामिल होने जा रहा है जहां आधुनिक उपचार तकनीक से हजारों मरीजों को राहत मिलेगी.
Rupesh Kumar Jaiswal
रुपेश कुमार जायसवाल ने दिल्ली यूनिवर्सिटी के ज़ाकिर हुसैन कॉलेज से पॉलिटिकल साइंस और इंग्लिश में बीए किया है. टीवी और रेडियो जर्नलिज़्म में पोस्ट ग्रेजुएट भी हैं. फिलहाल नेटवर्क18 से जुड़े हैं. खाली समय में उन…और पढ़ें
रुपेश कुमार जायसवाल ने दिल्ली यूनिवर्सिटी के ज़ाकिर हुसैन कॉलेज से पॉलिटिकल साइंस और इंग्लिश में बीए किया है. टीवी और रेडियो जर्नलिज़्म में पोस्ट ग्रेजुएट भी हैं. फिलहाल नेटवर्क18 से जुड़े हैं. खाली समय में उन… और पढ़ें
Location :
Udaipur,Rajasthan
First Published :
November 19, 2025, 19:17 IST
homerajasthan
एमबी हॉस्पिटल में शुरू होगी रोबोटिक सर्जरी, मिनटों में होंगे जटिल ऑपरेशन



