Entertainment

बॉलीवुड में होती है गुटबाजी? कुणाल खेमू ने बताया इंडस्ट्री का कड़वा सच, कहा- पहले कुछ ही फैमिली बनाती थीं फिल्में

नई दिल्ली. कुणाल खेमू बॉलीवुड के पॉपुलर एक्टर हैं. अब उन्होंने रियलिटी शो ‘अलायंस’ के जरिए बतौर होस्ट डेब्यू किया है. हाल ही में एक बातचीत के दौरान उन्होंने शो के कॉन्सेप्ट पर खुलकर बात की. कुणाल ने कहा कि यह शो असल जिंदगी से बहुत अलग नहीं है, क्योंकि असल जिंदगी में भी हमें सरवाइव करने के लिए कई तरह के अलायंस बनाने और तोड़ने पड़ते हैं. इसके साथ ही उन्होंने बॉलीवुड में दिखने वाली गुटबाजी पर भी अपनी बात रखी और माना कि फिल्म इंडस्ट्री हमेशा सिर्फ टैलेंट के दम पर नहीं चलती.

हिंदुस्तान टाइम्स के साथ बातचीत में कुणाल खेमू ने कहा, ‘एक परिवार तो वो होता है, जिसमें आप पैदा होते हैं और एक परिवार वो होता है, जिसे आप खुद चुनते हैं या बनाते हैं- जैसे हमारे दोस्त, जो आगे चलकर परिवार जैसे ही हो जाते हैं. और कभी-कभी तो परिवार के रिश्ते भी टिक नहीं पाते. असल में इंसानी जिंदगी का पूरा ताना-बाना ही इन गठबंधनों पर टिका है. पुराने दौर में भी अगर आप खाना जुटाने में माहिर नहीं होते थे, तो जिंदा रहने के लिए आपको दूसरों से हाथ मिलाना ही पड़ता था. साफ कहें तो लाइफ में सरवाइव करने के लिए अलायंस बेहद जरूरी हैं.’

बॉलीवुड में होती है गुटबाजी

बॉलीवुड में होने वाली गुटबाजी पर बात करते हुए कुणाल ने कहा, ‘यह सच है कि इंडस्ट्री में कैम्प्स होते हैं. काम करने का सिर्फ यही एक तरीका नहीं है, लेकिन हर फील्ड की तरह यहां भी यह सब चलता है. आपको यह बात अच्छी लग सकती है या बुरी, पर सच यही है कि यह हमेशा रहेगा. आखिर यह इंसानी फितरत है. अगर मुझे कोई पसंद है और मैं उसके साथ काम करना चाहता हूं, तो कोई मुझे रोक नहीं सकता. हो सकता है इससे किसी दूसरे का नुकसान हो जाए, लेकिन बदकिस्मती से दुनिया ऐसे ही चलती है.’

कुछ ही फैमिलीज बना रही थीं फिल्में

उन्होंने आगे कहा, ‘पहले कैम्प्स बहुत ज्यादा होते थे, अब थोड़े कम हुए हैं क्योंकि उस दौर में कुछ गिने-चुने परिवार ही फिल्में बना रहे थे लेकिन फिर कॉपोरेट्स की एंट्री हुई. आज भी फिल्म बिजनेस हमेशा सिर्फ टैलेंट के दम पर तय नहीं होता. इसके पीछे कई बार ऐसा गणित काम करता है, जिसका कोई सिर-पैर ही नहीं होता.’

अच्छी कहानियों के बिना फिल्में हो जाती हैं फ्लॉप

कुणाल खेमू ने इस बात पर भी जोर दिया कि कैसे बिना टैलेंट और बिना अच्छी कहानी की फिल्में बॉक्स ऑफिस पर ढेर हो जाती हैं. उन्होंने कहा, ‘यही वजह है कि हमने फिल्में बनाना छोड़कर प्रोजेक्ट्स बनाना शुरू कर दिया था. लेकिन खुशकिस्मती से समय सब कुछ सिखा देता है. अब दर्शक ऐसी फिल्में देखने थिएटर्स में नहीं जा रहे हैं. वे साफ कह रहे हैं कि उन्हें सिर्फ बड़े प्रोजेक्ट्स नहीं, बल्कि दमदार कंटेंट चाहिए.’

प्राइम वीडियो पर दस्तक दे चुका है ‘अलायंस’

बताते चलें कि कुणाल खेमू का शो ‘अलायंस’ 26 जून को प्राइम वीडियो पर दस्तक दे चुका है. इस रियलिटी शो में रवि किशन, जैद दरबार, नीति टेलर, मिनी माथुर, डॉली जावेद, कुशाल टंडन, अर्सलान गोनी, पायल गेमिंग, सैबी सूरी, रूही दोसानी, रीवा किशन, डेजी शाह और वंशज समेत कई जाने-माने चेहरे नजर आ रहे हैं.

Source link

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

Uh oh. Looks like you're using an ad blocker.

We charge advertisers instead of our audience. Please whitelist our site to show your support for Nirala Samaj