Tonk News: पहाड़ियों के नीचे गुप्त कमरे में चल रहा था नकली तेल का खेल, ब्रांडेड पैकिंग में खपाने की थी तैयारी

Last Updated:August 15, 2026, 18:13 IST
टोंक में DST की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मिलावटी सरसों तेल के कारोबार का भंडाफोड़ किया है. पहाड़ियों के नीचे गुप्त कमरे में चल रहे इस अवैध ठिकाने से करीब 2500 लीटर नकली तेल, ब्रांडेड कंपनियों के रैपर और डिब्बे बरामद किए गए. पुलिस ने तीन आरोपियों को हिरासत में लेकर वाहन और नकदी भी जब्त की है.
टोंक. एक बार फिर मिलावटखोरी के खिलाफ पुलिस की बड़ी कार्रवाई सामने आई है. बरौनी थाना क्षेत्र में DST की टीम ने छापेमारी कर करीब 2500 लीटर मिलावटी और नकली सरसों तेल बरामद किया है।.पुलिस के मुताबिक, सोहेला पुलिया के पास पहाड़ियों के नीचे एक गुप्त कमरे में अवैध तरीके से तेल का भंडारण और मिलावट का कारोबार चल रहा था. कार्रवाई के बाद मौके पर हड़कंप मच गया.
टोंक एसपी रोशन मीना के निर्देश पर DST प्रभारी ओमप्रकाश चौधरी के नेतृत्व में टीम ने अचानक दबिश दी. पुलिस को मौके से बड़ी मात्रा में संदिग्ध सरसों तेल मिला. शुरुआती जांच में सामने आया कि यहां तेल की मिलावट के साथ उसे नामी और ब्रांडेड कंपनियों के रैपर व डिब्बों में पैक करने की तैयारी की जा रही थी.
ब्रांडेड पैकिंग में नकली तेल
पुलिस के अनुसार, नकली तेल को ब्रांडेड कंपनियों के नाम और पैकिंग में बाजार में खपाने का खेल चल रहा था. ऐसे में उपभोक्ताओं के लिए असली और नकली उत्पाद में अंतर करना मुश्किल हो सकता था. बरामद तेल के नमूने अब जांच के लिए भेजे गए हैं. रिपोर्ट आने के बाद तेल की गुणवत्ता और उसमें मिलाए गए पदार्थों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट होगी. पुलिस ने मौके से तीन संदिग्ध आरोपियों को डिटेन किया है. इसके अलावा तेल की सप्लाई और परिवहन में इस्तेमाल की जा रही एक कार और एक पिकअप वाहन भी जब्त किया गया है. पुलिस ने खरीद-फरोख्त से जुड़ी करीब 28 हजार रुपये की नकदी बरामद करने का भी दावा किया है.
खाद्य विभाग की टीम ने लिए सैंपल
पुलिस की कार्रवाई के बाद खाद्य सुरक्षा अधिकारियों को मौके पर बुलाया गया. खाद्य विभाग की टीम ने बरामद तेल के सैंपल लिए हैं, जिन्हें जांच के लिए भेजा गया है, जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. इस पूरे मामले ने खाद्य सुरक्षा और स्वास्थ्य विभाग की निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं. सवाल यह है कि यदि लंबे समय से किसी गुप्त स्थान पर इतने बड़े स्तर पर मिलावटी तेल का कारोबार चल रहा था, तो विभाग को इसकी भनक क्यों नहीं लगी? पुलिस की कार्रवाई के बाद विभाग की टीम का मौके पर पहुंचना भी निगरानी व्यवस्था को लेकर चर्चा का विषय बना हुआ है. फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है. जांच का मुख्य फोकस इस बात पर है कि नकली तेल कहां से तैयार किया जा रहा था और इसे टोंक के अलावा किन-किन इलाकों में सप्लाई किया जाना था. इस कार्रवाई के बाद उपभोक्ताओं से भी खाद्य तेल खरीदते समय पैकिंग, लेबल, सील और गुणवत्ता संबंधी जानकारी की अच्छी तरह जांच करने की अपील की जा रही है.
About the AuthorMonali Paul
नमस्ते मेरा नाम मोनाली है, पेशे से पत्रकार हूं, ख़बरें लिखने का काम है. लेकिन कैमरे पर समाचार पढ़ना बेहद पसंद है. 2016 में पत्रकारिता में मास्टर्स करने के बाद पांच साल कैमरे पर न्यूज़ पढ़ने के साथ डेस्क पर खबरे…
और पढ़ेंFirst Published :
August 15, 2026, 18:13 IST



