Rajasthan

राजस्थान में मौसम का यू-टर्न! 60 Kmph की रफ्तार से चलेंगी हवांए, 21 जिलों में बारिश का अलर्ट

जयपुर: राजस्थान में एक बार फिर मौसम ने करवट ले ली है. आईएमडी के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने और प्रदेश के आसपास बने कई मौसमीय तंत्रों के प्रभाव से अगले 24 घंटों के दौरान राज्य के कई हिस्सों में तेज आंधी, मेघगर्जन और बारिश की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं. मौसम विभाग ने पूर्वी और पश्चिमी राजस्थान के कई जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी करते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है. जयपुर मौसम केन्द्र के अनुसार, राजस्थान से बिहार तक उत्तर प्रदेश के रास्ते समुद्र तल पर बनी मौसमी द्रोणिका (सीजनल ट्रफ) फिलहाल सक्रिय है.

इसके साथ ही उत्तर-पश्चिम पंजाब पर बना पश्चिमी विक्षोभ अब पूर्वोत्तर पंजाब और आसपास के क्षेत्रों में चक्रवाती परिसंचरण के रूप में मौजूद है. यह तंत्र समुद्र तल से 3.1 से 5.8 किलोमीटर की ऊंचाई तक फैला हुआ है. वहीं हरियाणा और उत्तर-पश्चिम उत्तर प्रदेश के ऊपर भी ऊपरी वायुमंडलीय चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय बने हुए हैं, जिससे राजस्थान में नमी की आपूर्ति बढ़ रही है. मौसम केंद्र जयपुर के अनुसार, बीकानेर, जयपुर, भरतपुर, अजमेर और कोटा संभाग के कुछ भागों में आगामी 24 घंटों के दौरान तेज मेघगर्जन, 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली आंधी तथा कहीं-कहीं मध्यम से तेज बारिश होने की प्रबल संभावना है. वहीं जोधपुर और उदयपुर संभाग के कुछ इलाकों में हल्की बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं.

राजस्थान के 21 जिलों में मेघगगर्जन, वज्रपात और आंधी के साथ बारिश के आसार

अलवर और जयपुर सहित 18 जिलों में मेघगर्जन और आंधी के आसार

पूर्वी राजस्थान के अलवर, बारां, भरतपुर, बूंदी, दौसा, डीग, धौलपुर, जयपुर, झालावाड़, झुंझुनूं, करौली, खैरथल-तिजारा, कोटा, कोटपूतली-बहरोड़, सवाई माधोपुर, सीकर और टोंक जिलों में मेघगर्जन के साथ वज्रपात तथा 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना जताई गई है. कुछ स्थानों पर हवा की गति 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है.

बीकानेर-चुरू में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती है हवाएं

पश्चिमी राजस्थान के बीकानेर, चूरू, डीडवाना-कुचामन और श्रीगंगानगर जिलों में भी 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने की संभावना है. इन क्षेत्रों में धूलभरी आंधी के साथ हल्की से मध्यम बारिश भी हो सकती है. मौसम विभाग का कहना है कि बीकानेर, जयपुर, भरतपुर और कोटा संभाग के कुछ हिस्सों में 23 जून से 26 जून तक आंधी-बारिश की गतिविधियां रुक-रुक कर जारी रह सकती हैं. हालांकि दक्षिणी राजस्थान के कुछ जिलों में आगामी दिनों में बारिश की गतिविधियों में कमी देखने को मिल सकती है.

पश्चिमी राजस्थान में बीकानेर, चूरू, डीडवाना-कुचामन और श्रीगंगानगर जिलों पर मौसम का ज्यादा असर देखने को मिल सकता है.

अगले कुछ दिनों तक मौसम का मिजाज बदला हुआ रह सकता है

जयपुर मौसम केन्द्र ने  लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की सलाह दी है. किसानों को भी फसल और कृषि उपकरण सुरक्षित स्थानों पर रखने के लिए कहा गया है. मौसम विभाग के अनुसार, अगले कुछ दिनों तक प्रदेश में मौसम का यह बदला हुआ मिजाज बना रह सकता है, जिससे भीषण गर्मी से राहत मिलने की संभावना है.

राजस्थान में मौसम बदलने की मुख्य वजह क्या है
राजस्थान में मौसम बदलने की मुख्य वजह पश्चिमी विक्षोभ, सक्रिय मौसमी द्रोणिका और हरियाणा व उत्तर प्रदेश के ऊपर बने चक्रवाती परिसंचरण हैं. इन सभी मौसमीय तंत्रों के संयुक्त प्रभाव से प्रदेश में नमी की मात्रा बढ़ी है. यही कारण है कि कई जिलों में मेघगर्जन, वज्रपात, तेज हवाएं और बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना बनी हुई है. मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों तक इन तंत्रों का असर बना रह सकता है.

किन संभागों में सबसे ज्यादा बारिश और आंधी की संभावना है

मौसम विभाग के अनुसार बीकानेर, जयपुर, भरतपुर, अजमेर और कोटा संभाग के कई इलाकों में सबसे अधिक प्रभाव देखने को मिल सकता है. इन क्षेत्रों में तेज मेघगर्जन, 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी और कहीं-कहीं मध्यम से तेज बारिश की संभावना जताई गई है. मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि इन संभागों में अगले 24 घंटे विशेष रूप से महत्वपूर्ण रहेंगे और मौसम तेजी से बदल सकता है.

किन जिलों में वज्रपात और तेज हवाओं का अलर्ट जारी हुआ है

अलवर, बारां, भरतपुर, बूंदी, दौसा, डीग, धौलपुर, जयपुर, झालावाड़, झुंझुनूं, करौली, खैरथल-तिजारा, कोटा, कोटपूतली-बहरोड़, सवाई माधोपुर, सीकर और टोंक जिलों में मेघगर्जन और वज्रपात की संभावना जताई गई है. इन जिलों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. कुछ स्थानों पर हवा की गति 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान लगाया गया है.

पश्चिमी राजस्थान के किन जिलों पर ज्यादा असर रहेगा

पश्चिमी राजस्थान में बीकानेर, चूरू, डीडवाना-कुचामन और श्रीगंगानगर जिलों पर मौसम का ज्यादा असर देखने को मिल सकता है. इन क्षेत्रों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने की संभावना है. मौसम विभाग ने धूलभरी आंधी और हल्की से मध्यम बारिश की भी संभावना जताई है. किसानों और आम लोगों को खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है.

Source link

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

Uh oh. Looks like you're using an ad blocker.

We charge advertisers instead of our audience. Please whitelist our site to show your support for Nirala Samaj