Udaipur News: उदयपुर में दिखा उज्जैन के महाकाल का स्वरूप, रामेश्वर महादेव की हुई भस्म आरती

Last Updated:August 18, 2026, 19:02 IST
Udaipur News: सावन के पावन महीने में उदयपुर के रामगिरी स्थित रामेश्वर महादेव मंदिर में बाबा भोलेनाथ का उज्जैन के महाकाल की तर्ज पर विशेष श्रृंगार किया गया. भस्म आरती के दौरान ढोल-नगाड़ों और हर-हर महादेव के जयघोष से मंदिर परिसर गूंज उठा. बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने महाकाल स्वरूप में बाबा रामेश्वर महादेव के दर्शन कर पूजा-अर्चना की.
रामेश्वर महादेव मंदिर
उदयपुर. सावन के पावन महीने में उदयपुर के शिवालयों में भगवान भोलेनाथ के अलग-अलग स्वरूपों की झलक श्रद्धालुओं को देखने को मिल रही है. रामगिरी स्थित प्रसिद्ध रामेश्वर महादेव मंदिर में इस बार बाबा भोलेनाथ का विशेष श्रृंगार उज्जैन के बाबा महाकाल की भस्म आरती के स्वरूप में किया गया. महाकाल स्वरूप में सजे भगवान रामेश्वर महादेव के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचे.
रामेश्वर महादेव मित्र मंडल की ओर से आयोजित विशेष श्रृंगार के दौरान बाबा रामेश्वर महादेव को भस्म आरती के स्वरूप में विराजित किया गया. मंदिर परिसर को आकर्षक सजावट, विद्युत रोशनी और विभिन्न धार्मिक साज-सज्जा से सजाया गया. विशेष श्रृंगार के बाद भगवान शिव की भस्म आरती का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया.
ढोल-नगाड़ों के साथ गूंजे भोलेनाथ के जयकारे
भस्म आरती के दौरान ढोल-नगाड़ों की गूंज और भगवान शिव के जयकारों से पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय हो गया. श्रद्धालुओं ने हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयघोष के साथ आरती में हिस्सा लिया. महाकाल स्वरूप में सजे बाबा रामेश्वर महादेव के दर्शन कर भक्तों ने पूजा-अर्चना की और परिवार की सुख-समृद्धि तथा खुशहाली की कामना की. दर्शन के लिए मंदिर में श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं. भक्तों ने अनुशासन के साथ कतार में लगकर भगवान शिव के दर्शन किए. भस्म आरती के दौरान बना माहौल श्रद्धालुओं को उज्जैन स्थित बाबा महाकाल की प्रसिद्ध भस्म आरती की अनुभूति कराता नजर आया.
पहले सजाई गई थी अमरनाथ धाम की झांकी
रामेश्वर महादेव मंदिर में सावन के दौरान भगवान शिव के अलग-अलग स्वरूपों का विशेष श्रृंगार किया जा रहा है. इससे पहले मंदिर में अमरनाथ धाम की आकर्षक झांकी सजाई गई थी, जिसे देखने के लिए भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे थे. मंदिर में लगातार किए जा रहे विशेष आयोजनों और श्रृंगार से सावन के दौरान धार्मिक वातावरण बना हुआ है. रामेश्वर महादेव मित्र मंडल की ओर से सावन में श्रद्धालुओं के लिए भगवान शिव के विभिन्न स्वरूपों के दर्शन की व्यवस्था की जा रही है. महाकाल स्वरूप में हुए इस विशेष श्रृंगार और भस्म आरती ने भक्तों में खासा उत्साह पैदा किया। आरती के दौरान मंदिर परिसर में उमड़ी आस्था और शिवभक्ति का नजारा देखते ही बन रहा था।
About the AuthorMonali Paul
नमस्ते मेरा नाम मोनाली है, पेशे से पत्रकार हूं, ख़बरें लिखने का काम है. लेकिन कैमरे पर समाचार पढ़ना बेहद पसंद है. 2016 में पत्रकारिता में मास्टर्स करने के बाद पांच साल कैमरे पर न्यूज़ पढ़ने के साथ डेस्क पर खबरे…
और पढ़ेंLocation :
Udaipur,Rajasthan
First Published :
August 18, 2026, 18:55 IST



