उदयपुर रेलवे अपडेट: दिसंबर में चार ट्रेनों में बढ़े कोच

Last Updated:November 26, 2025, 08:12 IST
Udaipur Train Extra Coach: उदयपुर में बढ़ते टूरिस्ट सीजन को देखते हुए उत्तर पश्चिम रेलवे ने बड़ा कदम उठाते हुए चार प्रमुख ट्रेनों में अतिरिक्त कोच जोड़े हैं. 2 दिसंबर से 1 जनवरी 2026 तक चलने वाली इस व्यवस्था से यात्रियों को टिकट मिलने में आसानी होगी और भीड़भाड़ कम होगी.
उदयपुर. झीलों की नगरी उदयपुर में पर्यटन सीजन इस समय चरम पर है. दिसंबर महीने में वेडिंग टूरिज़्म, क्रिसमस छुट्टियां और न्यू ईयर सेलिब्रेशन के कारण शहर में भारी संख्या में देश-विदेश से पर्यटक पहुंचते हैं. होटल, रिसॉर्ट और टूरिस्ट पॉइंट्स पर भीड़ लगातार बढ़ती जा रही है. इसी बढ़ते दबाव को देखते हुए उत्तर पश्चिम रेलवे ने यात्रियों को बड़ी राहत देते हुए अहम निर्णय लिया है. रेलवे ने घोषणा की है कि 60 जोड़ी ट्रेनों में कुल 151 अतिरिक्त कोच जोड़े जा रहे हैं, जिनमें उदयपुर से आने-जाने वाली चार प्रमुख टूरिस्ट रूट की ट्रेनें भी शामिल हैं. इससे टिकट उपलब्धता बढ़ेगी और भीड़भाड़ कम होगी.
उदयपुर के टूरिस्ट रूट पर किन ट्रेनों में बढ़ाए गए कोच?
1. दिल्ली सराय–उदयपुर सिटी–दिल्ली सराय (20473/20474): दिल्ली से उदयपुर आने वाले पर्यटकों की संख्या सबसे अधिक रहती है. भीड़ को ध्यान में रखते हुए इस ट्रेन में दो साधारण श्रेणी के कोच अस्थायी रूप से जोड़े गए हैं. यह व्यवस्था 2 से 16 दिसंबर तक प्रभावी रहेगी.
2. उदयपुर सिटी–जयपुर–उदयपुर सिटी (12991/12992): जयपुर–उदयपुर एक लोकप्रिय टूरिस्ट सर्किट है. इस ट्रेन में दो सेकेंड चेयर कार और एक जनरल कोच बढ़ाया गया है. यह सुविधा पूरे दिसंबर (1 से 31 दिसंबर तक) जारी रहेगी.
3. जयपुर–उदयपुर सिटी–जयपुर (09721/09722): घरेलू यात्रियों और पर्यटकों को अतिरिक्त सुविधा देने के लिए इस ट्रेन में एक थर्ड एसी और दो साधारण श्रेणी के कोच अस्थायी रूप से लगाए गए हैं. यह कोच 2 दिसंबर से 1 जनवरी 2026 तक प्रभावी रहेंगे.
4. उदयपुर सिटी–असारवा–उदयपुर सिटी (20987/20988): अहमदाबाद–उदयपुर भी एक अत्यधिक व्यस्त टूरिस्ट रूट है. इस ट्रेन में एक थर्ड एसी और दो साधारण श्रेणी के कोच जोड़े गए हैं. यह सुविधा 2 दिसंबर से 1 जनवरी 2026 तक लागू रहेगी.
रेलवे का बयान
रेलवे अधिकारियों का कहना है कि दिसंबर और न्यू ईयर के दौरान बढ़ते टूरिस्ट लोड को देखते हुए यह कदम आवश्यक था. अतिरिक्त कोच जोड़ने से यात्रियों को टिकट और सीट मिलने में आसानी होगी, जबकि भीड़भाड़ भी नियंत्रित रहेगी. इस कदम से उदयपुर घूमने आने वाले सैलानियों को अधिक सुरक्षित, सुगम और आरामदायक यात्रा उपलब्ध होगी.
Location :
Udaipur,Udaipur,Rajasthan
First Published :
November 26, 2025, 08:12 IST
homerajasthan
होटलों से लेकर ट्रेनों तक भीड़… रेलवे का बड़ा फैसला उदयपुर यात्रियों के लिए ..



