UP School Holiday due to Rain: उत्तर प्रदेश में कहां-कहां बंद हैं स्कूल? कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

Last Updated:July 10, 2026, 07:40 IST
UP School Holiday due to Rain: उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में भारी बारिश के चलते स्कूलों में छुट्टी घोषित कर दी गई है. गाजियाबाद, रायबरेली, बदायूं, संभल और उत्तरकाशी में जिलाधिकारी के निर्देश पर आज स्कूल बंद रहेंगे. मौसम विभाग के ऑरेंज अलर्ट और बिजली गिरने की आशंका के बीच प्रशासन ने बच्चों की सुरक्षा के लिए यह फैसला लिया है.UP School Holiday: उत्तर प्रदेश के कई जिलों में आज स्कूल बंद हैं
नई दिल्ली (UP School Closed). उत्तर भारत में मानसून की एंट्री हो गई है. उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के कई जिलों में लगातार हो रही बारिश के कारण जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है. सड़कों पर जलभराव और मौसम विभाग के अलर्ट को देखते हुए प्रशासन ने बच्चों की सुरक्षा के लिए बड़ा कदम उठाया है. गाजियाबाद, रायबरेली, संभल, बदायूं और उत्तराखंड के उत्तरकाशी में आज सभी सरकारी और निजी स्कूल बंद रहेंगे. प्रशासन ने अभिभावकों से भी अपील की है कि वे मौसम को देखते हुए सतर्क रहें.
मौसम विभाग की मानें तो आने वाले कुछ घंटे इन इलाकों के लिए काफी संवेदनशील हो सकते हैं. कहीं बिजली गिरने तो कहीं ओलावृष्टि की आशंका जताई गई है. इसी को ध्यान में रखते हुए जिलाधिकारियों के निर्देश पर बेसिक शिक्षा अधिकारियों (BSA) ने देर रात और तड़के सुबह ही छुट्टी के आदेश जारी कर दिए. यह आदेश यूपी बोर्ड, सीबीएसई और आईसीएसई समेत सभी मान्यता प्राप्त स्कूलों पर समान रूप से लागू होगा. जानिए आज आपके जिले में स्कूल बंद हैं या नहीं.
यूपी के कई जिलों में स्कूल बंद
उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के कई जिलों में लगातार मूसलाधार बारिश हो रही है. जलभराव की स्थिति को देखते हुए आज स्कूल बंद रखने का फैसला लिया गया है. बारिश के मौसम में एक्सीडेंट की आशंका भी बढ़ जाती है. स्कूल बंद होने से बच्चे घर में सुरक्षित रह सकेंगे.
रायबरेली में तड़के सुबह छुट्टी का फैसला
रायबरेली में आज सुबह से ही आसमान में काली घटाएं छाई रहीं और झमाझम बारिश शुरू हो गई. अत्यधिक बारिश और रास्तों में पानी भरने की आशंका को देखते हुए जिलाधिकारी महोदया के निर्देश पर बीएसए ने तुरंत छुट्टी के आदेश जारी कर दिए. आज जिले के कक्षा 1 से लेकर कक्षा 8 तक के सभी परिषदीय, प्राइवेट और मान्यता प्राप्त स्कूल बंद रहेंगे. प्रशासन का कहना है कि बच्चों को स्कूल आने-जाने में कोई दिक्कत न हो, इसलिए यह फैसला लिया गया.
गाजियाबाद में ‘ऑरेंज अलर्ट’: 12वीं तक के सभी स्कूल बंद
गाजियाबाद में मौसम विभाग ने ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया है. इसके बाद प्रशासन ने बेहद सख्त रुख अपनाया है. आज (10 जुलाई 2026) जिले के कक्षा 1 से लेकर 12वीं तक के सभी स्कूलों में भारी बारिश, तेज आंधी और ओलावृष्टि की आशंका के चलते अवकाश घोषित कर दिया गया है. जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने स्पष्ट किया है कि सभी सीबीएसई, आईसीएसई और यूपी बोर्ड स्कूल इस आदेश का शत-प्रतिशत पालन करेंगे. नियमों का उल्लंघन करने वाले स्कूलों पर सख्त कार्रवाई की जा सकती है.
संभल और बदायूं में 11 जुलाई को भी छुट्टी
संभल में लगातार दूसरे दिन भी बारिश का सितम जारी है, जिसके चलते आज स्कूलों में ताले लटके रहेंगे. वहीं, बदायूं से बड़ी खबर है कि मौसम विभाग की तरफ से बिजली गिरने और तीव्र बारिश की चेतावनी के बाद बीएसए ने न सिर्फ आज, बल्कि 10 और 11 जुलाई दोनों दिन (कक्षा 1 से 8 तक) का अवकाश घोषित कर दिया है. लगातार हो रहे जलभराव से निपटने और बच्चों को सुरक्षित रखने के लिए प्रशासन ने यह कदम उठाया है.
उत्तराखंड के उत्तरकाशी में भी आफत की बारिश
सिर्फ उत्तर प्रदेश ही नहीं, बल्कि पहाड़ी राज्य उत्तराखंड में भी कुदरत का सब्र टूट रहा है. उत्तरकाशी जनपद में भारी बारिश और भूस्खलन के खतरे को देखते हुए जिला प्रशासन ने आज कक्षा 1 से 12 तक के सभी सरकारी, अर्ध-सरकारी और निजी स्कूलों को बंद रखने का फैसला किया है. पहाड़ों में हो रही लगातार बारिश के कारण नदी-नाले उफान पर हैं, जिससे स्कूली बच्चों के लिए सफर करना बेहद जोखिम भरा हो गया था. कल स्कूल जाने से पहले छुट्टी का स्टेटस जरूर चेक कर लें.
About the AuthorDeepali PorwalSenior Sub Editor
Deepali Porwal is a seasoned bilingual journalist with 11 years of experience in the media industry. She currently works with Hindi, focusing on the Education and Career desk. She is known for her versat…और पढ़ें
अब ईमेल पर इनसाइड स्टोरीज
खबरों के पीछे की खबर अब आपके इनबॉक्स में
सबमिट करें



