Business

1 लाख के बना दिए 52 लाख, इस मल्‍टीबैगर शेयर पर विजय केडिया ने भी अब खेला दांव

नई दिल्ली. शेयर बाजार के दिग्गज निवेशक विजय केडिया के पोर्टफोलियो पर सबकी नजर रहती है. हाल ही में दिसंबर 2025 तिमाही के शेयरहोल्डिंग डेटा सामने आए हैं, जिसमें पता चला है कि केडिया ने दो नए शेयरों पर बड़ा दांव खेला है. इसके साथ ही उनका कुल पोर्टफोलियो अब 17 शेयरों तक पहुंच गया है जिसकी कुल नेटवर्थ 1,133 करोड़ रुपये से अधिक हो गई है. जिन दो नए शेयरों में केडिया ने पैसा लगाया है उनमें एक इंजीनियरिंग सेक्टर की पुरानी खिलाड़ी है, जबकि दूसरा ग्रीन एनर्जी और हाइड्रोजन ट्रांजिशन में उभरता हुआ नाम है. खास बात है कि इनमें से एक शेयर ने पिछले 5 सालों में निवेशकों के 1 लाख रुपये को 52 लाख रुपये में बदलकर सनसन मचाई है.

विजय केडिया अपनी SMILE निवेश रणनीति के लिए मशहूर हैं. इस रणनीति के तहत वे ऐसी कंपनी में पैसा लगाते हैं जो साइज में छोटी, अनुभवी प्रबंधन से संचालित महत्‍वाकांक्षी और बाजार में बड़ी संभावना लिए होती है और दमदार मुनाफा कमा रही होती है. दिसंबर तिमाही में उन्होंने जिन दो कंपनियों में हिस्सेदारी खरीदी है, वे इसी फ्रेमवर्क में फिट बैठती नजर आ रही हैं. पहली कंपनी है पटेल इंजीनियरिंग लिमिटेड और दूसरी है अद्वैत एनर्जी ट्रांजिशन लिमिटेड (Advait Energy Transitions Ltd).

पटेल इंजीनियरिंग : 96% डिस्काउंट पर डीप-वैल्यू दांव

पटेल इंजीनियरिंग एक ऐसी कंपनी है जिससे केडिया का पुराना नाता रहा है. उन्होंने मार्च 2023 में इसमें एंट्री की थी और जून 2024 में जब शेयर 4 गुना हो गया, तब उन्होंने अपनी हिस्सेदारी कम की थी. अब दिसंबर 2025 तिमाही में उन्होंने फिर से 1.01% हिस्सेदारी (करीब 30 करोड़ रुपये) की रिपोर्टिंग की है. 1949 में स्थापित यह कंपनी बांध, सुरंग और हाइड्रो प्रोजेक्ट्स बनाने में माहिर है. फिलहाल कंपनी के पास 15,000 करोड़ रुपये से अधिक का मजबूत ऑर्डर बुक है. कंपनी ने FY21 के नुकसान के बाद जबरदस्त वापसी की है. पिछले 5 सालों में इसका मुनाफा 87% की कंपाउंडेड दर (CAGR) से बढ़ा है.

सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि यह शेयर अपने ऑल-टाइम हाई (₹717) से करीब 96% नीचे ट्रेड कर रहा है. इसका मौजूदा PE (Price to Earnings) मात्र 8x है, जबकि इसी इंडस्ट्री की अन्य कंपनियों का औसत 18x है. यानी शेयर अभी काफी सस्ता (Under-valued) है. केडिया की यह ‘री-एंट्री’ संकेत देती है कि उन्हें कंपनी की बैलेंस शीट में सुधार और भविष्य की ग्रोथ पर पूरा भरोसा है.

Advait Energy: 5 साल में 5127 फीसदी रिटर्न

विजय केडिया की दूसरी पसंद अद्वैत एनर्जी ट्रांजिशन लिमिटेड है, जिसने पिछले 5 सालों में शेयर बाजार के सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं. जनवरी 2021 में इस शेयर की कीमत मात्र 26 रुपये थी, जो जनवरी 2026 तक 1,359 रुपये पर पहुंच गई. यानी मात्र 5 साल में 5,127% की जबरदस्त तेजी. केडिया ने अपनी कंपनी ‘केडिया सिक्योरिटीज’ के जरिए इसमें 1.1% हिस्सेदारी (करीब 17 करोड़ रुपये) खरीदी है. कंपनी अब केवल पावर ट्रांसमिशन तक सीमित नहीं है, बल्कि इसने ग्रीन हाइड्रोजन और सोलर पावर जैसे भविष्य के क्षेत्रों में कदम रख दिया है.

कंपनी की FY20 में 45 करोड़ की बिक्री थी जो FY25 में बढ़कर 399 करोड़ हो गई. इसी दौरान मुनाफा 1 करोड़ से बढ़कर 32 करोड़ रुपये हो गया. यानी 131% की शानदार कंपाउंडिंग. कंपनी के पास 1,070 करोड़ रुपये के ऑर्डर हाथ में हैं, जो भविष्य की आय की गारंटी देते हैं.

क्या मार्केट मास्टर फिर मारेंगे बाजी?

विजय केडिया की ये दोनों पसंद ‘टर्नअराउंड’ और ‘हाई ग्रोथ’ का मिश्रण हैं. एक तरफ जहां पटेल इंजीनियरिंग अपने ऐतिहासिक निचले स्तरों से उबर रही है और बुक वैल्यू के भी नीचे (0.75x) मिल रही है, वहीं एडवेट एनर्जी भविष्य की ऊर्जा (Green Hydrogen) पर सवार होकर रॉकेट बनी हुई है. अक्सर जब कोई स्टॉक अपने हाई से 40-50% गिरता है, तो केडिया जैसे निवेशक उसे एक अवसर के रूप में देखते हैं, बशर्ते कंपनी के फंडामेंटल्स मजबूत हों. एडवेट एनर्जी फिलहाल अपने 52-वीक हाई से 44% नीचे है, जो केडिया के लिए खरीदारी का सही मौका साबित हुआ.

क्‍या आपको लगाना चाहिए पैसा?

विजय केडिया का पोर्टफोलियो फॉलो करना रोमांचक हो सकता है, लेकिन रिटेल निवेशकों के लिए यह समझना जरूरी है कि केडिया की जोखिम सहने की क्षमता (Risk Appetite) बहुत अधिक है. अगर आप भी इन कंपनियों में दिलचस्पी रखते हैं तो इन्हें अपनी वॉचलिस्ट में रखें और अपनी वित्तीय स्थिति के अनुसार ही फैसला लें. अच्‍छा होगा कि आप अपने निवेश सलाहकार की सलाह राय-मशिवरा करने के बाद ही इन शेयरों में पैसा लगाने का निर्णय करें.

Source link

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

Uh oh. Looks like you're using an ad blocker.

We charge advertisers instead of our audience. Please whitelist our site to show your support for Nirala Samaj