Rajasthan

राजस्थान के 195 निकायों की वोटर लिस्ट जारी, 3.22 लाख नाम घटे, यहां चेक कर लें पूरा अपडेट

जयपुर: राजस्थान में नगर निकाय चुनाव–2026 को लेकर बड़ी तैयारी पूरी हो गई है. राज्य निर्वाचन आयोग ने 195 स्थानीय निकायों के लिए मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन कर दिया है. निर्वाचन आयुक्त राजेश्वर सिंह ने बताया कि राज्य की कुल 309 स्थानीय निकायों में से फिलहाल 195 निकायों की सूची जारी की गई है, जबकि शेष 113 निकायों के लिए प्रक्रिया अलग से जारी है. आयोग के अनुसार, 20 फरवरी 2026 को जारी ड्राफ्ट मतदाता सूची में कुल 1,13,29,913 मतदाता शामिल थे. इसके बाद आपत्तियों और दावों के निस्तारण की प्रक्रिया पूरी की गई.

इस दौरान 2,27,879 नए मतदाताओं को सूची में जोड़ा गया, जबकि 5,49,916 मतदाताओं के नाम विभिन्न कारणों से हटाए गए. अंतिम प्रकाशन के बाद अब कुल मतदाताओं की संख्या घटकर 1,10,07,876 रह गई है. जारी अंतिम सूची के अनुसार, 195 नगर निकायों में 56,57,921 पुरुष मतदाता, 53,49,578 महिला मतदाता और 377 ट्रांसजेंडर मतदाता शामिल हैं. आयोग ने बताया कि ड्राफ्ट सूची की तुलना में अंतिम सूची में कुल 3,22,037 मतदाताओं की कमी दर्ज की गई है, जो लगभग 2.90 प्रतिशत की गिरावट को दर्शाती है.

जिला स्तर पर आंकड़ों में हुआ भारी बदलाव

जिला स्तर पर आंकड़ों में भी बदलाव देखने को मिला है. जोधपुर जिले में सबसे अधिक 16.9 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई, जबकि उदयपुर में 11.50 प्रतिशत की गिरावट सामने आई है. वहीं दूसरी ओर बाड़मेर में 2.50 प्रतिशत और नागौर में 2.40 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जो सकारात्मक संकेत माने जा रहे हैं. निर्वाचन आयोग ने चुनावी तैयारियों को मजबूत करते हुए राज्य के 39 जिलों में कुल 6,485 वार्ड निर्धारित किए हैं. साथ ही 12,198 मतदान केंद्र स्थापित किए गए हैं, ताकि मतदान प्रक्रिया सुचारु रूप से संपन्न कराई जा सके.

आयोग की अपील- नाम और विवरण सूची जरूर जांच लें 

आयोग का कहना है कि मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन चुनाव प्रक्रिया का महत्वपूर्ण चरण है, जिससे आगे की चुनावी गतिविधियों को गति मिलेगी. वहीं आयोग ने मतदाताओं से अपील की है कि वे अपने नाम और विवरण सूची में अवश्य जांच लें और किसी भी त्रुटि की जानकारी संबंधित अधिकारियों को दें. साथ ही चुनाव को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासनिक स्तर पर भी तैयारियां तेज कर दी गई हैं.

Source link

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

Uh oh. Looks like you're using an ad blocker.

We charge advertisers instead of our audience. Please whitelist our site to show your support for Nirala Samaj