‘महिलाओं पर चलाई वाटर कैनन’, 7 दिन में कार्रवाई नहीं तो CM आवास का घेराव

Last Updated:August 04, 2026, 17:27 IST
Karni Sena Press Conference: जयपुर में राजपूत करणी सेना के अध्यक्ष महिपाल सिंह मकराना ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पुलिस पर महिलाओं पर वाटर कैनन चलाने और शांतिपूर्ण प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज करने का आरोप लगाया. प्रदर्शन में घायल युवक देवराज सिंह पलाड़ा की मौत पर 1 करोड़ का मुआवजा और दोषी पुलिसकर्मियों पर 7 दिन में कार्रवाई की मांग की गई है. कार्रवाई न होने पर सीएम आवास घेराव की चेतावनी दी गई है. इसके साथ ही यूजीसी नियमों को वापस न लेने पर पंचायती राज व निकाय चुनावों का बहिष्कार करने और पक्ष-विपक्ष दोनों का विरोध करने का ऐलान किया गया है.
ख़बरें फटाफट
Karni Sena Press Conference Jaipur: महिलाओं पर वाटर कैनन चलाने का आरोप, सीएम आवास घेराव की चेतावनी
Jaipur: राजधानी जयपुर में आयोजित विरोध रैली के अगले दिन राजपूत करणी सेना ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पुलिस और राज्य प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है. करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष महिपाल सिंह मकराना ने पुलिस पर शांतिपूर्ण आंदोलन को कुचलने और बदनाम करने का गंभीर आरोप लगाया. मकराना ने तीखा हमला बोलते हुए कहा कि प्रदर्शन के दौरान पुलिस प्रशासन ने मर्यादाएं लांघते हुए शांतिपूर्वक चल रहे लोगों पर लाठियां भांजी और प्रदर्शन में शामिल समाज की महिलाओं को निशाना बनाकर उन पर वाटर कैनन की तेज बौछारें चलाईं.
प्रेस वार्ता के दौरान महिपाल सिंह मकराना ने बताया कि कल हुए प्रदर्शन के दौरान वाटर कैनन की चोट और पुलिसिया कार्रवाई के कारण देवराज सिंह पलाड़ा नामक युवक घायल हो गया था, जिसकी बाद में इलाज के दौरान अस्पताल में मौत हो गई. करणी सेना ने मृतक देवराज सिंह के परिजनों को 1 करोड़ रुपये का मुआवजा देने और निर्दोष लोगों पर लाठीचार्ज व महिलाओं पर वाटर कैनन चलाने वाले दोषी पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों पर तुरंत सख्त कार्रवाई करने की मांग उठाई है. करणी सेना अध्यक्ष ने प्रशासन को अल्टीमेटम देते हुए कहा कि यदि अगले 7 दिनों के भीतर दोषी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई नहीं की गई, तो करणी सेना और सर्व समाज मुख्यमंत्री आवास का घेराव करेंगे.
यूजीसी नियमों का विरोध और पक्ष-विपक्ष दोनों के बहिष्कार का ऐलानमहिपाल सिंह मकराना ने केंद्र व राज्य सरकार पर अनदेखी का आरोप लगाते हुए कहा कि युवा पिछले 24 दिनों से लगातार पदयात्रा कर रहे थे, लेकिन उनकी सुध लेने न तो भारतीय जनता पार्टी का कोई नेता आया और न ही कांग्रेस का कोई प्रतिनिधि मिला. उन्होंने सांसदों पर हमला बोलते हुए कहा कि जनप्रतिनिधियों ने यूजीसी (UGC) के नए नियमों का समर्थन करके हमारे बच्चों के डेथ वारंट पर हस्ताक्षर कर दिए हैं.
करणी सेना ने साफ किया कि अगर यूजीसी के इन जनविरोधी नियमों को तुरंत वापस (रोलबैक) नहीं लिया गया, तो सर्व समाज और करणी सेना आगामी पंचायती राज और शहरी निकाय चुनावों का पूरी तरह से बहिष्कार करेंगे. यही नहीं, आने वाले चुनावों में पक्ष और विपक्ष दोनों ही राजनीतिक दलों का पूर्ण बहिष्कार किया जाएगा. मकराना ने यह भी चेतावनी दी कि यदि मांगें नहीं मानी गईं तो 6 राज्यों के लोग एकजुट होकर दिल्ली का घेराव करेंगे.
About the Authorvicky Rathore
Vicky Rathore (born July 25, 1994) is a multimedia journalist and digital content specialist currently working with Rajasthan. I have over 8 years of experience in digital media, where I specialize in cr…
और पढ़ेंLocation :
Jaipur,Jaipur,Rajasthan
First Published :
August 04, 2026, 17:27 IST



