जुबेर खान भारतीय व्हीलचेयर क्रिकेट टीम

Last Updated:April 30, 2026, 05:16 IST
Zuber Khan Selected for Indian Wheelchair Cricket Team: खैरथल-तिजारा के जुबेर खान का चयन भारतीय व्हीलचेयर क्रिकेट टीम में हुआ है. वे 26-28 मई तक श्रीलंका के कोलंबो में होने वाली इंटरनेशनल 3T-20 सीरीज में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे. 2016 से राजस्थान के लिए खेल रहे ऑलराउंडर जुबेर ने बचपन में खेल के मैदान में दिव्यांगता के कारण हुए भेदभाव को अपनी ताकत बनाया. उन्होंने घर की छत पर अभ्यास कर यह मुकाम हासिल किया है. अब उनका लक्ष्य श्रीलंका में जीत दर्ज कर भविष्य में भारत को वर्ल्ड कप जिताना है.
ख़बरें फटाफट
Alwar News: कहते हैं कि यदि इरादे मजबूत हों, तो शारीरिक अक्षमता कभी सफलता के आड़े नहीं आती. इस बात को सच कर दिखाया है खैरथल-तिजारा जिले के बखथला गांव (किशनगढ़ बास) निवासी जुबेर खान ने. जुबेर का चयन भारतीय व्हीलचेयर क्रिकेट टीम में हुआ है, जिसके बाद से पूरे क्षेत्र में जश्न का माहौल है. ग्रामीणों और दोस्तों ने साफा बांधकर और मिठाई खिलाकर इस गौरवशाली पल का स्वागत किया. राजस्थान से चयनित कुल चार खिलाड़ियों में से दो खिलाड़ी अकेले अलवर जिले से हैं, जिनमें जुबेर खान एक प्रमुख नाम हैं.
लायन व्हीलचेयर क्रिकेट एसोसिएशन (इंडिया) के आधिकारिक चयन पत्र के अनुसार, जुबेर खान आगामी 26 से 28 मई तक श्रीलंका के कोलंबो में आयोजित होने वाली ‘इंटरनेशनल व्हीलचेयर क्रिकेट 3T-20 सीरीज’ में खेलेंगे. वे टीम में एक ऑलराउंडर की भूमिका निभाते नजर आएंगे. जुबेर और उनकी टीम को 25 मई को चेन्नई एयरपोर्ट पर रिपोर्ट करना है, जहाँ से वे श्रीलंका के लिए रवाना होंगे. उनकी यह उपलब्धि आज के युवाओं के लिए एक बड़ी प्रेरणा बन गई है.
बचपन का संघर्ष और टीवी से जागा जुनूनजुबेर खान की सफलता के पीछे कड़ा संघर्ष छिपा है. लोकल-18 से बातचीत में उन्होंने बताया कि बचपन में जब गांव के बच्चे उन्हें दिव्यांग होने के कारण टीम में नहीं खिलाते थे, तो उन्हें गहरा दुख होता था. लेकिन भारत-पाकिस्तान के मैच देखकर उनके भीतर देश के लिए खेलने का जुनून जागा. उन्होंने किसी मैदान की कमी को आड़े नहीं आने दिया और अपने घर की छत पर नेट लगाकर व्हीलचेयर पर ही क्रिकेट का अभ्यास शुरू किया. धीरे-धीरे उनकी प्रतिभा निखती गई और उन्होंने अलवर जिला टीम से होते हुए राजस्थान की टीम में जगह बनाई.
2016 से राजस्थान टीम का रहे हिस्साजुबेर साल 2016 से राजस्थान व्हीलचेयर क्रिकेट टीम के लिए खेल रहे हैं और कई मैचों में जीत के नायक रहे हैं. उन्होंने बताया कि क्षेत्र में उचित खेल मैदान न होने के कारण उन्हें अभ्यास के लिए काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा. हालांकि, किशनगढ़ बास और खैरथल की अकादमियों और कोचों के सहयोग से वे आज इस मुकाम तक पहुँचे हैं. जुबेर का कहना है कि उनका अगला लक्ष्य श्रीलंका सीरीज जीतकर देश का नाम रोशन करना और भविष्य में व्हीलचेयर क्रिकेट वर्ल्ड कप जीतना है. वे यह भी मानते हैं कि यदि ग्रामीण क्षेत्रों में अच्छे खेल मैदान उपलब्ध हों, तो और भी प्रतिभाशाली खिलाड़ी देश के लिए मेडल ला सकते हैं.
About the Authorvicky Rathore
Vicky Rathore (born July 25, 1994) is a multimedia journalist and digital content specialist currently working with Rajasthan. I have over 8 years of experience in digital media, where I specialize in cr…और पढ़ें
अब ईमेल पर इनसाइड स्टोरीज
खबरों के पीछे की खबर अब आपके इनबॉक्स में
सबमिट करें
Location :
Alwar,Alwar,Rajasthan
First Published :
April 30, 2026, 05:11 IST



