अमृत भारत योजना से चमका स्टेशन, कोटा स्टोन और राजपूती विरासत का दिखेगा संगम

Last Updated:August 26, 2026, 10:13 IST
Rani Railway Station Redevelopment: मारवाड़ के रानी रेलवे स्टेशन का अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत तेजी से कायाकल्प किया जा रहा है. स्टेशन का 80 फीसदी विकास कार्य पूरा हो चुका है. यहां मुख्य प्रवेश द्वार पर महाराणा प्रताप की भव्य प्रतिमा स्थापित की गई है. प्लेटफॉर्म पर 15 हजार वर्ग मीटर में कोटा स्टोन बिछाया गया है और लाइटिंग, डिस्प्ले सिस्टम का काम 100% पूरा हो गया है. अजमेर DRM राजू भूतड़ा ने निरीक्षण कर बचे काम को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए हैं.
धार्मिक और ऐतिहासिक महत्व के कारण अपनी अलग पहचान रखने वाले रानी मारवाड़ रेलवे स्टेशन की तस्वीर अब पूरी तरह बदलने वाली है. केंद्र सरकार की अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत करोड़ों रुपये की लागत से स्टेशन के पुनर्विकास का काम तेजी से चल रहा है. रेल प्रशासन के अनुसार, स्टेशन पर प्रस्तावित विकास कार्यों का 80 फीसदी से अधिक काम अब तक पूरा हो चुका है. काम पूरा होने के बाद यात्रियों को आधुनिक स्टेशन भवन, बेहतर प्लेटफॉर्म और कई आधुनिक सुविधाओं का लाभ मिलने लगेगा.
हाल ही में अजमेर मंडल रेल प्रबंधक (DRM) राजू भूतड़ा ने रानी रेलवे स्टेशन का दौरा किया और यहां चल रहे विकास कार्यों की प्रगति का विस्तृत निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने स्टेशन पर किए जा रहे निर्माण कार्यों की बारीकी से जांच की और अधिकारियों से कार्य की स्थिति की जानकारी ली. DRM ने मौके पर मौजूद रेलवे अधिकारियों और ठेकेदारों को निर्देश दिए कि बाकी बचे सभी कार्यों को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा किया जाए. उन्होंने निर्माण कार्यों में गुणवत्ता मानकों का पूरी तरह पालन करने और यात्रियों की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखने पर भी जोर दिया.
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक मिहिर देव ने बताया कि रानी रेलवे स्टेशन के मुख्य भवन और पोर्च का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है. नई बिल्डिंग को आकर्षक और आधुनिक स्वरूप देने के साथ ही इसके हॉल में स्थानीय कला और संस्कृति पर आधारित मनमोहक पेंटिंग्स तैयार की जा रही हैं. इसके अलावा स्टेशन के प्रथम प्रवेश द्वार पर मेवाड़ के वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की भव्य प्रतिमा स्थापित की गई है. यह प्रतिमा स्टेशन पर आने वाले यात्रियों को राजस्थान के स्वाभिमान और गौरवशाली इतिहास से रूबरू कराने का काम करेगी.
Add as Preferred Source on Google
यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रानी रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या 1 और 2 पर करीब 15 हजार वर्ग मीटर क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण कोटा स्टोन बिछाने का काम पूरा कर लिया गया है. इसके अलावा, स्टेशन के पहले और दूसरे प्रवेश द्वार पर 15,492 वर्ग मीटर का विशाल सर्कुलेटिंग एरिया भी तैयार किया गया है. यात्रियों और वाहनों की व्यवस्थित आवाजाही के साथ पार्किंग की सुविधा के लिए 2 हजार वर्ग मीटर का नया पार्किंग क्षेत्र बनाया गया है. वहीं, धूप और बारिश से यात्रियों को राहत देने के लिए 687 वर्ग मीटर क्षेत्र में शेल्टर का निर्माण भी पूरा हो चुका है.
तकनीकी और सुरक्षा सुविधाओं के लिहाज से रानी रेलवे स्टेशन पर कई महत्वपूर्ण काम लगभग पूरे हो चुके हैं. स्टेशन बिल्डिंग की वायरिंग, प्लेटफॉर्म और सर्कुलेटिंग एरिया की लाइटिंग, पब्लिक अनाउंसमेंट सिस्टम और कोच पोजीशन डिस्प्ले सिस्टम का काम 100 फीसदी पूरा हो चुका है. वहीं एलईडी ग्लो साइन बोर्ड का 90 फीसदी, दिव्यांगजनों के लिए हैंडरेल का 80 फीसदी और फसाड लाइटिंग का 70 फीसदी काम पूरा किया जा चुका है. बुजुर्गों और असहाय यात्रियों की सुविधा के लिए दो लिफ्टों के निर्माण का काम भी 50 फीसदी पूरा हो चुका है. इसके अलावा, वेटिंग हॉल, फुटओवर ब्रिज और शौचालय ब्लॉक से जुड़े बाकी कामों को तेजी से पूरा किया जा रहा है.
न्यूज़18 को गूगल पर अपने पसंदीदा समाचार स्रोत के रूप में जोड़ने के लिए यहां क्लिक करें। राजस्थान की ताजा खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें|First Published :
August 26, 2026, 10:10 IST



