गोविंद सिंह डोटासरा को लेकर बोले मदन राठौड़- ‘वो बिना बॉल के फुटबाल खेलते हैं’

जयपुर. राजस्थान बीजेपी अध्यक्ष मदन राठौड़ ने न्यूज18 इंडिया के डायमंड स्टेट समिट में कांग्रेस और विपक्ष पर जमकर निशाना साधा. प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा को लेकर उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि वह बिना बॉल के फुटबॉल खेलते हैं. राठौड़ ने कहा कि डोटासरा गमछा घुमाते हैं तो उन्हें हंसी आती है. वहीं, पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को लेकर उन्होंने कहा कि वह इस समय बहुत कुंठित हैं और कांग्रेस के राष्ट्रीय नेतृत्व ने उन्हें अलग-थलग कर दिया है.
समिट में मदन राठौड़ ने राहुल गांधी के चैलेंज, जेन जी, सोशल मीडिया, निकाय चुनाव में वोटों का अंतर कम होने और राजस्थान की कानून व्यवस्था जैसे मुद्दों पर भी अपनी बात रखी. उन्होंने कहा कि विपक्ष का काम केवल हंगामा करना रह गया है. अगर कांग्रेस और विपक्ष को किसी मुद्दे पर बहस करनी है तो उन्हें सदन में आकर चर्चा करनी चाहिए.
राहुल गांधी को चुनौती- बहस करनी है तो सदन में आएं
राहुल गांधी की ओर से दिए गए चैलेंज पर मदन राठौड़ ने कहा कि विपक्ष सदन में चर्चा क्यों नहीं करता? वहां अपनी बात कहकर विपक्ष के नेता चले जाते हैं. उनके मुताबिक, विपक्ष में दूसरों की बात सुनने की क्षमता नहीं है. उन्होंने कहा कि अगर बहस करनी है तो सदन में आकर बात करें. राठौड़ ने विपक्ष पर ‘हिट एंड रन’ पॉलिसी अपनाने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि विपक्ष अपनी बात कहकर भाग जाता है और उसका काम केवल हंगामा करना रह गया है. बीजेपी अध्यक्ष ने कहा कि लोकतंत्र में अपनी बात रखने के साथ दूसरे पक्ष को सुनना भी जरूरी है.
जेन जी को संस्कारों से दूर कर रहा विपक्ष: राठौड़जेन जी यानी युवा पीढ़ी को लेकर भी मदन राठौड़ ने विपक्ष पर सवाल उठाए. उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष नई पीढ़ी को संस्कारों से दूर करके बिगाड़ने का काम कर रहा है. मोबाइल और सोशल मीडिया के इस्तेमाल को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया का दुरुपयोग नहीं होना चाहिए. राठौड़ ने बताया कि उन्होंने संसद में भी सोशल मीडिया के दुरुपयोग पर रोक लगाने की बात कही थी. उनका कहना था कि सोशल मीडिया का इस्तेमाल सही तरीके से होना चाहिए, इसका गलत इस्तेमाल नहीं होना चाहिए.
निकाय चुनाव में वोटों का अंतर घटने पर बोले- गलतियां हमसे भी होती हैंनिकाय चुनाव में बीजेपी और कांग्रेस के बीच वोटों का अंतर कम होने के सवाल पर मदन राठौड़ ने माना कि पार्टी से भी गलतियां होती हैं. उन्होंने कहा, ‘कुछ गलतियां हमसे भी होती हैं.’ हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि जनता ने कांग्रेस को अस्वीकार किया है. अशोक गहलोत को लेकर उन्होंने कहा कि गहलोत इस समय बहुत कुंठित हैं. कांग्रेस के राष्ट्रीय नेतृत्व की ओर से उन्हें अलग-थलग कर दिया गया है. राठौड़ ने कहा कि गहलोत को आगे करने की कोशिश कांग्रेस की छटपटाहट दिखाती है.
सत्ता परिवर्तन की परंपरा खत्म, अब बीजेपी ही आएगी: मदन राठौड़राजस्थान में हर पांच साल में सरकार बदलने की परंपरा पर सवाल पूछा गया तो बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि अब वो जमाने चले गए. उन्होंने दावा किया कि अब राजस्थान में बीजेपी ही सत्ता में आएगी. राठौड़ ने कहा कि उनकी पार्टी को जनता का मिजाज पता है और सरकार ने काम किया है. उन्होंने कहा कि राजस्थान में कानून व्यवस्था पहले से मजबूत हुई है. उनका दावा था कि एक भी अपराधी को भागने नहीं दिया गया. इसके साथ ही उन्होंने कहा कि प्रदेश का इन्फ्रास्ट्रक्चर भी मजबूत किया गया है.
नीट पेपर लीक पर बोले- पेपर केरल में लीक हुआ थानीट पेपर लीक के तार राजस्थान से जुड़ने के सवाल पर मदन राठौड़ ने कहा कि पेपर केरल में लीक हुआ था. उन्होंने इस मुद्दे पर राजस्थान को लेकर उठ रहे सवालों के जवाब में केरल का जिक्र किया.
सीएम भजनलाल के साथ तालमेल में कोई कमी नहींमुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के साथ तालमेल को लेकर मदन राठौड़ ने कहा कि वह बीजेपी के अनुशासित सिपाही हैं और लंबे समय तक संगठन में काम कर चुके हैं. वह चार बार जिलाध्यक्ष रहे हैं. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा भी संगठन में काम कर चुके हैं. दोनों के बीच तालमेल में कोई कमी नहीं है. राठौड़ ने कहा कि वह संगठन के साथ लंबे समय से जुड़े रहे हैं और पार्टी में अनुशासन के साथ काम करते हैं. गोविंद सिंह डोटासरा पर टिप्पणी करते हुए उन्होंने कहा कि वह उनके लिए सद्बुद्धि की कामना करेंगे. इसके बाद उन्होंने तंज कसते हुए कहा, ‘वो बिना बॉल के फुटबॉल खेलते हैं.



