शाइ होप को मिलेगा भारत में शानदार प्रदर्शन का ईनाम, आईसीसी ने किया शॉर्ट-लिस्ट, मार्को यानसन से मिलेगी कड़ी टक्कर

नई दिल्ली. अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने अक्टूबर महीने के प्लेयर ऑफ द मंथ पुरस्कार के लिए पुरुष और महिला वर्ग के उम्मीदवारों के नामों का ऐलान कर दिया है. पुरुष वर्ग में दक्षिण अफ्रीका के मार्को यानसन, पाकिस्तान के अराफात मिन्हास और वेस्टइंडीज के कप्तान शाई होप को शॉर्टलिस्ट किया गया है. वहीं, महिला वर्ग में भारत की स्टार ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा, बांग्लादेश की सोभना मोस्तरी और ऑस्ट्रेलिया की एनाबेल सदरलैंड पुरस्कार की दौड़ में शामिल हैं.
मार्को यानसन ने इस दौरान ICC पुरुष टेस्ट गेंदबाजों और ऑलराउंडर्स की रैंकिंग में शीर्ष स्थान हासिल किया. वहीं, अराफात मिन्हास को पाकिस्तान में खेली गई ट्राई सीरीज में प्लेयर ऑफ द सीरीज चुना गया. दूसरी ओर, शाई होप ने सीमित ओवरों के क्रिकेट में अपने शानदार प्रदर्शन के दम पर इस सूची में जगह बनाई.
1. मार्को यानसन (दक्षिण अफ्रीका)
26 वर्षीय मार्को यानसन ने अक्टूबर महीने में अपने बल्ले और गेंद दोनों से शानदार प्रदर्शन किया. उन्होंने इस दौरान 198 रन बनाने के साथ बाएं हाथ की तेज गेंदबाजी से 13 विकेट हासिल किए. ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दूसरे टेस्ट में उनकी 85 रन की अहम पारी और गेंदबाजी में 5/33 तथा 1/34 के प्रदर्शन ने उन्हें ICC टेस्ट गेंदबाजों और ऑलराउंडर्स की रैंकिंग में नंबर-1 बनाने में अहम भूमिका निभाई. यानसन 2024 में कगिसो रबाडा के बाद टेस्ट गेंदबाजों की रैंकिंग में शीर्ष स्थान हासिल करने वाले दक्षिण अफ्रीका के पहले गेंदबाज बने. वहीं, अगस्त 2014 में वर्नोन फिलेंडर के बाद टेस्ट ऑलराउंडर्स की रैंकिंग में नंबर-1 बनने वाले अपने देश के पहले खिलाड़ी भी बने.
2. अराफात मिन्हास (पाकिस्तान)
21 वर्षीय बाएं हाथ के स्पिन गेंदबाजी ऑलराउंडर अराफात मिन्हास ने श्रीलंका और इंग्लैंड की मौजूदगी वाली ट्राई सीरीज में शानदार प्रदर्शन किया. पाकिस्तान ने यह सीरीज अपने नाम की और अराफात को प्लेयर ऑफ द सीरीज चुना गया. उन्होंने 119.20 के स्ट्राइक रेट से कुल 149 रन बनाए और 5.13 की इकॉनमी से नौ विकेट हासिल किए. इंग्लैंड के खिलाफ एक मुकाबले में उन्होंने 59 रन बनाने के साथ 40 रन देकर छह विकेट झटके. वहीं, लाहौर में श्रीलंका के खिलाफ फाइनल मुकाबले में 31 गेंदों पर 61 रन की तूफानी पारी खेली.
3. शाई होप (वेस्टइंडीज)
वेस्टइंडीज के अनुभवी विकेटकीपर बल्लेबाज शाई होप अक्टूबर में शानदार फॉर्म में नजर आए. उन्होंने इस दौरान तीन नाबाद शतक लगाए. भारत के खिलाफ न्यू चंडीगढ़ में खेले गए आखिरी वनडे में उन्होंने 162 रन की नाबाद और मैच जिताऊ पारी खेली. इसके बाद भारत के खिलाफ पांच मैचों की टी20 सीरीज में भी उनका बल्ला जमकर बोला. होप ने 190.51 के स्ट्राइक रेट से कुल 261 रन बनाए. इस दौरान उन्होंने रांची में दूसरे टी20 और हैदराबाद में चौथे टी20 में लगातार दो नाबाद 102 रन की पारियां खेलीं.
1. दीप्ति शर्मा (भारत)
भारतीय ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा ने जिम्बाब्वे के खिलाफ घरेलू ICC महिला चैंपियनशिप वनडे सीरीज में शानदार प्रदर्शन किया. उन्हें बल्लेबाजी का सिर्फ एक मौका मिला, जिसमें उन्होंने 106 रन की नाबाद पारी खेली. गेंदबाजी में भी उन्होंने पांच विकेट हासिल किए और उनकी इकॉनमी 3.42 रही. भारतीय टीम ने यह सीरीज 3-0 से अपने नाम की. इससे पहले खेली गई तीन मैचों की टी20 सीरीज में भी दीप्ति को बल्लेबाजी का केवल एक मौका मिला. उन्होंने 37 गेंदों पर 49 रन बनाए. इसके अलावा ऑफ स्पिन गेंदबाजी से दो विकेट भी हासिल किए.
2. सोभना मोस्तरी (बांग्लादेश)
बांग्लादेश की बल्लेबाज सोभना मोस्तरी ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे सीरीज में शानदार प्रदर्शन किया. ब्रिस्बेन में खेली गई ICC महिला चैंपियनशिप सीरीज के दूसरे मुकाबले में उन्होंने 134 गेंदों पर 118 रन की शानदार पारी खेली. यह ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ किसी बांग्लादेशी महिला बल्लेबाज का सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर है. सोभना ने पूरी सीरीज में 73.71 के स्ट्राइक रेट से कुल 129 रन बनाए.
3. एनाबेल सदरलैंड (ऑस्ट्रेलिया)
ऑस्ट्रेलिया की एनाबेल सदरलैंड ने बल्ले और गेंद दोनों से अपनी उपयोगिता साबित की. उनकी शानदार भूमिका की बदौलत ऑस्ट्रेलिया ने बांग्लादेश के खिलाफ वनडे सीरीज में 3-0 से क्लीन स्वीप किया. सदरलैंड ने वनडे सीरीज में 132 के स्ट्राइक रेट से 99 रन बनाए और 4.12 की इकॉनमी से छह विकेट हासिल किए. पहले वनडे में उन्होंने 30 रन देकर चार विकेट झटके, जबकि तीसरे मुकाबले में 74 रन की नाबाद पारी खेली. न्यूजीलैंड के खिलाफ तीन टी20 मैचों में उन्होंने 19 रन बनाने के साथ एक विकेट भी हासिल किया.



