जिम्मेदारी लेनी होगी! वेस्टइंडीज के खिलाफ हार पर भड़के सुनील गावस्कर, बल्लेबाजों की लगाई क्लास

होमखेलक्रिकेट
जिम्मेदारी लेनी होगी! वेस्टइंडीज के खिलाफ हार पर भड़के सुनील गावस्कर
Last Updated:October 15, 2026, 14:00 IST
भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान सुनील गावस्कर ने वेस्टइंडीज के खिलाफ चौथे टी20 में मिली हार के बाद कहा कि बल्लेबाजों को इसकी जिम्मेदारी लेनी होगी. वेस्टइंडीज ने चौथे टी20 में 24 रन से जीत हासिल कर सीरीज में 2-2 की बराबरी कर ली है. सीरीज का आखिरी मैच में बेंगलुरु में खेला जाएगा जो निर्णायक हो गया है.ईशान किशन, श्रेयस अय्यर और सुनील गावस्कर
नई दिल्ली: वेस्टइंडीज के खिलाफ हैदराबाद टी20 में मिली हार के बाद टीम के पूर्व कप्तान सुनील गावस्कर ने बल्लेबाजों को नसीहत दी है. गावस्कर का मानना है कि हैदराबाद में खेले गए चौथे टी20 में वेस्टइंडीज से मिली हार के बाद भारतीय टीम को लक्ष्य का पीछा करने के अपने तरीके में सुधार करना होगा और बल्लेबाजों को अधिक जिम्मेदारी लेनी होगी. भारत बुधवार को खेले गए मैच में संजू सैमसन के तेज अर्धशतक के बावजूद 248 रन के लक्ष्य तक नहीं पहुंच पाया.
गावस्कर ने जियोस्टार से कहा, ‘‘भारतीय टीम को सबसे पहले लक्ष्य का पीछा करने के अपने तरीके में सुधार करना होगा. भारतीय बल्लेबाजों को अधिक जिम्मेदारी लेनी होगी. अगर बल्लेबाज जिम्मेदारी नहीं निभाएंगे तो भारतीय टीम को सफलता नहीं मिलेगी.’’ उन्होंने कहा, ‘‘भारतीय बल्लेबाजों को इस तरह से दबदबा बनाना होगा जैसा कि लगातार दो टी20 विश्व कप जीतने वाली टीम को करना चाहिए लेकिन इस मैच में इसकी जरा सी भी झलक देखने को नहीं मिली.’’
अच्छी शुरुआत का फायदा नहीं उठा पाई भारतीय टीम-गावस्कर
गावस्कर ने कहा कि श्रेयस अय्यर की अगुवाई वाली टीम को सैमसन (56) से मिली शानदार शुरुआत का फायदा उठाना चाहिए था. उन्होंने कहा, ‘‘संजू ने भारत को शानदार शुरुआत दी, लेकिन बाकी बल्लेबाज इसका बिल्कुल भी फायदा नहीं उठा पाए. अभिषेक शर्मा ने खराब पारी खेली. उनके स्तर के हिसाब से यह स्वीकार्य नहीं है. ईशान किशन भी कीमो पॉल के जाल में पूरी तरह फंस गए. श्रेयस अय्यर शतक बनाने के बाद लय बरकरार नहीं रख पाए हैं.’’
वेस्टइंडीज ने तीन विकेट पर 247 रन बनाए लेकिन गावस्कर ने इसके लिए भारतीय गेंदबाजों को दोषी ठहराने से परहेज किया. उन्होंने कहा, ‘‘मैं जानता हूं कि गेंदबाजी खराब रही है, लेकिन ये गेंदबाज अनुभवी नहीं हैं. वे अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में नए हैं और उन्हें इसी तरह से सीख मिलेगी.’’ वेस्टइंडीज के कप्तान शाई होप ने श्रृंखला का अपना दूसरा शतक लगाकर जीत की नींव रखी.
चेतेश्वर पुजारा ने शाई होप को सराहा
भारत के पूर्व बल्लेबाज चेतेश्वर पुजारा ने कहा कि होप ने अपनी बल्लेबाजी में सही संतुलन हासिल कर लिया है. पुजारा ने कहा, ‘‘सीमित ओवरों की इस श्रृंखला में होप भारत के लिए बड़ा सरदर्द रहे हैं. उनकी विशेषता यह है कि वह अपने स्वाभाविक खेल पर भरोसा करते हैं और मौके का फायदा उठाते हैं. यही कारण है कि वे ज्यादा जोखिम उठाए बिना इतनी तेजी से रन बनाते हैं.’’
About the AuthorJitendra Kumar
जितेंद्र कुमार डिजिटल पत्रकारिता की दुनिया में बीते 10 सालों से सक्रिय हैं. वर्तमान में वह नेटवर्क 18 समूह के साथ बतौर चीफ सब एडिटर जुड़े हैं और हिंदी स्पोर्ट्स सेक्शन में अपनी…
और पढ़ेंLocation :
New Delhi,New Delhi,Delhi
First Published :
October 15, 2026, 14:00 IST



