दीपावली पर पशुपालकों की होगी चांदी: भीलवाड़ा डेयरी बांटेगी 12 करोड़ रुपए का बोनस, दूध पर मिल रहे 5 रुपए प्रति लीटर

Last Updated:November 04, 2026, 07:59 IST
दीपावली पर भीलवाड़ा दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ 55 हजार पशुपालकों को करीब 12 करोड़ रुपए का बोनस बांटेगा. यह बोनस 50 पैसे प्रति लीटर की दर से सीधे बैंक खातों में ट्रांसफर होगा. भीलवाड़ा डेयरी से रोजाना 4.30 से 4.50 लाख लीटर दूध एकत्र होता है, जो जयपुर के बाद राज्य में दूसरे स्थान पर है. प्रबंध संचालक त्रिभुवन पाटीदार ने बताया कि सरकार से 5 रु/लीटर अनुदान और 9.30 रु/फैट के हिसाब से भुगतान मिल रहा है. दीपावली पर डेयरी 40 टन मिठाइयां भी बेचेगी.
ख़बरें फटाफट
भीलवाड़ा: दीपावली का त्योहार भीलवाड़ा जिले के पशुपालकों के लिए इस बार खुशियों की बड़ी सौगात लेकर आ रहा है. भीलवाड़ा दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ ने दीपावली से पहले अपने पशुपालकों को करीब 12 करोड़ रुपए का बोनस देने का फैसला किया है. इससे भीलवाड़ा जिले के करीब 55 हजार पशुपालकों को सीधा फायदा मिलेगा. बोनस की यह राशि पशुपालकों के बैंक खातों में ऑनलाइन ट्रांसफर की जाएगी. डेयरी की इस खास पहल से उन पशुपालकों को बड़ी आर्थिक मदद मिलेगी, जो सालभर अपना दूध डेयरी को बेचते हैं.
भीलवाड़ा डेयरी की ओर से पूरे साल दुग्ध संग्रहण केंद्रों पर दिए गए दूध के हिसाब से 50 पैसे प्रति लीटर की दर से बोनस दिया जाएगा. यानी जिस पशुपालक ने सालभर में जितना दूध डेयरी को सप्लाई किया है, उसी हिसाब से उसके खाते में बोनस की राशि भेजी जाएगी. भीलवाड़ा डेयरी से करीब 55 हजार पशुपालक जुड़े हुए हैं और इनसे रोजाना 4.30 लाख से 4.50 लाख लीटर तक दूध एकत्र किया जा रहा है. दूध संग्रहण के मामले में भीलवाड़ा डेयरी पूरे राजस्थान में जयपुर के बाद दूसरे स्थान पर है.
राज्य सरकार से मिल रहा 5 रुपए प्रति लीटर का अनुदानभीलवाड़ा दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ के प्रबंध संचालक त्रिभुवन पाटीदार ने बताया कि पशुपालकों के लिए अच्छी बात यह है कि उन्हें बोनस के अलावा राज्य सरकार की ओर से भी दूध खरीद पर 5 रुपए प्रति लीटर का अनुदान दिया जा रहा है. यह राशि दूध की खरीद के आधार पर दी जा रही है. प्रबंध संचालक त्रिभुवन पाटीदार के अनुसार, सरकार की ओर से प्रतिदिन करीब 20 लाख रुपए का अनुदान दिया जा रहा है. वहीं, भीलवाड़ा डेयरी पशुपालकों से दूध की खरीद 9.30 रुपए प्रति फैट के हिसाब से कर रही है, जिससे पशुपालकों को दूध की गुणवत्ता और फैट के आधार पर बेहतरीन कीमत मिल रही है. सरकार का यह अनुदान और दीपावली बोनस मिलकर पशुपालकों की आमदनी बढ़ाने में मददगार साबित होंगे.
शुद्ध मिठाइयों की बिक्री और डेयरी का बड़ा लक्ष्यदीपावली के अवसर पर भीलवाड़ा डेयरी को 40 टन शुद्ध मिठाइयां बेचने का लक्ष्य मिला है, जिसमें मावे का पेड़ा, काजू कतली, रसगुल्ला, गुलाब जामुन और सोन पापड़ी शामिल हैं. मिठाइयों की बिक्री के लिए शहर में 50 और ग्रामीण क्षेत्रों में 50 विशेष काउंटर लगाए जाएंगे. इस तरह दीपावली पर पशुपालकों को 12 करोड़ रुपए के बोनस के साथ सरकार की अनुदान योजना का लाभ भी मिलेगा. डेयरी की निरंतर कोशिश है कि पशुपालकों को दूध का अच्छा दाम मिले और उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत हो सके.
About the Authorvicky Rathore
Vicky Rathore (born July 25, 1994) is a multimedia journalist and digital content specialist currently working with Rajasthan. I have over 8 years of experience in digital media, where I specialize in cr…
और पढ़ेंLocation :
Bhilwara,Bhilwara,Rajasthan
First Published :
November 04, 2026, 07:59 IST



