देश के सबसे तेज बाएं हाथ के पेसर ने ठोका दावा, अर्शदीप के लिए बन सकते हैं चुनौती, टी-20 में मचा रखा है तहलका

होमखेलक्रिकेट
सबसे तेज बाएं हाथ के पेसर ने ठोका दावा, अर्शदीप के लिए बन सकते हैं चुनौती
Last Updated:August 26, 2026, 13:58 IST
fastest left arm pacer: 20 साल के युवा गेंदबाज नमन तिवारी ने जिस तरह से टी20 क्रिकेट के मैदान पर अपनी उंगलियों के जादू से विरोधी टीम को ताश के पत्तों की तरह बिखेर दिए, उससे तो समझ जाना चाहिए कि भारतीय क्रिकेट का भविष्य सुरक्षित हाथों में है. यह UPT20 लीग के इतिहास का अब तक का सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी आंकड़ा है. अंडर-19 वर्ल्ड कप 2024 में भारत के सबसे सफल तेज गेंदबाज रहे नमन तिवारी का यह प्रदर्शन इस बात की गवाही है कि देश को बाएं हाथ का एक बेहद खतरनाक स्विंग और पेस सनसनी मिल चुका है.यूपी टी-20 लीग में बाएं हाथ के तेज गेंदबाज नमन तिवारी ने मचा रखा है तहलका
नई दिल्ली. करसन घावरी, जहीर खान आशीष नेहरा के बाद एक लंबा गैप आया फिर दौर आया जिसमें खलील अहमद, टी नटराजन, अर्शदीप सिंह जैसे गेंदबाज आए जिनमें से सिर्फ पंजाब का गेंदबाज ही अपनी जगह टीम इंडिया में बना पाया. पिछले दो सीजन से एक और बाएं हाथ का तेज गेंदबाज भारतीय क्रिकेट में अपनी छाप लगातार छोड़ रहा है जिसका नाम है नमन तिवारी . उत्तर प्रदेश टी20 (UPT20) लीग में नोएडा किंग्स की पीली जर्सी पहने नमन तिवारी ने जब गोरखपुर लायंस के खिलाफ 3.5 ओवरों में महज 13 रन देकर 6 विकेट (6/13) झटके, तो उन्होंने सिर्फ अपनी टीम को जीत नहीं दिलाई, बल्कि राष्ट्रीय चयनकर्ताओं के दरवाजे पर भी जोरदार दस्तक दे दी.
20 साल के युवा गेंदबाज नमन तिवारी ने जिस तरह से टी20 क्रिकेट के मैदान पर अपनी उंगलियों के जादू से विरोधी टीम को ताश के पत्तों की तरह बिखेर दिए, उससे तो समझ जाना चाहिए कि भारतीय क्रिकेट का भविष्य सुरक्षित हाथों में है. यह UPT20 लीग के इतिहास का अब तक का सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी आंकड़ा है. अंडर-19 वर्ल्ड कप 2024 में भारत के सबसे सफल तेज गेंदबाज रहे नमन तिवारी का यह प्रदर्शन इस बात की गवाही है कि देश को बाएं हाथ का एक बेहद खतरनाक स्विंग और पेस सनसनी मिल चुका है.
अर्शदीप सिंह के लिए चुनौती
भारतीय सीनियर टीम में इस समय बाएं हाथ के तेज गेंदबाज के रूप में मुख्य स्तंभ बने हुए हैं लेकिन नमन तिवारी के पास कुछ ऐसे विशेष गुण हैं जो उन्हें अर्शदीप के लिए एक स्वस्थ और कड़ी चुनौती के रूप में पेश करते हैं. जहाँ अर्शदीप मुख्य रूप से अपनी लाइन-लेंथ और स्विंग पर निर्भर रहते हैं, वहीं नमन तिवारी के पास प्राकृतिक गति है. वह लगातार 140 किमी/घंटा से ऊपर की रफ्तार से गेंदबाजी करते हैं और UPT20 लीग में उन्होंने 146 किमी/घंटा की गति को भी छुआ है. जसप्रीत बुमराह और ट्रेंट बोल्ट जैसे दिग्गजों से नेशनल क्रिकेट एकेडमी और आईपीएल नेट्स में मिले टिप्स के कारण नमन की यॉर्कर बेहद सटीक हो चुकी है. वह नई गेंद को दोनों तरफ स्विंग कराने की क्षमता रखते हैं. अंडर-19 वर्ल्ड कप में आयरलैंड और अमेरिका के खिलाफ लगातार 4 विकेट लेने का कारनामा और अब घरेलू टी20 लीग में इतिहास रचना यह दिखाता है कि बड़े मंच पर यह खिलाड़ी घबराता नहीं है.
क्या नमन तिवारी देश के सबसे तेज बाएं हाथ के पेसर हैं?
इसमें कोई शक नहीं कि नमन तिवारी बाएं हाथ के सबसे तेज गेंदबाज बनने की राह पर जरूर हैं, नमन तिवारी खुद यह स्वीकार करते हैं कि पहले वह 135-140 किमी/घंटा के बीच गेंदबाजी करते थे, लेकिन हालिया समय में उनकी गति में सुधार हुआ है और वह 145–146 किमी/घंटा तक पहुंचे हैं. हालांकि, भारत के घरेलू सर्किट में कुछ अन्य खिलाड़ी या सीनियर गेंदबाज गति के मामले में उनसे आगे रहे हैं लेकिन नमन तिवारी का मुख्य लक्ष्य दुनिया की सबसे तेज गेंद फेंकना और भारत का सबसे तेज गेंदबाज बनना है, जिस पर वह अपनी फिटनेस के साथ काम कर रहे हैं.
नमन तिवारी का सफर और आईपीएल 2026 का बड़ा मंच
नमन तिवारी की इस प्रतिभा को पहचानते हुए आईपीएल फ्रेंचाइजी LSG ने आईपीएल नीलामी में उन्हें 1 करोड़ रुपये की बड़ी कीमत पर अपनी टीम में शामिल किया था. एलएसजी के खेमे में रहते हुए उन्हें पूर्व भारतीय दिग्गज जहीर खान के मार्गदर्शन में अपनी कला को और निखारने का मौका मिला. मोहम्मद शमी, अवेश खान और मयंक यादव जैसे एक्सप्रेस गेंदबाजों के साथ अभ्यास करके उनके खेल और मानसिक दृष्टिकोण में जबरदस्त परिपक्वता आई है.उत्तर प्रदेश के देवरिया से आने वाले इस युवा खिलाड़ी ने यह साबित कर दिया है कि यदि आपके पास हुनर और कड़ी मेहनत का जज्बा है, तो मौके खुद-ब-खुद आपके पास चलकर आते हैं. अर्शदीप सिंह के साथ उनकी तुलना अभी शुरुआती दौर में हो सकती है, लेकिन जिस तरह से नमन हर मैच के साथ खुद को अपग्रेड कर रहे हैं, वह दिन दूर नहीं जब वह टीम इंडिया की मुख्य जर्सी में बल्लेबाजों के स्टंप्स उखाड़ते नजर आएंगे.
About the AuthorRajeev MishraAssociate editor
राजीव मिश्रा, खेल पत्रकारिता में एक जाना पहचाना चेहरा है जो अपनी बेबाक विशलेषण के लिए जाने जाते है. वर्तमान में नेटवर्क 18 में एसोसिएट स्पोर्ट्स एडिटर के रूप में कार्यरत हूँ. इस भूमिका में मैं डिजिटल स्पोर्ट्स …
और पढ़ेंLocation :
New Delhi,Delhi
First Published :
August 26, 2026, 13:58 IST



