प्यार और टूटे दिल की कहानी है ‘तुम मेरे हो’, गुरमीत चौधरी की फिल्म का ट्रेलर OUT, ईशा मालवीय संग छाई केमिस्ट्री

नई दिल्ली. टीवी के पॉपुलर एक्टर गुरमीत चौधरी अपनी नई फिल्म ‘तुम मेरे हो’ लेकर आ रहे हैं. शुक्रवार को मूवी का ट्रेलर जारी कर दिया गया है. एक्शन और रोमांस से सजी इस फिल्म में गुरमीत एक बेहद अनूठे अवतार में दिखाई दे रहे हैं. वहीं, छोटे पर्दे से घर-घर में अपनी पहचान बनाने वाली ईशा मालवीय इस फिल्म के साथ हिंदी सिनेमा में डेब्यू कर रही हैं. ट्रेलर में दोनों की केमिस्ट्री के साथ-साथ प्यार, धोखे और टूटते रिश्तों के कई भावनात्मक मोड़ दिख रहे हैं.
ट्रेलर में शानदार लोकेशन, बड़े स्तर पर फिल्माए गए सीन्स और कहानी की दिलचस्प झलक देखने को मिलती है. गुरमीत अपने किरदार के रोमांटिक हिस्सों में सादगी के साथ फीलिंग्स जाहिर करते नजर आते हैं, वहीं एक्शन सीन्स में उनका दमदार अंदाज भी दिखाई दिया. वहीं, ईशा मालवीय के लिए भी यह फिल्म एक नई शुरुआत है.
टीवी एक्ट्रेस ईशा मालवीय का बॉलीवुड डेब्यू
बॉलीवुड डेब्यू को लेकर ईशा मालवीय ने कहा, ‘तुम मेरे हो का हिस्सा बनना मेरे लिए बेहद खास अनुभव रहा है. इस कहानी में बहुत सारी भावनाएं, प्यार और गहराई है. मैं आभारी हूं कि मुझे अपनी पहली फिल्म के लिए ऐसा मौका मिला. गुरमीत के साथ काम करना शानदार अनुभव रहा. मुझे उम्मीद है कि दर्शक हमारे किरदारों और उनकी कहानी से उसी तरह जुड़ेंगे, जिस तरह हम फिल्म बनाते समय उनसे जुड़े थे.’
गुरमीत चौधरी के प्रोडक्शन में बनी पहली फिल्म
गुरमीत चौधरी ने अपने होम प्रोडक्शन ‘देब गुरु फिल्म्स’ के तहत रेवा क्रिएटिव हाउस के साथ मिलकर इस फिल्म का निर्माण किया है. उन्होंने कहा, ‘तुम मेरे हो फिल्म मेरे लिए बेहद खास है, क्योंकि यह निर्माता के तौर पर मेरी पहली फिल्म है. इसके जरिए मुझे ऐसी कहानी कहने का मौका मिला, जिस पर मैं सच में विश्वास करता हूं. एक एक्टर के रूप में मैं रोमांस, इमोशन्स और एक्शन के अलग-अलग रंगों वाले किरदार को निभाना चाहता था. वहीं, निर्माता के तौर पर मेरी कोशिश ऐसी दुनिया बनाने की थी, जिससे दर्शकों से भी जुड़ाव महसूस हो. मैं इस बात को लेकर उत्साहित हूं कि दर्शक अब ट्रेलर देख सकेंगे और हमारी बनाई दुनिया का अनुभव कर पाएंगे.’
इस दिन रिलीज होगी फिल्म ‘तुम मेरे हो’
फिल्म की कहानी को और प्रभावी बनाने के लिए इसके संगीत पर भी खास ध्यान दिया गया है. एल्बम में मिथुन, विशाल मिश्रा, संजू राठौड़, असीस कौर, मधुर शर्मा, रश्मि विराग मिश्रा, अजीम शिराजी, गीत सागर, मोहम्मद फैज, जावेद अली, अर्जुना हरजाई, विवेक वर्मा, कृष और उद्दीपन शर्मा समेत कई कलाकारों ने योगदान दिया है. आरती एस और देबीना बनर्जी निर्मित इस फिल्म के सह-निर्माता रोमांच मेहता और अमन रियास्ती हैं. आशीष पांडा के निर्देशन में बनी ‘तुम मेरे हो’ 23 अक्टूबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है.



