बगल की सीट पर सो रहे थे SRK, हिना खान ने मुलाकात का बताया किस्सा, कहा- फोटो के लिए उनके उठने का करती रही इंतजार

Last Updated:August 24, 2026, 06:53 IST
टीवी एक्ट्रेस हिना खान ने सुपरस्टार शाहरुख खान के साथ अपनी पहली मुलाकात का एक खास किस्सा शेयर किया है. एक्ट्रेस ने बताया कि जब वह इंडस्ट्री में नई-नई आई थीं, तब फ्लाइट में शाहरुख उनके बगल वाली सीट पर सो रहे थे. वह उनके साथ फोटो खिंचवाने के लिए काफी बेताब थीं, लेकिन उन्होंने शाहरुख की नींद खराब नहीं की. थके होने के बावजूद शाहरुख ने जिस तरह उठकर खुद हिना को बुलाया और फोटो क्लिक कराई, उसने उनका दिल जीत लिया.
ख़बरें फटाफट
शाहरुख खान से फ्लाइट में हुई थी हिना खान की पहली मुलाकात.
नई दिल्ली. बॉलीवुड सुपरस्टार शाहरुख खान से पहली मुलाकात का अनुभव हमेशा हर किसी के लिए बेहद खास होता है. इंडस्ट्री के कई सितारे अक्सर उनके साथ अपनी पहली मुलाकात के किस्से शेयर करते नजर आते हैं. हाल ही में टीवी एक्ट्रेस हिना खान ने भी शाहरुख से अपनी पहली मुलाकात को याद किया. उन्होंने बताया कि थके होने के बावजूद शाहरुख जिस गर्मजोशी, सादगी और शालीनता के साथ उनसे मिले, उसने उनका दिल जीत लिया. यहां तक कि शाहरुख ने हिना के साथ फोटो भी क्लिक करवाई थी.
रॉकी जायसवाल, रुबीना दिलैक और अभिनव शुक्ला के पॉडकास्ट में बात करते हुए हिना खान ने शाहरुख खान से जुड़ी अपनी पहली याद शेयर की. हिना ने बताया कि जब उनका सीरियल ‘ये रिश्ता क्या कहलाता है’ शुरू हुए महज डेढ़ साल ही हुआ था, तब वह फ्लाइट में शाहरुख से मिली थीं. एक्ट्रेस ने कहा, ‘शाहरुख बिल्कुल मेरे बगल वाली सीट पर बैठे सो रहे थे. मुझे यकीन ही नहीं हो रहा था. मैं उनके साथ फोटो खिंचवाने के लिए काफी बैचेन थी, लेकिन वह गहरी नींद में थे. थोड़ी देर बाद जब वह कॉफी पीने के लिए उठे, तो मैंने हाथ हिलाकर उनसे फोटो की गुजारिश की.’
शाहरुख खान संग पहली मुलाकात का बताया किस्सा
हिना खान ने आगे बताया, ‘शाहरुख ने कहा कि थोड़ा रुको, मैं देता हूं फोटो. कॉफी पीने के बाद वह फिर सो गए. मुझे लगा कि मौका हाथ से निकल गया, लेकिन फ्लाइट लैंड होते ही वह उठे, उन्होंने मुझे खुद बुलाया और फोटो क्लिक कराई. बाद में बस में भी वह सबसे पीछे वाली सीट पर जाकर सो गए. उस दौरान वह अपनी किसी फिल्म के प्रमोशन में काफी बिजी थे और कई दिनों से सोए नहीं थे.’
इस एक्शन थ्रिलर फिल्म में नजर आएंगे शाहरुख खान
वर्कफ्रंट की बात करें तो शाहरुख खान जल्द ही सिद्धार्थ आनंद के निर्देशन में बन रही एक्शन-थ्रिलर फिल्म ‘किंग’ में नजर आएंगे. इस फिल्म में उनकी बेटी सुहाना खान भी उनके साथ स्क्रीन शेयर करेंगी. ‘किंग’ इस साल 2026 की मोस्ट अवेटेड फिल्मों में से एक है. इस फिल्म में शाहरुख खान खतरनाक एक्शन करते हुए नजर आएंगे, जिसकी झलक टीजर में देखने को मिल चुकी है. खबर है कि दीपिका पादुकोण भी फिल्म का हिस्सा हैं. यह मूवी इसी साल क्रिसमस के मौके पर सिनेमाघरों में दस्तक देगी.
About the AuthorKamta PrasadSenior Sub Editor
कामता प्रसाद (KP) एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिनके पास मीडिया इंडस्ट्री में काम करने का 11 सालों का लंबा अनुभव है. वर्तमान में वह न्यूज18 हिंदी में बतौर सीनियर सब एडिटर अपनी सेवाएं दे रहे हैं. कामता को एंटरटेनमेंट …
August 24, 2026, 06:53 IST



