राजस्थान में छात्रवृत्ति चाहिए तो तुरंत कराएं ये काम, वरना अटक जाएगा पैसा, जानें डेडलाइन

Last Updated:September 06, 2026, 09:45 IST
Rajasthan Scholarship Scheme Rules: राजस्थान के छात्रों के लिए छात्रवृत्ति को लेकर जरूरी अपडेट सामने आया है. अब छात्रवृत्ति राशि पाने के लिए विद्यार्थियों को बायोमेट्रिक उपस्थिति दर्ज कराना अनिवार्य होगा. जयपुर ग्रामीण में ही सत्र 2025-26 के 13,500 से अधिक छात्रवृत्ति आवेदन अभी शिक्षण संस्थानों के स्तर पर लंबित हैं. विभाग के अनुसार इनमें एससी, एसटी, ओबीसी और ईबीसी वर्ग के विद्यार्थियों के आवेदन शामिल हैं. सत्र 2024-25 के लंबित आवेदनों के लिए बायोमेट्रिक की अंतिम तारीख 15 सितंबर 2026, जबकि सत्र 2025-26 के लिए 15 अक्टूबर 2026 रखी गई है. निर्धारित तारीख के बाद बायोमेट्रिक के कारण लंबित आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे. विद्यार्थियों को संबंधित शिक्षण संस्थान से संपर्क कर समय पर प्रक्रिया पूरी करने की सलाह दी गई है.
राजस्थान में अब छात्रवृत्ति योजना का लाभ लेने के लिए स्टूडेंट्स को अब बायोमेट्रिक उपस्थिति दर्ज करनी होगी. यह अनिवार्य किया गया है. सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग ने शैक्षणिक सत्र 2024-25 और 2025-26 के लंबित आवेदनों के लिए अलग-अलग अंतिम तिथियां निर्धारित की हैं. विभाग ने स्टूडेंट्स और शिक्षण संस्थानों से समय रहते बायोमेट्रिक प्रक्रिया पूरी कराने को कहा है. बायोमेट्रिक उपस्थिति के बाद ही स्टूडेंट्स के खाते में छात्रवृत्ति राशि डाली जाएगी.
सत्र 2024-25 के स्टूडेंट्स के लिए छात्रवृत्ति पोर्टल पर बायोमेट्रिक उपस्थिति दर्ज कराने की अंतिम तिथि 15 सितंबर 2026 निर्धारित की गई है. वहीं सत्र 2025-26 के स्टूडेंट्स को 15 अक्टूबर 2026 तक यह प्रक्रिया पूरी करनी होगी. विभाग ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समय सीमा के बाद बायोमेट्रिक के कारण लंबित रहने वाले आवेदनों पर विचार नहीं किया जाएगा.
सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग जयपुर ग्रामीण के उपनिदेशक गौरव शर्मा ने बताया कि जिन स्टूडेंट्स के छात्रवृत्ति आवेदन बायोमेट्रिक प्रक्रिया पूरी नहीं होने के कारण शिक्षण संस्थान स्तर पर लंबित हैं, उन्हें अंतिम तिथि से पहले अपनी उपस्थिति दर्ज करानी होगी. स्टूडेंट को संबंधित शिक्षण संस्थान से संपर्क कर प्रक्रिया पूरी करनी होगी.
Add as Preferred Source on Google
जयपुर ग्रामीण क्षेत्र में सत्र 2025-26 के 13,500 से अधिक छात्रवृत्ति आवेदन अभी शिक्षण संस्थानों के स्तर पर लंबित बताए गए हैं. इन आवेदनों में अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग और आर्थिक पिछड़ा वर्ग के विद्यार्थियों के आवेदन शामिल हैं. बायोमेट्रिक सहित अन्य प्रक्रिया पूरी नहीं होने के कारण बड़ी संख्या में पात्र स्टूडेंट्स को छात्रवृत्ति का लाभ मिलने में देरी हो रही है.
विभाग ने सभी संबंधित शिक्षण संस्थानों से सत्र 2024-25 और 2025-26 के लंबित छात्रवृत्ति आवेदनों की प्रक्रिया निर्धारित समय में पूरी करने को कहा है. प्रक्रिया पूरी होने के बाद आवेदनों को जिला कार्यालय स्तर पर बढ़ाया जाएगा. विभाग का उद्देश्य पात्र स्टूडेंट्स के आवेदन समय पर निस्तारित कर उपलब्ध बजट के अनुसार उन्हें छात्रवृत्ति की राशि का लाभ दिलाना है.
विभाग ने तारीखों को लेकर भी स्पष्ट निर्देश जारी किए हैं. 15 सितंबर 2026 के बाद सत्र 2024-25 के वे आवेदन, जो बायोमेट्रिक के कारण लंबित रह जाएंगे, उन पर विचार नहीं किया जाएगा। इसी तरह 15 अक्टूबर 2026 के बाद सत्र 2025-26 के बायोमेट्रिक के कारण लंबित आवेदन भी स्वीकार्य नहीं होंगे. इसलिए विद्यार्थियों को अंतिम तिथि से पहले आवेदन करना होगा. विभाग ने कहा है कि निर्धारित समय सीमा में आवेदन की प्रक्रिया पूरी नहीं होने की स्थिति में संबंधित स्टूडेंट और शिक्षण संस्थान की जिम्मेदारी होगी.
न्यूज़18 को गूगल पर अपने पसंदीदा समाचार स्रोत के रूप में जोड़ने के लिए यहां क्लिक करें। राजस्थान की ताजा खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें|First Published :
September 06, 2026, 09:45 IST



