सालभर में दूसरी बार… नामीबिया ने फिर किया उलटफेर, टी20 मैच में साउथ अफ्रीका को हराया, 164 रन नहीं बना पाई टीम

होमखेलक्रिकेट
नामीबिया ने फिर किया उलटफेर, टी20 में साउथ अफ्रीका को दूसरी बार हराया
Last Updated:August 28, 2026, 21:23 IST
Namibia vs South Africa T20I: पहले बल्लेबाजी करते हुए नामीबिया ने जान फ्राइलिंक की 60 रन की दमदार पारी से साउथ अफ्रीका के सामने 164 रन का लक्ष्य रखा था. जवाब में डेवाल्ड ब्रेविस की 75 रन की पारी भी साउथ अफ्रीका को जीत नहीं दिला सकी. साउथ अफ्रीकी टीम 9 विकेट खोकर 145 रन ही बना सकी. यह साउथ अफ्रीका की नामीबिया के खिलाफ टी20 में दूसरी हार है.नामीबिया ने साउथ अफ्रीका को 18 रन से हराया.
नई दिल्ली. नामीबिया ने एक बार फिर साउथ अफ्रीका को टी20 क्रिकेट में चौंका दिया है. नामीबिया टी20 इंटरनेशनल ट्राई सीरीज 2026 के पहले मुकाबले में नामीबिया ने साउथ अफ्रीका को 18 रन से हराकर बड़ा उलटफेर कर दिया. विंडहोक के नामीबिया क्रिकेट ग्राउंड में मेजबान टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 9 विकेट पर 163 रन बनाए थे, जिसके जवाब में साउथ अफ्रीका की टीम 20 ओवर में 9 विकेट पर 145 रन ही बना सकी. दक्षिण अफ्रीका की ओर से डेवाल्ड ब्रेविस ने 50 गेंदों पर 75 रन की शानदार पारी खेली, लेकिन उनकी कोशिश टीम को जीत तक नहीं पहुंचा सकी. यह पहली बार नहीं, जब इस टीम के खिलाफ नामीबिया को जीत मिली है. अक्टूबर 2025 में भी नामीबिया ने साउथ अफ्रीका को शिकस्त दी थी. चौंकाने वाला आंकड़ा यह है कि इन दोनों टीमों के बीच अब तक दो टी20 मैच हुए हैं और दोनों ही नामीबिया ने जीते हैं.
नामीबिया ने बनाए 163 रनटॉस जीतकर साउथ अफ्रीका ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया, लेकिन नामीबिया के बल्लेबाजों ने शुरुआत में ही इरादे साफ कर दिए. टीम ने पावरप्ले के 6 ओवर में 57 रन जोड़कर मजबूत शुरुआत की. सलामी बल्लेबाज लॉरेन स्टीनकैंप ने 29 गेंदों पर 41 रन बनाए. उन्होंने 3 चौके और 2 छक्के लगाए. इसके बाद जान फ्राइलिंक ने पारी को और रफ्तार दी. फ्राइलिंक ने महज 38 गेंदों पर 60 रन ठोके, जिसमें 6 चौके और 2 छक्के शामिल रहे. दोनों ने पहले विकेट के लिए 84 रन की साझेदारी की और नामीबिया को बड़े स्कोर की नींव दी.
फ्राइलिंक ने जमाया शानदार अर्धशतकफ्राइलिंक ने 60 रन की अर्धशतकीय पारी खेलकर नामीबिया को मैच विनिंग टोटल तक पहुंचाया. उनके आउट होने के बाद कप्तान गेरहार्ड इरास्मस ने 17 गेंदों पर 19 रन बनाए, लेकिन इसके बाद नामीबिया के विकेट तेजी से गिरने लगे. एक समय टीम 133 रन पर 6 विकेट गंवा चुकी थी. यहां रूबेन ट्रंपेलमैन ने सिर्फ 6 गेंदों पर 12 रन बनाकर स्कोर को 160 के करीब पहुंचाने में मदद की. आखिरकार नामीबिया ने 20 ओवर में 9 विकेट पर 163 रन बना लिए. साउथ अफ्रीका के लिए प्रेनेलन सुब्रायेन सबसे सफल गेंदबाज रहे. उन्होंने 4 ओवर में 32 रन देकर 3 विकेट लिए. डुआन जेनसन और ब्योर्न फोर्टुइन को 2-2 विकेट मिले.
शुरुआत में ही लड़खड़ाई साउथ अफ्रीका164 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी साउथ अफ्रीका की शुरुआत बेहद खराब रही. टीम ने शुरुआती 4 ओवर के अंदर ही दो विकेट गंवा दिए. लुआन-ड्रे प्रिटोरियस 9 और जॉर्डन हरमन 7 रन बनाकर आउट हुए. इसके बाद डेवाल्ड ब्रेविस ने मोर्चा संभाला. ब्रेविस ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए नामीबिया के गेंदबाजों पर दबाव बनाया, लेकिन टीम को जीत की दहलीज पार नहीं करा सके.
ब्रेविस ने अकेले संभाला मोर्चाब्रेविस ने 50 गेंदों पर 75 रन की शानदार पारी खेली. उनकी पारी में 4 चौके और 5 छक्के शामिल रहे. उनका स्ट्राइक रेट 150 का रहा. उन्हें रूबिन हरमन और डुआन जेनसन का कुछ हद तक साथ मिला. ब्रेविस और जेनसन ने छठे विकेट के लिए 47 रन की साझेदारी की और एक समय ऐसा लगा कि साउथ अफ्रीका मुकाबले में वापसी कर सकती है, लेकिन 18वें ओवर में ब्रेविस के आउट होते ही साउथ अफ्रीका की जीत की उम्मीदें लगभग खत्म हो गईं. उन्होंने 133 के स्कोर पर अपना विकेट गंवाया.
ट्रंपेलमैन और जेजे स्मिट ने पलटा मैचनामीबिया की जीत में गेंदबाजों का सबसे बड़ा योगदान रहा. रूबेन ट्रंपेलमैन ने 4 ओवर में सिर्फ 24 रन देकर 3 विकेट लिए. वहीं, जेजे स्मिट ने भी 4 ओवर में 31 रन देकर 3 बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा. ट्रंपेलमैन ने साउथ अफ्रीका के टॉप ऑर्डर को झटका दिया, जबकि स्मिट ने आखिरी ओवरों में लगातार विकेट लेकर लक्ष्य का पीछा कर रही टीम की कमर तोड़ दी. कप्तान गेरहार्ड इरास्मस ने भी गेंद से योगदान दिया और 2 ओवर में सिर्फ 7 रन देकर 1 विकेट हासिल किया.
आखिरी दो ओवर में चाहिए थे 31 रनसाउथ अफ्रीका को आखिरी दो ओवर में जीत के लिए 31 रन चाहिए थे, लेकिन नामीबिया के गेंदबाजों ने ऐसा होने नहीं दिया. टीम 20 ओवर में 9 विकेट पर 145 रन ही बना सकी. डुआन जानसेन ने नाबाद 25 रन बनाकर अंत तक संघर्ष किया, लेकिन वह टीम को जीत तक नहीं ले जा सके. इस तरह नामीबिया ने टी20 ट्राई सीरीज की शानदार शुरुआत की.
About the AuthorShivam Upadhyay
परिचय
शिवम उपाध्याय एक खेल पत्रकार हैं, जो नवंबर 2025 से देश के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थान नेटवर्क 18 ग्रुप में बतौर सब एडिटर कार्यरत हैं. क्रिकेट उनकी विशेषज्…
और पढ़ेंLocation :
New Delhi,New Delhi,Delhi
First Published :
August 28, 2026, 21:23 IST



