‘सुपरस्टारडम का दूसरा नाम ही रजनी सर हैं’, ‘जेलर 2’ के मुरीद हुए रितेश देशमुख, फिल्म को बताया महा-ब्लॉकबस्टर

Last Updated:October 16, 2026, 21:32 IST
सुपरस्टार रजनीकांत की फिल्म ‘जेलर 2’ का क्रेज लोगों के सिर चढ़कर बोल रहा है. बॉलीवुड एक्टर रितेश देशमुख ने अब थिएटर से इंटरवल और शो खत्म होने के बाद सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर करते हुए इस फिल्म को महा-ब्लॉकबस्टर बताया. उन्होंने फैंस से कहा कि ये मूवी जरूर देखनी चाहिए. रितेश ने रजनीकांत के स्वैग की तारीफ करते हुए कहा कि सुपरस्टारडम का असली नाम ही रजनी सर हैं.
ख़बरें फटाफट
रितेश देशमुख ने ‘जेलर 2’ की तारीफ में पढ़े कसीदे. (फोटो साभार: IMDb)
नई दिल्ली. साउथ के थलाइवा यानी सुपरस्टार रजनीकांत का खुमार एक बार फिर दर्शकों और सेलेब्स के सिर चढ़कर बोल रहा है. हाल ही में रिलीज हुई उनकी फिल्म ‘जेलर 2’ को देखकर बॉलीवुड एक्टर रितेश देशमुख भी उनके कायल हो गए हैं. रितेश ने शुक्रवार को थिएटर से ही फिल्म देखते वक्त सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर किया. रजनीकांत के स्वैग और स्क्रीन प्रेजेंस की तारीफ में कसीदे गढ़ते हुए रितेश ने कहा कि सुपरस्टारडम का असली मतलब ही रजनीकांत हैं.
रितेश देशमुख ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (ट्विटर) पर लिखा, ‘जेलर 2 देख रहा हूं, अभी इंटरवल हुआ है और महा ब्लॉकबस्टर…रजनी सर का औरा बिल्कुल अलग स्तर का है. डायरेक्टर नेल्सन और उनकी पूरी टीम को सलाम. खुद पर एक एहसान करें, यह फिल्म जरूर देखें , क्योंकि यह ‘हुकुम’ है… टाइगर का हुकुम.’
रितेश देशमुख ने ‘जेलर 2’ को बताया महा-ब्लॉकबस्टर
फिल्म खत्म होने के तुरंत बाद रितेश देशमुख ने एक और पोस्ट किया. इस बार उन्होंने लिखा, ‘ब्लॉकबस्टर! बहुत ही शानदार अनुभव रहा. मैंने हर एंट्री पर तालियां बजाईं, सीटियां मारीं और खूब चीयर किया. थिएटर में तो जैसे कोई जश्न चल रहा था सुपरस्टारडम का दूसरा नाम ही रजनी सर है.’
कमल हासन ने की ‘जेलर 2’ की तारीफ
इससे पहले कमल हासन ने अपने करीबी दोस्त रजनीकांत को उनकी फिल्म ‘जेलर 2’ के दुनियाभर में सुपरहिट होने पर बधाई दी. डायरेक्टर नेल्सन दिलीपकुमार ने तुरंत कमल हासन के पोस्ट का जवाब दिया. उन्होंने लिखा, ‘बहुत-बहुत धन्यवाद कमल हासन सर, आपके इन प्यारे शब्दों के लिए. आप जैसे दिग्गज की तरफ से ऐसी बात सुनना बहुत मायने रखता है.’ धनुष ने ‘जेलर 2’ का फर्स्ट डे फर्स्ट शो देखा था और सबसे पहले टीम को बधाई देने वालों में शामिल थे. फिल्म देखने के तुरंत बाद धनुष ने अपने एक्स अकाउंट पर लिखा, ‘जेलर 2 को तो जरूर देखना चाहिए. ब्लॉकबस्टर! यह हर ‘थलाइवर’ (रजनीकांत) फैन के लिए एक शानदार दावत है.’
ऋतिक रोशन का ‘जेलर 2’ में सरप्राइज कैमियो
बताते चलें कि ‘जेलर 2’ साल 2023 में रिलीज हुई ब्लॉकबस्टर जेलर का सीक्वल है. इसका डायरेक्शन नेल्सन दिलीपकुमार ने किया है, जो पिछले पार्ट के भी डायरेक्टर थे. सीक्वल मूवी में रजनीकांत के अलावा रम्या कृष्णन, एसजे सूर्या, विद्या बालन और मिथुन चक्रवर्ती ने काम किया है. खास बात है कि ‘जेलर 2’ में ऋतिक रोशन का भी शानदार कैमियो देखने को मिलता है.
About the AuthorKamta PrasadSenior Sub Editor
कामता प्रसाद (KP) एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिनके पास मीडिया इंडस्ट्री में काम करने का 11 सालों का लंबा अनुभव है. वर्तमान में वह न्यूज18 हिंदी में बतौर सीनियर सब एडिटर अपनी सेवाएं दे रहे हैं. कामता को एंटरटेनमेंट …
October 16, 2026, 21:32 IST



