हवा में दिखा जबरदस्त शक्ति प्रदर्शन, सूर्यकिरण की तिरंगा फॉर्मेशन और सारंग के शानदार करतबों ने मचाई धूम

Last Updated:October 08, 2026, 17:33 IST
Jodhpur Vayushakti Show: वायुसेना दिवस के मौके पर जोधपुर के एयर फोर्स स्टेशन पर बहुराष्ट्रीय हवाई अभ्यास तरंग शक्ति 2026 के दौरान भव्य एयर शो का आयोजन किया गया. इसमें सूर्यकिरण, सारंग, तेजस और सुखोई ने हैरतअंगेज करतब दिखाए.
ख़बरें फटाफट
जोधपुर: वायुसेना दिवस के मौके पर गुरुवार को जोधपुर का आसमान भारतीय वायुसेना के शौर्य और अदम्य हौसले का गवाह बना. एयर फोर्स स्टेशन जोधपुर में चल रहे बहुराष्ट्रीय हवाई अभ्यास तरंग शक्ति-2026 के दौरान भव्य एयर शो का आयोजन किया गया. जैसे ही सूर्यकिरण एरोबेटिक टीम के विमान आसमान में पहुंचे, पूरा माहौल रोमांच से भर गया. नीले आसमान में एक साथ उड़ते विमानों की सटीक फॉर्मेशन और उनके पीछे निकलती केसरिया, सफेद और हरे रंग की धुएं की लकीरों ने तिरंगे का एहसास कराया. एयर शो में भारतीय वायुसेना के लड़ाकू विमानों और हेलिकॉप्टरों के साथ एरोबेटिक टीमों ने अपनी-अपनी क्षमताओं का प्रदर्शन किया.
एयर शो का सबसे बड़ा आकर्षण भारतीय वायुसेना की सूर्यकिरण एरोबेटिक टीम रही. टीम के नौ हॉक एमके-132 विमानों ने बेहद करीब और सटीक फॉर्मेशन में उड़ान भरते हुए एक के बाद एक शानदार करतब दिखाए. कभी विमान एक साथ आसमान में आगे बढ़ते नजर आए तो कभी अलग-अलग दिशाओं में बंटकर दोबारा एक फॉर्मेशन में लौटे. तिरंगा फॉर्मेशन के साथ अलग-अलग एरोबेटिक मूव्स ने दर्शकों को रोमांचित कर दिया. वर्टिकल क्लाइंब, क्रॉसओवर और अन्य हवाई करतबों के दौरान विमानों के बीच दिखाई दिया तालमेल इस प्रदर्शन की सबसे खास बात रहा. कुछ ही सेकंड में बदलती आकृतियों और आसमान में बनती रंगीन लकीरों ने हर किसी का ध्यान अपनी ओर खींच लिया. सूर्यकिरण के इस प्रदर्शन में पायलटों की ट्रेनिंग, अनुशासन और सटीक समन्वय साफ नजर आया.
फाइटर जेट के बाद आसमान में छाए सारंग के ध्रुव हेलिकॉप्टरसूर्यकिरण के बाद एयर शो में सारंग हेलिकॉप्टर डिस्प्ले टीम ने मोर्चा संभाला. एडवांस्ड लाइट हेलिकॉप्टर ध्रुव पर आधारित इस टीम के हेलिकॉप्टरों ने हवा में अलग-अलग फॉर्मेशन और क्रॉसओवर का प्रदर्शन किया. फाइटर जेट्स की तेज रफ्तार के बाद अपेक्षाकृत कम ऊंचाई पर हेलिकॉप्टरों की नियंत्रित उड़ान ने एयर शो का रोमांच अलग स्तर पर पहुंचा दिया. हेलिकॉप्टरों का एक-दूसरे के करीब से गुजरना और फिर अलग-अलग दिशा में जाकर दोबारा फॉर्मेशन बनाना दर्शकों के लिए खास आकर्षण रहा. जोधपुर के आसमान में सारंग टीम के प्रदर्शन ने यह भी दिखाया कि भारतीय वायुसेना के पास केवल लड़ाकू विमानों की ताकत ही नहीं, बल्कि हेलिकॉप्टर संचालन और एरोबेटिक क्षमता में भी खास दक्षता है.
तेजस, सुखोई और प्रचंड ने दिखाई भारतीय वायुसेना की ताकतएयर शो के दौरान भारतीय वायुसेना के लड़ाकू विमानों ने भी अपनी हवाई क्षमता की झलक दिखाई. सुखोई-30 एमकेआई और तेजस की लो-लेवल फ्लाइंग ने दर्शकों का रोमांच बढ़ाया. आसमान में तेज गति से गुजरते लड़ाकू विमानों की गर्जना ने पूरे एयरबेस को गूंजा दिया. इसके साथ ही स्वदेशी लाइट कॉम्बैट हेलिकॉप्टर प्रचंड ने भी अपनी उड़ान क्षमता का प्रदर्शन किया. एरोबेटिक टीमों के सटीक करतबों के बीच लड़ाकू विमानों की दमदार उड़ान ने एयर शो में भारतीय वायुसेना की परिचालन क्षमता की तस्वीर भी सामने रखी. एक तरफ सूर्यकिरण और सारंग ने एरोबेटिक कौशल दिखाया तो दूसरी तरफ तेजस, सुखोई और प्रचंड ने आधुनिक हवाई शक्ति की झलक पेश की.
एक जगह सिमटा दुनिया का एयर पावर, करीब से दिखे विदेशी विमानतरंग शक्ति-2026 की खासियत केवल आसमान में होने वाला एयर शो ही नहीं रहा. एयर फोर्स स्टेशन पर स्टैटिक डिस्प्ले भी लगाया गया, जहां अभ्यास में शामिल अलग-अलग देशों के विमानों और सैन्य प्लेटफॉर्म को लोगों ने करीब से देखा. भारत के साथ अभ्यास में शामिल विदेशी वायु सेनाओं के विमान इस डिस्प्ले का खास आकर्षण रहे। लोगों और आमंत्रित दर्शकों को इन विमानों को नजदीक से देखने और उनकी बनावट तथा तकनीकी विशेषताओं को समझने का मौका मिला. तरंग शक्ति के दौरान अलग-अलग देशों की वायु सेनाओं का एक साथ मौजूद होना इस आयोजन को अंतरराष्ट्रीय स्वरूप देता है. आसमान में उड़ते विमानों के बाद जमीन पर सजे इन अत्याधुनिक एयरक्राफ्ट ने दर्शकों की उत्सुकता और बढ़ा दी.
एयरबेस से घरों की छतों तक दिखा एयर शो का रोमांचएयर शो को देखने के लिए एयर फोर्स स्टेशन में विद्यार्थियों, एनसीसी कैडेट्स, सैन्यकर्मियों, अधिकारियों और आमंत्रित लोगों की मौजूदगी रही. प्रवेश सीमित होने के कारण एयरबेस के बाहर रहने वाले कई लोगों ने अपने घरों की छतों से ही आसमान में होने वाली गतिविधियों को देखा. जैसे ही सूर्यकिरण के विमान आसमान में पहुंचे, लोगों की नजरें आसमान पर टिक गईं. तिरंगे के रंगों से सजे धुएं की लकीरें, तेजस और सुखोई की गर्जना, सारंग के हेलिकॉप्टरों की फॉर्मेशन और प्रचंड की उड़ान हर दृश्य अपने आप में खास रहा. तरंग शक्ति-2026 के बीच वायुसेना दिवस का यह आयोजन जोधपुर के लिए इसलिए भी यादगार रहा क्योंकि एक ही दिन लोगों को एरोबेटिक टीमों के रोमांच, भारतीय लड़ाकू विमानों की ताकत और दुनिया के अलग-अलग देशों से आए अत्याधुनिक विमानों को करीब से देखने का अवसर मिला. सूर्यनगरी के आसमान में घंटों तक गूंजती विमानों की गर्जना ने वायुसेना दिवस को एक यादगार अनुभव में बदल दिया.
About the AuthorJagriti Dubey
मेरा नाम जागृति दुबे है. मीडिया और डिजिटल पत्रकारिता की दुनिया में पिछले 6 वर्षों से सक्रिय हूं. पत्रकारिता के प्रति अपने जुनून को मैंने वर्ष 2019 में GBN 24 न्यूज़ चैनल से इंटर्नशिप के साथ शुरुआत देकर एक पेशेव…
और पढ़ेंLocation :
Jodhpur,Rajasthan
First Published :
October 08, 2026, 17:33 IST



