Entertainment

12 साल बड़े प्रकाश राज की सादगी पर दिल हार बैठी थीं पोनी वर्मा, बोलीं- उन्होंने कभी इम्प्रेस करने का नाटक नहीं किया

नई दिल्ली. साउथ सिनेमा और बॉलीवुड फिल्मों के मशहूर एक्टर प्रकाश राज और कोरियोग्राफर पोनी वर्मा की शादी को लगभग 16 साल बीत चुके हैं. दोनों की उम्र के बीच 12 साल का अंतर है, जिसे लेकर उनके आसपास के लोगों ने आलोचना भी की थी. लेकिन कपल ने अपने रिश्ते के बीच उम्र की दीवार को कभी खड़े नहीं होने दिया. हाल ही में पोनी वर्मा ने बताया कि यही उम्र का फासला उनके रिश्ते की सबसे बड़ी मजबूती और इसकी सफलता की वजह बन गया. उन्होंने यह भी बताया कि प्रकाश शुरुआत से ही शादी को लेकर पूरी तरह स्पष्ट थे और उन्होंने कभी दिखावा करके उन्हें इम्प्रेस करने की कोशिश नहीं की.

प्रेम को दिए इंटरव्यू में पोनी वर्मा ने प्रकाश राज के साथ अपनी शादी और बड़ी 12 साल के अंतर पर दिल खोलकर बात की. उन्होंने बताया कि जब उन्होंने खुद से बड़े इंसान से शादी करने का फैसला किया, तो उनके कई दोस्त इस बात से बिल्कुल खुश नहीं थे. हालांकि, पोनी का नजरिया इस उम्र के फासले को लेकर पूरी तरह अलग था. दोस्तों की प्रतिक्रिया को याद करते हुए पोनी ने कहा, ‘जब मैंने 12 साल बड़े शख्स से शादी करने का मन बनाया, तो मेरे दोस्त काफी नाराज थे.’

पोनी वर्मा ने की प्रकाश राज की तारीफ

पोनी का मानना है कि इसी उम्र के अंतर की वजह से प्रकाश उन्हें और उनके जीवन के संघर्षों को बेहतर तरीके से समझ पाए. उन्होंने आगे कहा, ‘मैं आज बेहद खुश हूं कि हमारे बीच 12 साल का अंतर है. मुझे लगता है कि प्रकाश जैसा इंसान ही मेरी जिंदगी की गहराई, मेरी सोच, मेरी पृष्ठभूमि और मेरे संघर्षों को सही मायने में समझ सकता था.’

प्रकाश राज से पोनी वर्मा को मिली खास सीख

प्रकाश राज के साथ शादी के बाद अपनी जिंदगी में आए बदलावों का जिक्र करते हुए उन्होंने बताया, ‘प्रकाश मेरी जिंदगी में एक ठहराव और सुकून लेकर आए हैं. अब मैं जिंदगी को सुकून से जी पाती हूं. उन्होंने मुझे सिखाया कि शांत रहो, जिंदगी का लुत्फ उठाओ, सब ठीक होगा. कोई समय भागा नहीं जा रहा है और न ही तुम लाइफ में पीछे छूट रही हो. सब कुछ अपने आप सही रास्ते पर आ जाएगा.’ उन्होंने बताया, ‘सच कहूं तो प्रकाश राज ने अपनी जिंदगी में जिन परिस्थितियों और उतार-चढ़ावों का सामना किया है, केवल वही इंसान मुझे इतने बेहतरीन तरीके से संभाल और समझ सकता था.’

पोनी वर्मा ने बताई प्रकाश राज की खासियत

पोनी वर्मा ने प्रकाश राज की उस खासियत का भी जिक्र किया, जिसने शुरुआती दिनों में उनका दिल जीत लिया था. उन्होंने कहा, ‘उनका अंदाज बेहद सच्चा और ईमानदार था. उन्होंने मुझे इम्प्रेस करने के लिए कभी कोई बनावटी या दिखावटी हथकंडा नहीं अपनाया, भले ही मैं मुंबई की लड़की थी. वह जैसे थे, बिल्कुल वैसे ही सहज और सादे बने रहे. उनकी यही सादगी मुझे सबसे ज्यादा पसंद आई.’ उन्होंने आगे कहा कि प्रकाश शादी और रिश्ते को लेकर शुरू से ही पूरी तरह स्पष्ट थे. पोनी ने याद करते हुए कहा, ‘प्रकाश की एक बात बहुत साफ थी. उन्होंने सीधे शब्दों में कहा था कि वह एक गंभीर और टिकाऊ रिश्ता चाहते हैं. उन्होंने कहा कि मैं शादी करना चाहता हूं और बात बिल्कुल साफ है, मैं यहां समय बर्बाद करने नहीं आया हूं.’

प्रकाश राज-पोनी वर्मा ने 2010 में रचाई थी शादी

प्रकाश राज और पोनी वर्मा 24 अगस्त 2010 को शादी के बंधन में बंधे थे. यह शादी पंजाबी रीति-रिवाज से हुई एक निजी समारोह थी, जिसमें परिवार के करीबी लोग, प्रकाश की मां और उनकी बेटियां शामिल हुई थीं. साल 2016 में दोनों के बेटे वेदांत का जन्म हुआ. साल 2021 में अपनी 11वीं मैरिज एनिवर्सरी के मौके पर प्रकाश और पोनी ने बेहद अनोखे अंदाज में दोबारा शादी रचाई थी. यह शादी खास तौर पर उनके बेटे वेदांत के लिए रखी गई थी, ताकि वह अपने माता-पिता को शादी के फेरे लेते और कसमें खाते हुए खुद अपनी आंखों से देख सके.

Source link

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

Uh oh. Looks like you're using an ad blocker.

We charge advertisers instead of our audience. Please whitelist our site to show your support for Nirala Samaj