Rajasthan

2 लाख की घूस लेते DST के 2 कांस्टेबल गिरफ्तार, कारखाना बंद करने की दे रहे थे धमकी, ACB ने दबोचा

Last Updated:October 23, 2026, 17:14 IST

राजस्थान के खैरथल-तिजारा जिले से भ्रष्टाचार और खाकी के दुरुपयोग का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो की अलवर प्रथम चौकी टीम ने शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए जिला विशेष टीम में तैनात दो भ्रष्ट कांस्टेबलों को 2 लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ दबोच लिया है. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कांस्टेबल ब्रजेश और ईश्वर सिंह के रूप में हुई है, जिन्होंने खाकी की धौंस दिखाकर एक कारोबारी को बुरी तरह फंसा रखा था.2 लाख की रिश्वत लेते 2 कांस्टेबल गिरफ्तार, कारखाना बंद करने की दे रहे थे धमकीZoom

अलवर. खैरथल-तिजारा में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने बड़ी कार्रवाई की है. डिस्ट्रिक्ट स्पेशल टीम (DST) के दो कांस्टेबलों को 2 लाख रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है. आरोप है कि दोनों कांस्टेबलों ने एक कारोबारी पर नकली कलाकंद बनाने का आरोप लगाकर कार्रवाई का दबाव बनाया था. साथ ही कारखाना सीज होने से बचाने के बदले रिश्वत मांगी थी. ACB ने कार्रवाई के दौरान रिश्वत की राशि बरामद कर ली है.

गिरफ्तार कांस्टेबलों की पहचान ब्रजेश (नंबर 210) और ईश्वर सिंह (नंबर 333) के रूप में हुई है. ACB के अनुसार, शिकायत के सत्यापन में दोनों आरोपियों की ओर से कुल 2 लाख 20 हजार रुपए की रिश्वत मांगने की पुष्टि हुई थी. इसके बाद शुक्रवार को ट्रैप कार्रवाई कर दोनों को 2 लाख रुपए लेते गिरफ्तार किया गया.

कारखाने में पहुंचे थे DST के जवान

ACB के अनुसार, परिवादी ने शिकायत दी थी कि 21 अक्टूबर को DST प्रभारी गौरव और उनकी टीम के सदस्य ब्रजेश व ईश्वर सिंह सादे कपड़ों में उसके कारखाने पहुंचे थे. आरोप है कि टीम ने कारखाने में लगे कैमरे हटवा दिए और नकली कलाकंद बनाने का आरोप लगाते हुए खाद्य विभाग की टीम को बुलाया. खाद्य विभाग की टीम ने कारखाने में तैयार माल के नमूने लिए.

इसके बाद कारोबारी पर कारखाने का माल नष्ट करवाने और कारखाना सीज करने की कार्रवाई का दबाव बनाया गया. आरोप है कि इस कार्रवाई से बचाने के बदले रिश्वत मांगी गई.

दूसरे कारोबारियों से भी रिश्वत मांगने का आरोप

शिकायत के अनुसार, परिवादी के परिचित अन्य कारोबारियों से भी 50-50 हजार रुपए लेकर DST कार्यालय आने को कहा गया था. आरोप है कि रकम नहीं देने पर उनके कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करने की धमकी दी गई. इस मामले में परिवादी ने ACB से शिकायत की.

2.20 लाख रुपए मांगने की पुष्टि

ACB के मुताबिक, 21 अक्टूबर को शिकायत का सत्यापन कराया गया. इसमें दोनों कांस्टेबलों द्वारा परिवादी और अन्य कारोबारियों की फर्मों पर कार्रवाई नहीं करने तथा तैयार माल नष्ट नहीं करवाने के बदले कुल 2 लाख 20 हजार रुपए की रिश्वत मांगने की पुष्टि हुई.

इसके बाद शुक्रवार को ACB ने ट्रैप कार्रवाई की. इस दौरान दोनों कांस्टेबल परिवादी से 2 लाख रुपए लेते पकड़े गए. रिश्वत की राशि भी बरामद कर ली गई.

ACB मुख्यालय के निर्देश पर हुई कार्रवाई

यह कार्रवाई ACB मुख्यालय के निर्देश पर अलवर प्रथम चौकी की टीम ने पुलिस उप अधीक्षक शब्बीर खान के नेतृत्व में की. ACB ने दोनों आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है. फिलहाल दोनों कांस्टेबलों से पूछताछ की जा रही है और मामले में आगे का अनुसंधान जारी है.

About the AuthorLocation :

Tijara,Alwar,Rajasthan

First Published :

October 23, 2026, 17:14 IST

Source link

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

Uh oh. Looks like you're using an ad blocker.

We charge advertisers instead of our audience. Please whitelist our site to show your support for Nirala Samaj