50% छूट ने तहलका मचाया! खादी कपड़ों पर टूट पड़ी जयपुर की जनता, महीने भर में कर ली 7 करोड़ की खरीदारी

जयपुर. सर्दियों के सीजन में लोग गर्म कपड़ों की जमकर खरीदारी कर रहे हैं. ऐसे ही जयपुर में सर्दियों के सीजन में खादी ग्रामोद्योग बोर्ड द्वारा विशेष खादी मेले का आयोजन किया जा रहा है. यह मेला जयपुर के टोंक फाटक स्थित राजस्थान खादी ग्रामोद्योग के परिसर में चल रहा है, जहां लोग जमकर खादी के कपड़ों की खरीदारी कर रहे हैं. हर साल की तरह इस साल भी लोगों ने खादी मेले में बंपर खरीदारी की है. एक महीने से चल रहे इस खादी मेले में अब तक लोगों ने करीब 7 करोड़ रुपये के खादी कपड़ों और अन्य प्रोडक्ट्स की खरीदारी की है, जो इस साल की रिकॉर्ड खरीदारी मानी जा रही है.
हाल के दिनों में खादी के कपड़ों के प्रति लोगों का रुझान बढ़ा है. इसी के चलते खादी ग्रामोद्योग बोर्ड द्वारा हर साल खादी मेले में 50 प्रतिशत की विशेष छूट दी जाती है. इसलिए लोग सर्दियों के इस विंटर फेयर में जमकर खरीदारी कर रहे हैं. लोकल 18 ने जयपुर के खादी मेले में पहुंचकर इस मेले में खादी उत्पाद तैयार करने वाले व्यापारियों और बुनकरों से बात की. उन्होंने बताया कि वे राजस्थान के अलग-अलग जिलों से खादी के खास कपड़ों को लेकर आए हैं, जिनकी सर्दियों में जमकर मांग रहती है. व्यापारियों ने बताया कि बदलते समय के साथ खादी के कपड़ों की वैरायटी, क्वालिटी और डिजाइन में काफी बदलाव आया है, जिसके चलते खादी के कपड़ों की डिमांड लगातार बढ़ रही है. अब खादी के कपड़ों में फैशन का ट्रेंड भी देखने को मिल रहा है, जो युवाओं को खादी की ओर आकर्षित कर रहा है.
50 प्रतिशत की छूट ने मचा दिया खादी में तहलका
खादी ग्रामोद्योग बोर्ड द्वारा खादी के प्रांतीय उत्पादों पर 50 प्रतिशत और गैर प्रांतीय उत्पादों पर 25 प्रतिशत तक की विशेष छूट दी जाती है. फेस्टिवल और विंटर सीजन में इस छूट के चलते लोग बड़ी संख्या में खरीदारी करते हैं. जयपुर में पिछले तीन वर्षों से खादी मेले में करोड़ों रुपये की खरीदारी हो चुकी है. इसी तरह इस सीजन में भी एक महीने के भीतर बंपर खरीदारी हुई है, जिससे इस बार खादी कपड़ों की बिक्री नया रिकॉर्ड बनाने की ओर बढ़ रही है.
इस बार लगाए गए हैं 220 स्टॉल
इस बार बढ़ती मांग को देखते हुए खादी मेले में करीब 220 स्टॉल लगाए गए हैं. इन स्टॉल्स में खादी कपड़ों के अलावा सर्दियों में सबसे ज्यादा डिमांड में रहने वाले उत्पाद जैसे गर्म कंबल, रजाई, शॉल, दरियां और चटाइयां भी उपलब्ध हैं. मेले में आए व्यापारियों का कहना है कि खादी कपड़ों की सबसे खास बात यह है कि इन्हें बिना मशीनों के हाथ से कताई और बुनाई के जरिए तैयार किया जाता है. इससे हजारों लोगों को रोजगार भी मिलता है. इसी वजह से खादी मेले का महत्व केवल खरीदारी तक सीमित नहीं है, बल्कि यह रोजगार से भी जुड़ा हुआ है.
जयपुर में 13 जनवरी तक चलेगा खादी मेला
टोंक फाटक स्थित खादी ग्रामोद्योग बोर्ड परिसर में यह मेला पिछले 13 वर्षों से आयोजित किया जा रहा है. 20 नवंबर से शुरू हुआ यह खादी मेला 13 जनवरी तक चलेगा. मेले में लोगों की एंट्री पूरी तरह फ्री है. पार्किंग और अन्य सुविधाएं भी निःशुल्क उपलब्ध कराई गई हैं. लोग सुबह 11 बजे से रात 8.30 बजे तक खरीदारी कर सकते हैं. फिलहाल मेले में शनिवार और रविवार को सबसे ज्यादा भीड़ देखने को मिल रही है. यहां लोग खादी कपड़ों के अलावा आयुर्वेदिक दवाइयां, शुद्ध तेल, मसाले, अचार, स्नैक्स, ड्राई फ्रूट्स और अन्य घरेलू उत्पाद भी किफायती दामों में खरीद रहे हैं.



