KhatuShyam Ji: 29 दिसंबर से 2 जनवरी तक चलेगा खाटूश्याम जी मेला, 30 लाख से अधिक श्रद्धालु आएंगे, ये व्यवस्थाएं रहेंगी

KhatuShyam Ji: विश्व प्रसिद्ध धार्मिक स्थल खाटूश्याम जी धाम एक बार फिर श्रद्धा, भक्ति और आस्था के महासागर में डूबने को तैयार है. नववर्ष के अवसर पर बाबा श्याम के दर्शन के लिए देशभर से लाखों श्रद्धालु खाटूधाम पहुंचेंगे. 29 दिसंबर से 2 जनवरी तक आयोजित होने वाले नववर्ष मेले को लेकर मंदिर कमेटी और प्रशासन ने व्यापक तैयारियां की जा रही है. नववर्ष, एकादशी और मेले के चलते इस बार अनुमान है कि इन पांच दिनों में करीब 30 लाख श्रद्धालु बाबा श्याम के दरबार में हाजिरी लगाएंगे. मेले के प्रमुख दिन 30 दिसंबर को शुक्ल पक्ष की एकादशी पर बाबा श्याम का दरबार विशेष रूप से सजाया जाएगा. इस दिन विदेशों से लाए गए फूलों से बाबा श्याम का मनमोहक श्रृंगार किया जाएगा.
इस अवसर पर मंदिर को सुगंधित पुष्पों, आर्टीफिशियल वस्तुओं की कलाकृतियों, रंग-बिरंगे वस्त्रों और सुंदर लाइटिंग से अलौकिक स्वरूप दिया जा रहा है. नववर्ष पर होने वाला यह भव्य श्रृंगार श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगा. श्री श्याम मंदिर कमेटी के मंत्री मानवेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए दर्शन मार्ग में साइन बोर्ड, नई तकनीक और कतार प्रणाली का उपयोग किया जाएगा. इससे भक्तों को बाबा श्याम के दर्शन करने में सहूलियत मिलेगी.
माला और इत्र चढ़ाने के लिए विशेष बॉक्स लगाए
मंदिर कमेटी के अनुसार, इस बार इस मेले में श्रद्धालुओं के लिए पानी, बिस्कुट सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं की समुचित व्यवस्था की जाएगी. इसके अलावा दर्शन कतारों में फूल, माला और इत्र चढ़ाने के लिए विशेष बॉक्स लगाए गए हैं. श्रद्धालु इन बॉक्स में सामग्री डाल सकेंगे, जिससे पुजारियों, सुरक्षाकर्मियों और कमेटी सदस्यों को चोट लगने की घटनाओं से बचा जा सकेगा और दर्शन व्यवस्था भी सुचारू बनी रहेगी.
सुरक्षा के किए गए हैं पुख्ता इंतजाम
नववर्ष मेले को लेकर पुलिस-प्रशासन ने भी सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं. थाना प्रभारी पवन कुमार चौबे ने बताया कि मेले के दौरान करीब 3000 से अधिक सुरक्षाकर्मी तैनात रहेंगे. इसमें 1000 पुलिसकर्मी, 1000 होमगार्ड, प्राइवेट सिक्योरिटी गार्ड और 4 बटालियन आरएसी शामिल होंगी. वाहनों के लिए पार्किंग स्थलों को चिन्हित किया गया है, ई-रिक्शा के रूट तय किए गए हैं और बस स्टैंड व संचालन व्यवस्था को अंतिम रूप दिया जा रहा है.
वीआईपी दर्शन व्यवस्था पर लगा प्रतिबंध
उच्च अधिकारियों के निर्देशों के अनुसार पांच दिवसीय मेले में वीआईपी दर्शन व्यवस्था पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा. इससे सभी सामान्य भक्तों को सुचारु रूप से दर्शन मिल सकें. केवल प्रोटोकॉल वाले VVIP को ही प्रशासन के माध्यम से दर्शन कराए जाते हैं, और भीड़ नियंत्रण के लिए शहर को नो-व्हीकल ज़ोन भी घोषित किया जाएगा. दिव्यांगों के लिए मंदिर कमेटी द्वारा व्हीलचेयर की विशेष व्यवस्थाएं की जाएगी. मांगेलाल धर्मशाला के गेट से दिव्यांगों को व्हीलचेयर से एंट्री मिलेगी जिसमें सेवक उनको बाबा श्याम के दर्शन कराने के लिए मंदिर में लेकर जाएंगे.



