नीरजा मोदी स्कूल की मान्यता रद्द पर अभिभावकों का विरोध

Last Updated:January 03, 2026, 17:04 IST
नीरजा मोदी स्कूल की CBSE मान्यता अमायरा मौत मामले में रद्द किए जाने के बाद स्कूल के बाहर अभिभावकों ने विरोध प्रदर्शन किया. सीबीएसई ने कक्षा 10वीं और 12वीं के छात्रों के लिए बोर्ड परीक्षा रोकने और 9वीं-11वीं के छात्रों को अन्य स्कूलों में स्थानांतरित करने के आदेश दिए हैं. अभिभावकों का कहना है कि स्कूल प्रबंधन को सजा मिलनी चाहिए थी, लेकिन इससे बच्चों का भविष्य प्रभावित हो रहा है.
ख़बरें फटाफट
नीरजा मोदी स्कूल के बाहर अभिभावकों ने विरोध प्रदर्शन किया
जयपुर. शहर के प्रतिष्ठित नीरजा मोदी स्कूल की सीबीएसई से मान्यता रद्द किए जाने के फैसले को लेकर शुक्रवार को स्कूल के बाहर अभिभावकों ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया. यह प्रदर्शन सीबीएसई द्वारा छात्रा अमायरा की मौत के मामले में स्कूल के खिलाफ की गई कार्रवाई के विरोध में किया गया. अभिभावकों का कहना है कि इस फैसले से स्कूल प्रबंधन से ज्यादा निर्दोष छात्र-छात्राओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है.
सीबीएसई ने अमायरा मौत मामले में जांच के बाद नीरजा मोदी स्कूल की मान्यता आगामी शैक्षणिक सत्र से रद्द करने का आदेश जारी किया है. बोर्ड के आदेश के अनुसार, अगले सत्र से कक्षा 10वीं और 12वीं के छात्र इस स्कूल से सीबीएसई बोर्ड परीक्षा नहीं दे सकेंगे. वहीं, कक्षा 9वीं और 11वीं में अध्ययनरत छात्रों को अन्य सीबीएसई मान्यता प्राप्त स्कूलों में स्थानांतरित करने के निर्देश दिए गए हैं. कक्षा 8वीं तक के छात्रों को लेकर अंतिम निर्णय राज्य सरकार पर छोड़ा गया है.
पूरे स्कूल की मान्यता रद्द करना उचित नहीं
इस फैसले के विरोध में बड़ी संख्या में अभिभावक स्कूल के बाहर एकत्रित हुए और सीबीएसई के खिलाफ नारेबाजी की. अभिभावकों का कहना है कि वे अमायरा मामले में दोषियों के खिलाफ कार्रवाई के पक्ष में हैं, लेकिन पूरे स्कूल की मान्यता रद्द करना उचित नहीं है. उनका कहना है कि इस फैसले से सैकड़ों छात्रों का शैक्षणिक भविष्य दांव पर लग गया है.
प्रदर्शन कर रहे अभिभावकों ने आरोप लगाया कि सीबीएसई का यह निर्णय जल्दबाजी में लिया गया है और इसका खामियाजा बच्चों को भुगतना पड़ रहा है. कई अभिभावकों ने बताया कि उनके बच्चे वर्षों से इसी स्कूल में पढ़ रहे हैं और अब अचानक स्कूल बदलना उनके मानसिक और शैक्षणिक विकास पर नकारात्मक असर डालेगा.
मान्यता रद्द करने के फैसले पर पुनर्विचार किया जाए
अभिभावकों ने सीबीएसई से मांग की है कि स्कूल प्रबंधन पर सख्त कार्रवाई की जाए, लेकिन छात्रों के हितों को ध्यान में रखते हुए मान्यता रद्द करने के फैसले पर पुनर्विचार किया जाए. प्रदर्शन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस बल भी मौके पर तैनात रहा. फिलहाल, इस मामले पर स्कूल प्रबंधन और सीबीएसई की ओर से कोई नया बयान सामने नहीं आया है.
About the AuthorMonali Paul
Hello I am Monali, born and brought up in Jaipur. Working in media industry from last 9 years as an News presenter cum news editor. Came so far worked with media houses like First India News, Etv Bharat and NEW…और पढ़ें
Location :
Jaipur,Rajasthan
First Published :
January 03, 2026, 17:02 IST
homerajasthan
जयपुर के नीरजा मोदी स्कूल की मान्यता रद्द पर अभिभावकों का विरोध



