Potato Storage Tips in Summer | How to store potatoes in summer to prevent rotting | गर्मियों में आलू स्टोर करने के टिप्स

Last Updated:April 16, 2026, 08:44 IST
Potato Storage Tips in Summer: गर्मियों में आलू को सड़ने और जड़ें निकलने से बचाने के लिए उन्हें फ्रिज के बजाय किसी ठंडी, सूखी और अंधेरी जगह पर रखना चाहिए. सिरोही के कृषि एक्सपर्ट चंद्रेश भाई के अनुसार, आलू को सीधी धूप से बचाना और हवादार टोकरी में रखना सबसे प्रभावी तरीका है. खराब या हरे पड़े आलू को तुरंत अलग कर देना चाहिए ताकि दूसरे आलू सुरक्षित रहें. आलू को काटकर फ्रिज में रखने पर उसे 24 घंटे के भीतर इस्तेमाल कर लेना चाहिए.
गर्मियों में सबसे ज्यादा सब्जियों के खराब होने की समस्या रहती है. कई बार तो एक दो दिन में ही कई सब्जियां खराब होने लगती हैं. ऐसे में किचन में खाने में सबसे ज्यादा आलू का उपयोग होता है. कई बार घरों में दो–तीन दिन या उससे ज्यादा भी आलू को रखा जाता है. ऐसे में कई बार उनमें जड़े निकलने लगती हैं. अक्सर तापमान बढ़ने और नमी के कारण आलू अंकुरित होने लगते हैं. अगर इन्हें सही तरीके से स्टोर न किया जाए, तो ये अपनी ताजगी खो देते हैं और ढीले पड़ जाते हैं. आलू को लंबे समय तक सुरक्षित रखने के लिए उन्हें किसी ठंडी, सूखी और अंधेरी जगह पर रखना चाहिए. साथ ही, कभी भी आलू और प्याज को एक साथ नहीं रखना चाहिए, क्योंकि प्याज से निकलने वाली गैस आलू को जल्दी खराब कर देती है.
अगर आप भी घर में आलू को स्टोर करते हैं, तो इसका सही तरीका जानना भी जरूरी है. सिरोही में करीब 10 सालों से ऑर्गेनिक तरीके से आलू की खेती हो रही है. यहां खेती और आलू का स्टोरेज देख रहे बीके चंद्रेश भाई ने बताया कि आलू को सही तरीके से स्टोर करें, तो इन्हें लंबे समय तक ताजा रख सकते हैं. कुछ आसान तरीके अपनाकर आलू को जल्द खराब होने से बचाया जा सकता है.
कई बार आलू में से जड़ें निकलने पर ये समझा जाता है कि आलू खराब हो गया है, लेकिन ऐसा नहीं है. सभी जड़ निकले आलू खराब नहीं होते हैं. अगर आलू से छोटी जड़ें निकली हैं, तो उसे हटाकर दोबारा उपयोग किया जा सकता है. लेकिन अगर आलू से बदबू आने लगे या आलू हरा पड़ जाए, तो उसे अन्य आलू में से हटा देना चाहिए. इससे दूसरे आलू भी खराब होने से बच जाते हैं.
Add as Preferred Source on Google
जिन आलू से पानी निकलने लगे या आलू सामान्य से ज्यादा सॉफ्ट होने लगे, तो ये भी आलू के खराब होने के लक्षण हैं. आलू को स्टोर करते समय सही टेंपरेचर और जगह का ध्यान रखना जरूरी है. आलू को ठंडी और सूखी जगह पर रखना चाहिए. ज्यादा गर्म जगह पर आलू को रखने से ये जल्दी सूखने लगते हैं और उनमें जड़ें निकलना शुरू हो जाती हैं.
जिस जगह पर आलू को स्टोर किया जा रहा है, वहां हवा भी पर्याप्त होनी चाहिए. हवा पास होते रहने से आलू हमेशा फ्रेश रहते हैं, इसलिए टोकरी या खुले बैग में आलू को रखना सही होता है. आलू को फ्रिज में लंबे समय तक रखना भी उसे खराब कर देता है. लंबे समय तक आलू को फ्रिज में रखने से इसका स्वाद खराब हो जाता है.
आलू को काटने या छिलने के बाद फ्रिज में रखने पर उसका इस्तेमाल 24 घंटे तक किया जा सकता है. इसके बाद आलू खराब होने लगते हैं. ऐसे में आलू को फ्रिज में स्टोर करने से बचना चाहिए. इससे आलू का स्वाद बना रहता है.
आलू को लंबे समय तक स्टोर रखने के लिए उसे सीधी धूप से बचाना जरूरी है. आलू को खुली धूप लगने से आलू हरे पड़ने लगते हैं. ऐसे आलू का सेवन करना स्वास्थ्य पर भी असर डालता है. ऐसे में आलू को हमेशा अंधेरे वाली जगह जैसे बंद अलमारी आदि में स्टोर करना चाहिए.
First Published :
April 16, 2026, 08:32 IST



