National

Assam Today’s Chanakya Exit Poll LIVE: असम में BJP गठबंधन को 102 सीटें मिलने का अनुमान, टुडेज चाणक्य का एग्जिट पोल

Bengal Chunav Result 2026 LIVE Updates: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में कुल 294 सीटों पर दो चरणों में वोट डाले गए. पहले चरण में 152 सीटों पर 23 अप्रैल को और दूसरे चरण में 142 सीटों पर 29 अप्रैल को मतदान हुआ. मतगणना 4 मई को होगी. इस बीच दूसरे चरण की वोटिंग खत्म होते ही एग्जिट पोल के आंकड़े सामने आ गए हैं. जेवीसी के एग्जिट पोल के अनुसार, पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) और भाजपा के बीच कांटे की टक्कर है. टीएमसी को 131 से 152 सीटें मिलने का अनुमान है, जबकि भाजपा को 138 से 159 सीटें मिल सकती हैं. कांग्रेस के खाते में 0 से 2 सीटें जाने का अनुमान है, जबकि वाम दलों और अन्य के खाते में कोई सीट जाती नहीं दिख रही है. वहीं, जनमत पोल्स के एग्जिट पोल में टीएमसी को 195 से 205 सीटें मिलने का अनुमान है, जबकि भाजपा को 80 से 90 सीटें मिल सकती हैं. कांग्रेस को 1 से 3 सीटें मिलने की संभावना है. वाम दलों को 0 से 1 सीट और अन्य के खाते में 3 से 5 सीटें जा सकती हैं.

वहीं पीपुल्स इनसाइट के एग्जिट पोल के मुताबिक, पश्चिम बंगाल में कड़ा मुकाबला देखने को मिल रहा है. टीएमसी को 138 से 150 सीटें मिलने का अनुमान है, जबकि भाजपा को 144 से 154 सीटें मिल सकती हैं. कांग्रेस के खाते में 0 से 1 सीट और वाम दलों को भी 0 से 1 सीट मिलने की संभावना जताई गई है. पश्चिम बंगाल में सरकार बनाने के लिए किसी भी दल या गठबंधन को 148 सीटों की जरूरत होगी. इस चुनाव में मुख्य मुकाबला तृणमूल कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी के बीच रहा. चुनाव के दौरान दोनों तरफ से एक-दूसरे पर तीखे जुबानी हमले किए गए.

पश्चिम बंगाल में इस बार कुल 6.82 करोड़ से अधिक मतदाता थे. इनमें 3.60 करोड़ से अधिक पुरुष, 3.44 करोड़ से अधिक महिलाएं और 1,382 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल थे. चुनाव आयोग के अनुसार, राज्य में इस बार रिकॉर्ड मतदान दर्ज किया गया. अगर मतदान प्रतिशत की बात करें तो पहले चरण में 152 सीटों पर 93.19 प्रतिशत मतदान हुआ, जो राज्य के चुनावी इतिहास में रिकॉर्ड माना गया. वहीं, दूसरे चरण में 142 सीटों पर शाम 5 बजे तक 89.99 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया. दोनों चरणों को मिलाकर पश्चिम बंगाल में इस बार मतदान प्रतिशत ऐतिहासिक स्तर पर रहा.

Tamil Nadu Today’s Chanakya Exit Poll: तमिलनाडु में त्रिकोणीय मुकाबले का अनुमान, टुडेज़-चाणक्य एग्जिट पोल में TVK और DMK के बीच कांटे की टक्कर

तमिलनाडु विधानसभा चुनाव 2026 को लेकर टुडेज़-चाणक्य के एग्जिट पोल ने बेहद दिलचस्प और चौंकाने वाली तस्वीर पेश की है. सर्वे के मुताबिक राज्य में पारंपरिक दलों के साथ एक नया राजनीतिक खिलाड़ी भी मजबूती से उभरता नजर आ रहा है, जिससे मुकाबला त्रिकोणीय हो गया है. एग्जिट पोल के अनुसार, मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन की अगुवाई वाली DMK+ को 92 से 110 सीटें मिलने का अनुमान है, जो उसे मजबूत स्थिति में दिखाता है. वहीं AIADMK को 22 से 32 सीटों के बीच सीमित रहने की संभावना जताई गई है. सबसे बड़ा सरप्राइज फिल्मी दुनिया से राजनीति में आए थलापति विजय की पार्टी TVK को लेकर है. सर्वे में TVK को 98 से 120 सीटें मिलने का अनुमान लगाया गया है, जो उसे सीधे सत्ता की दौड़ में खड़ा करता है. इन आंकड़ों से साफ है कि इस बार तमिलनाडु की राजनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है, जहां नई ताकत पुराने समीकरणों को चुनौती देती नजर आ रही है.

Kerala Today’s Chanakya Exit Poll: केरल में त्रिशंकु विधानसभा के संकेत, टुडेज़-चाणक्य एग्जिट पोल में LDF आगे

केरल विधानसभा चुनाव को लेकर टुडेज़-चाणक्य के एग्जिट पोल ने दिलचस्प तस्वीर पेश की है, जिसमें किसी भी गठबंधन को स्पष्ट बहुमत मिलता नजर नहीं आ रहा. सर्वे के अनुसार, लेफ्ट पार्टियों के गठबंधन लोकतांत्रिक मोर्चा (LDF) को 64 सीटें मिलने का अनुमान है, जो बहुमत के आंकड़े से थोड़ा पीछे है. वहीं कांग्रेस के नेतृत्व वाले संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (UDF) को 49 से 62 सीटें मिलने की संभावना जताई गई है. अन्य दलों के खाते में 0 से 3 सीटें जा सकती हैं, जो सरकार गठन में अहम भूमिका निभा सकती हैं. 140 सदस्यीय केरल विधानसभा में बहुमत के लिए 71 सीटों की जरूरत होती है. ऐसे में यह एग्जिट पोल संकेत दे रहा है कि राज्य में कड़ी टक्कर के साथ त्रिशंकु विधानसभा की स्थिति बन सकती है, जहां छोटे दल या निर्दलीय सरकार बनाने में निर्णायक साबित हो सकते हैं.

Assam Today’s Chanakya Exit Poll LIVE: असम में फिर से हिमंता बिस्वा सरमा की सरकार आने की संभावना

सर्वे एजेंसी टुडेज चाणक्य ने असम विधानसभा चुनाव को लेकर अपना एग्जिट पोल जारी कर दिया है. टुडेज चाणक्य ने दावा किया है कि बीजेपी की अगुवाई वाले एनडीए को 102 सीटें मिलने का अनुमान लगाया गया है. वहीं कांग्रेस की अगुवाई वाले इंडिया गठबंधन को 23 सीटें मिलने की संभावना जताई है. इसके अलावा अन्य दलों को केवल एक मिलने की उम्मीद लगाई गई है. असम चुनाव को लेकर टुडेज चाणक्य के एग्जिट पोल को माने तो मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा की अगुवाई में बीजेपी एक बार फिर से सरकार बनाने जा रही है. असम में विधानसभा की 126 सीटें हैं.

Bengal Chunav Result 2026 LIVE: थोड़ी देर में टुडेज चाणक्य जारी करेगा अपना एग्जिट पोल

Today’s Chanakya ने अपने आगामी स्टेट एनालिसिस की तारीख और समय का ऐलान कर दिया है. संस्था ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जानकारी देते हुए बताया कि 30 अप्रैल 2026 को चार राज्यों के चुनावी विश्लेषण अलग-अलग समय पर जारी किए जाएंगे. शेड्यूल के अनुसार, शाम 5:30 बजे असम का एनालिसिस जारी होगा. इसके बाद 5:45 बजे केरल, 6:00 बजे तमिलनाडु और शाम 6:30 बजे पश्चिम बंगाल का विश्लेषण पेश किया जाएगा. इस ऐलान के बाद राजनीतिक हलकों और चुनावी विश्लेषकों के बीच उत्सुकता बढ़ गई है, क्योंकि ‘Today’s Chanakya. के आंकड़ों को अक्सर सटीक माना जाता है.

Bengal Chunav Result 2026 LIVE: बंगाल में बंपर वोटिंग देख गदगद हुए टीएमसी नेता जॉय प्रकाश मजूमदार

कोलकाता में मतदाताओं की बढ़ती भागीदारी को लेकर तृणमूल कांग्रेस (TMC) के उपाध्यक्ष जॉय प्रकाश मजूमदार ने बंगाल की राजनीतिक जागरूकता की सराहना की. उन्होंने कहा, ‘सच तो यह है कि बंगाल के लोग वोट डालने को लोकतंत्र के एक उत्सव के तौर पर देखते हैं और यह आज से नहीं, बल्कि काफी लंबे समय से चला आ रहा है. वे बड़ी संख्या में इसमें हिस्सा लेते हैं. दूसरे राज्यों के मुकाबले, यही वह फ़र्क है. बंगाल के लोग राजनीतिक रूप से काफी परिपक्व हैं.’ मजूमदार के इस बयान को राज्य में लगातार उच्च मतदान प्रतिशत के संदर्भ में देखा जा रहा है. उन्होंने संकेत दिया कि बंगाल में मतदान केवल अधिकार नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक भागीदारी का उत्सव बन चुका है, जो अन्य राज्यों से इसे अलग पहचान देता है.

Bengal Chunav Result 2026 LIVE: फलोदी सट्टा बाजार का अनुमान बंगाल में कांटे की टक्कर, BJP को बढ़त

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के नतीजों से पहले फलोदी सट्टा बाजार के अनुमान सामने आए हैं, जिनमें मुकाबला बेहद करीबी बताया गया है. सट्टा बाजार के आंकड़ों के मुताबिक भारतीय जनता पार्टी (BJP) को 147 से 150 सीटें मिल सकती हैं, जबकि तृणमूल कांग्रेस (TMC) 139 से 142 सीटों पर सिमट सकती है. इन अनुमानों के अनुसार राज्य में सत्ता परिवर्तन की संभावना जताई जा रही है, हालांकि दोनों दलों के बीच अंतर बहुत कम है, जिससे मुकाबला रोमांचक बना हुआ है. राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि अंतिम नतीजे आने तक स्थिति पूरी तरह स्पष्ट नहीं होगी और छोटे अंतर के कारण परिणाम चौंकाने वाले भी हो सकते हैं.

Bengal Chunav Result 2026 LIVE: एग्जिट पोल पर अधीर रंजन चौधरी बोले- 4 को रिजल्ट का इंतजार कीजिए

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव को लेकर आए ज्यादातर एग्जिट पोल में बीजेपी को जीत का अनुमान लगाए जाने पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और प्रत्याशी अधीर रंजन चौधरी ने कहा- ‘चुनाव खत्म होने के बाद कोई भी कुछ सोच और बोल सकते हैं. इसपर टैक्स नहीं है. बेहतर हैं हमें 4 मई का इंतजार करना चाहिए. 4 तारीख को दूध का दूध और पानी का पानी साफ हो जाएगा.’

Bengal Chunav Result 2026 LIVE: बंगाल चुनाव के एग्जिट पोल पर बोले बीजेपी नेता, TMC जाएगी, और BJP आएगी’

पश्चिम बंगाल में बीजेपी नेता राहुल सिन्हा ने एग्जिट पोल के अनुमानों पर कहा- ‘लोग TMC की चोरी और कुशासन से मुक्ति चाहते हैं. उन्हें यह एहसास हो गया है कि TMC जो सांप्रदायिकता का माहौल बनाकर बंगाल का संतुलन बिगाड़ना चाहती है और पश्चिम बंगाल को बांग्लादेश में बदलना चाहती है, उसकी असलियत लोगों को समझ आ गई है. इसीलिए हर किसी ने बदलाव के लिए वोट दिया. हम चुनाव आयोग और CRPF को चुनाव बहुत अच्छे से करवाने के लिए दिल से धन्यवाद देते हैं. TMC के गुंडे कुछ नहीं कर पाए, जिससे लोगों के लिए वोट डालना आसान हो गया. बंगाल में बदलाव ज़रूर होगा. TMC जाएगी, और BJP आएगी.’

West Bengal Exit Poll Results LIVE: आरजेडी नेता मनोज झा ने एग्जिट पोल को कहा जुआ

पश्चिम बंगाल, केरल, तमिलनाडु और असम चुनावों को लेकर आए एग्जिट पोल पर आरजेडी के राज्य सभा सांसद मनोज झा ने कहा- ‘मैं एग्जिट पोल को जुए से ज़्यादा कुछ नहीं मानता. मैं 4 तारीख का इंतज़ार करूंगा और देखूंगा कि क्या नतीजे आते हैं. वोटिंग प्रतिशत को बहुत ध्यान से देखने की ज़रूरत है. अभी लाखों मामले ट्रिब्यूनल में पेंडिंग हैं. अगर अब उनमें हज़ारों और जुड़ जाते हैं, तो उनके वोटों के लिए कौन ज़िम्मेदार है? इस लोकतंत्र में, ज़िम्मेदारी का कोई मतलब ही नहीं रह गया है.’

West Bengal Election LIVE: कुछ बूथों पर हो सकता है फिर पुनर्मतदान, चुनाव आयोग आज करेगा समीक्षा – सूत्र

पश्चिम बंगाल चुनाव लाइव: पश्चिम बंगाल में दूसरे चरण के मतदान के बाद कुछ बूथों पर पुनर्मतदान की संभावना जताई जा रही है. सूत्रों के मुताबिक, मतदान प्रक्रिया के दौरान आई शिकायतों और गड़बड़ियों की रिपोर्ट के आधार पर चुनाव आयोग आज यानी गुरुवार 30 अप्रैल 2026 को समीक्षा करेगा. जिन बूथों पर नियमों के उल्लंघन या तकनीकी खामियों की पुष्टि होगी, वहां दोबारा मतदान कराया जा सकता है. आयोग का कहना है कि निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव सुनिश्चित करना उसकी प्राथमिकता है. अंतिम फैसला समीक्षा रिपोर्ट के आधार पर लिया जाएगा, जिस पर सभी की नजरें टिकी हैं.

West Bengal Exit Poll Results LIVE: पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी को हराना मुश्किल – तारिक अनवर

पश्चिम बंगाल एग्जिट पोल रिजल्‍ट लाइव: कांग्रेस सांसद तारिक अनवर ने एग्जिट पोल पर भरोसा जताने से इनकार करते हुए कहा है कि पार्टी को इन अनुमानों पर विश्वास नहीं है. उन्होंने कहा कि एग्जिट पोल कई बार गलत साबित हुए हैं, इसलिए 4 मई तक किसी नतीजे पर पहुंचना जल्दबाज़ी होगी. कांग्रेस नेत ने स्पष्ट किया कि चाहे एग्जिट पोल कांग्रेस के पक्ष में हों या विपक्ष में, पार्टी इन्हें गंभीरता से नहीं लेती. उन्होंने दावा किया कि केरल में कांग्रेस जीत दर्ज करेगी, वहीं पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी को हराना मुश्किल है. असम को लेकर उन्होंने कहा कि रिपोर्ट्स में बीजेपी के वर्चस्व की बात कही जा रही है, लेकिन अंतिम तस्वीर 4 मई को नतीजों के साथ ही साफ होगी.

West Bengal Exit Poll Results LIVE: 4 मई को पश्चिम बंगाल में भाजपा की सरकार बन रही है – BJP सांसद

पश्चिम बंगाल एग्जिट पोल रिजल्‍ट लाइव: पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के बाद सामने आए एग्जिट पोल को लेकर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है. इसी कड़ी में भाजपा सांसद सौमित्र खां ने एग्जिट पोल पर प्रतिक्रिया देते हुए राज्य में सत्ता परिवर्तन का दावा किया है. एक विशेष बातचीत में उन्होंने कहा कि इस बार मतदान पूरी तरह शांतिपूर्ण रहा, जिसके लिए उन्होंने चुनाव आयोग और राज्य पुलिस की सराहना की. सौमित्र खां ने कहा कि मतदान में बुजुर्गों से लेकर युवाओं तक ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया, जो लोकतंत्र के प्रति जनता के उत्साह को दर्शाता है. उनके मुताबिक, पश्चिम बंगाल की जनता ने तृणमूल कांग्रेस सरकार को हटाने का मन बना लिया है. उन्होंने यह भी दावा किया कि इस बार मुस्लिम समुदाय ने भी भाजपा को समर्थन दिया, जिसके लिए उन्होंने उनका धन्यवाद किया. भाजपा सांसद ने राज्य में बेरोजगारी को बड़ा मुद्दा बताते हुए आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी (Mamata Banerjee) की सरकार ने विकास कार्यों में बाधा डाली, जिससे जनता परेशान थी. सौमित्र खां ने कहा कि बाहर से आए जैसे आरोपों को भी जनता ने खारिज कर दिया है और खुद को भारत का हिस्सा मानते हुए मतदान किया है. कांग्रेस नेता सुप्रिया श्रीनेत के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि अलग-अलग राज्यों की अपनी संस्कृति और खानपान होता है, जिसे दिखाना स्वाभाविक है. उन्होंने आगे कहा कि एग्जिट पोल को कोई माने या न माने, लेकिन 4 मई को नतीजे सबके सामने होंगे. सौमित्र खां ने विश्वास जताया कि 4 मई को पश्चिम बंगाल में भाजपा की सरकार बनने जा रही है, क्योंकि जनता बदलाव के पक्ष में अपना मन बना चुकी है.

West Bengal Exit Poll Results LIVE: एग्जिट पोल के नतीजों के बाद बंगाल में हिंसा, भाजपा के पोलिंग एजेंट के घर पर हमला

पश्चिम बंगाल एग्जिट पोल रिजल्‍ट लाइव: पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता के बेहाला पश्चिम विधानसभा क्षेत्र में हिंसा का मामला सामने आया है. जानकारी के अनुसार, भाजपा के एक पोलिंग एजेंट के घर पर कथित हमला किया गया. भाजपा की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि टीएमसी के गुंडों ने बूथ संख्या 154 के पोलिंग एजेंट प्रसेनजीत ब्रह्मा और उनके भाई अभिजीत ब्रह्मा (जो आरएसएस स्वयंसेवक हैं) के घर पर 29 अप्रैल की शाम को हमला कर दिया. आरोप है कि करीब 50 लोगों की भीड़ ने घर में तोड़फोड़ की और प्रसेनजीत, अभिजीत समेत अन्य स्वयंसेवकों (लिटन, शुभा और सुमित साहू) की पिटाई की. भाजपा ने दावा किया है कि अभिजीत, लिटन और शुभा का जबरन अपहरण भी किया गया. घटना में घायल प्रसेनजीत ब्रह्मा और सुमित साहू को बांगुर अस्पताल में भर्ती कराया गया है. भाजपा ने यह भी आरोप लगाया कि परनाश्री थाने की पुलिस ने शिकायत दर्ज करने से इनकार कर दिया. वहीं, तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) ने इन आरोपों को खारिज करते हुए पलटवार किया है. फिलहाल मामले को लेकर राजनीतिक तनाव बढ़ गया है और प्रशासन की भूमिका पर भी सवाल उठ रहे हैं.

West Bengal Exit Poll Results LIVE: TMC 200 सीटें जीतकर सत्‍ता में वापसी करेगी – शिवदासन दासू

पश्चिम बंगाल एग्जिट पोल रिजल्‍ट लाइव: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव को लेकर जारी एग्जिट पोल के नतीजों पर V Sivadasan Dasu ने सवाल उठाए हैं. All India Trinamool Congress (टीएमसी) के राज्य सचिव शिवदासन दासू ने कहा कि एग्जिट पोल कभी भी बंगाल में पार्टी के वास्तविक प्रदर्शन को सही ढंग से नहीं दिखा पाए हैं. उन्होंने साल 2021 के चुनाव का हवाला देते हुए बताया कि कई चैनलों ने टीएमसी को बहुमत से कम सीटें दी थीं, लेकिन वास्तविक नतीजों में पार्टी ने स्पष्ट जीत हासिल की थी. दासू ने कहा कि इस बार भी एग्जिट पोल में बीजेपी को बढ़त दिखाई जा रही है, जो वास्तविकता से दूर है. उन्होंने भरोसा जताया कि Mamata Banerjee के नेतृत्व में टीएमसी 200 से अधिक सीटें जीतकर फिर सत्ता में लौटेगी. दासू ने अपने लंबे राजनीतिक अनुभव का हवाला देते हुए कहा कि जमीनी हकीकत एग्जिट पोल से बिल्कुल अलग है.

West Bengal Exit Poll Results LIVE: SIR को मुद्दा बनाकर कोई इलेक्‍शन नहीं जीत सकता – दिलिप घोष

पश्चिम बंगाल एग्जिट पोल रिजल्‍ट लाइव: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के लिए मतदान प्रक्रिया समाप्त होने के बाद सियासी बयानबाजी तेज हो गई है. खड़गपुर सदर से भारतीय जनता पार्टी (BJP) के उम्मीदवार दिलीप घोष ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की सराहना करते हुए कहा कि दो चरणों में चुनाव कराना एक बड़ी चुनौती थी, जिसे सफलतापूर्वक पूरा किया गया. उन्होंने कोलकाता और आसपास के क्षेत्रों में हुए मतदान प्रतिशत को ऐतिहासिक बताया. दिलीप घोष ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्होंने स्पेशल इंटेंसिव रिविजन (SIR) को अनावश्यक मुद्दा बनाया, जबकि इस मुद्दे के सहारे चुनाव नहीं जीता जा सकता. उन्होंने क्रिकेट की भाषा में कहा कि जीत उसी टीम की होती है जो दोनों पारियों में अच्छा प्रदर्शन करती है.

West Bengal Exit Poll Results LIVE: सुप्रिया श्रीनेत को अभी क्‍यों याद आई मछली-भात?

पश्चिम बंगाल एग्जिट पोल परिणाम लाइव: कांग्रेस नेता Supriya Shrinate ने भाजपा पर तीखा हमला बोलते हुए बंगाल चुनाव को लेकर दोहरे मापदंड का आरोप लगाया है. उन्होंने कहा कि अनुराग ठाकुर, मनोज तिवारी और हिमंता बिस्‍वा सरमा जैसे नेताओं ने चुनाव प्रचार के दौरान बंगाल में मछली-भात का आनंद लिया और इसे प्रचार का हिस्सा बनाया. सुप्रिया श्रीनेत का आरोप है कि चुनाव खत्म होते ही यही नेता मांस और मछली की दुकानों को बंद कराने और लोगों को डराने का काम करेंगे. उन्होंने भाजपा पर ढोंग और नफरत फैलाने की राजनीति करने का आरोप लगाया है.

Bengal Chunav Results LIVE: एग्जिट पोल व्हाट्सएप यूनिवर्सिटी के मौसम पूर्वानुमान – अभिषेक मनु सिंघवी

पश्चिम बंगाल चुनाव परिणाम लाइव: कांग्रेस नेता अभ‍िषेक मनु सिंघवी ने एग्जिट पोल की विश्वसनीयता पर तीखा तंज कसते हुए उन्हें व्हाट्सएप यूनिवर्सिटी के मौसम पूर्वानुमान जैसा बताया. उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि हर चुनाव में सर्वे एजेंसियां बड़े आत्मविश्वास से तूफान की भविष्यवाणी करती हैं, लेकिन नतीजों के दिन चमकती धूप निकल आती है. सिंघवी ने कहा कि मतदाता चुपचाप अपने फैसले से इन भविष्यवाणियों को गलत साबित कर देते हैं. उनके इस बयान से एग्जिट पोल की सटीकता और भरोसे को लेकर एक बार फिर बहस तेज हो गई है.

Bengal Chunav Results LIVE: बंगाल में परिवर्तन तय – रामकृपाल यादव

पश्चिम बंगाल चुनाव परिणाम लाइव: भाजपा नेता राम कृपाल यादव ने कहा कि असम में हमारी फिर से सरकार बनेगी और बंगाल में परिवर्तन होना तय है. कुछ ही दिन का मामला है. जनता के जनादेश का आदर किया जाएगा. उनकी (ममता बनर्जी) सरकार नहीं बनेगी, भाजपा दो तिहाई बहुमत से जीतेगी और बंगाल में कमल खिलेगा.

Bengal Chunav Results LIVE: कार्यकर्ताओं की कठिन मेहनत रंग ला रही – अपराजिता सारंगी

पश्चिम बंगाल चुनाव परिणाम लाइव: भाजपा सांसद अपराजिता सारंगी ने एग्जिट पोल के नतीजों पर कहा, ‘प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह का नेतृत्व और भाजपा के कार्यकर्ताओं की कठिन मेहनत रंग ला रही है. लोगों को भाजपा की विचारधारा और नेतृत्व अच्छा लगा. असम में हमारी सरकार थी और हमारी ही सरकार रहेगी. जो सुशासन का माहौल वहां बनाया गया है, जनता चाहती है कि उसे और आगे ले जाएं. लोग पश्चिम बंगाल में भी डबल इंजन की सरकार चाह रहे हैं. जहां डबल इंजन सरकार है, वहां निश्चित तौर पर डबल फायदा होता है और डबल गति से विकास होता है.’

Bengal Chunav Results LIVE: बंगाल में ढहा ममता का किला तो उसका जिम्‍मेदार कौन?

पश्चिम बंगाल चुनाव परिणाम लाइव: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए मतदान संपन्‍न हो चुका है. दो चरणों में हुए चुनाव में रिकॉर्ड तोड़ वोटिंग हुई. विधानसभा चुनाव से पहले और उसके दौरान कई ऐसी घटनाएं हुईं और बयान सामने आए, जिससे जनता के बीच टीएमसी को लेकर अच्‍छा संदेश नहीं गया. यदि 4 मई को एग्जिट पोल नतीजे जैसा ही हाल रहा तो टीएमसी की हार के लिए ये तीन लोग जिम्‍मेदार हो सकते हैं. हुमायूं कबीर ने ममता बनर्जी की पार्टी से बगावत करते हुए बंगाल में बाबरी मस्जिद बनाने का ऐलान कर दिया. इससे हिन्‍दुओं के मन में डर बैठना स्‍वाभाविक है. हुमायूं को टीएमसी ने हालांकि पार्टी से निकाल दिया. वहीं, पार्टी के दिग्‍गज नेता अभिषेक बनर्जी और जहांगीर खान की बयानबाजियों ने रही सही कसर पूरी कर दी.

Source link

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

Uh oh. Looks like you're using an ad blocker.

We charge advertisers instead of our audience. Please whitelist our site to show your support for Nirala Samaj