दौसा में महिला के साथ क्रूरता की हदें पार, छाती पर बैठकर चांदी के कड़े काटे, पुलिस के हत्थे चढ़ा आरोपी

दौसा. जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां बुजुर्ग महिला के पैरों में पहने चांदी के कड़े ग्राइंडर मशीन से काटकर लूट लिए गए. इस घटना ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी है और पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. यह पूरी वारदात गुढ़ाकटला क्षेत्र के पास हुई, जहां बदमाशों ने बुजुर्ग महिला के साथ बेहद क्रूरता से लूट को अंजाम दिया.
जानकारी के अनुसार, बुधवार को गुढ़ाकटला में मनभरी योगी नामक बुजुर्ग महिला अपने घर के आसपास मौजूद थी. इसी दौरान तीन बदमाश वहां पहुंचे और पहले महिला को दबोच लिया. आरोप है कि एक आरोपी ने महिला के पैर दबाए, दूसरे ने उसका मुंह दबा दिया ताकि वह शोर न मचा सके, जबकि तीसरा आरोपी महिला की छाती पर बैठ गया. इसके बाद आरोपियों ने ग्राइंडर मशीन से उसके पैरों में पहने चांदी के कड़े काट लिए और मौके से फरार हो गए. इस दौरान महिला चीख भी नहीं पाई और पूरी घटना कुछ ही मिनटों में अंजाम दी गई.
गिरफ्तारी के लिए एसपी ने टीम का किया था गठन
घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया और स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया. मामले की गंभीरता को देखते हुए दौसा पुलिस सक्रिय हुई और एसपी सागर राणा ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम का गठन किया. एसपी ने स्पष्ट निर्देश दिए थे कि 24 घंटे के भीतर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाए. पुलिस की जिला स्पेशल टीम ने तकनीकी और खुफिया इनपुट के आधार पर तीनों आरोपियों को दबोच लिया.
गिरफ्तारी के दौरान आमना-सामना भी हुआ
गिरफ्तारी के दौरान गुढ़ाकटला के पास पुलिस और बदमाशों के बीच आमना-सामना भी हुआ. इस दौरान भागने के प्रयास में एक बदमाश पत्थरों में गिर गया, जिससे उसके दोनों पैर टूट गए. घायल अवस्था में तीनों आरोपियों को पहले गुढ़ाकटला अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बांदीकुई अस्पताल रेफर किया गया. फिलहाल एक घायल बदमाश का इलाज अस्पताल में चल रहा है.
पुलिस गिरोह के नेटवर्क की कर रही है जांच
पुलिस के अनुसार, यह गिरोह पहले भी इस तरह की वारदातों में शामिल रहा है. अब इस पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है. वहीं दौसा एसपी सागर राणा ने कहा कि जिले में अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और किसी भी सूरत में ऐसे मामलों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. पुलिस अब आरोपियों के आपराधिक नेटवर्क और पुराने मामलों की भी गहन जांच कर रही है.
सवाई माधोपुर में भी हो चुकी है ऐसी ही घटना
सवाई माधोपुर जिले में भी अप्रैल 2025 में इस तरह की घटना हो चुकी है. बामनवास तहसील क्षेत्र में चांदी के कड़े लूटने के लिए एक महिला की बेरहमी से हत्या कर दी गई थी. इस घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी थी और ग्रामीणों में भारी आक्रोश पनप गया था. 50 वर्षीय उर्मिला मीणा सुबह अपने घर से खेत पर लकड़ी काटने गई थी, लेकिन वह दोपहर तक वापस नहीं लौटी. परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की तो खेत में उसका शव पड़ा मिला. शव की हालत देखकर परिजनों और ग्रामीणों के होश उड़ गए. महिला का गला रेता हुआ था और दोनों पैर काटे हुए थे. उसके पैरों के नीचे के हिस्से गायब थे.
तलाशी के दौरान पास ही बने पानी के कुंड से उसके कटे हुए पैर बरामद हुए थे, जबकि पैरों में पहने करीब दो किलो चांदी के कड़े गायब थे.घटना के बाद ग्रामीणों में जबरदस्त आक्रोश फैल गया था और उन्होंने शव को सड़क पर रखकर जाम लगा दिया था. पुलिस ने हालात को संभालने का प्रयास किया, लेकिन ग्रामीण आरोपियों की तुरंत गिरफ्तारी की मांग पर अड़े रहे.



