टेस्ट या वनडे? अफगानिस्तान के खिलाफ किसी एक फॉर्मेट में खेल सकते हैं बुमराह, 19 को टीम का ऐलान

होमखेलक्रिकेट
टेस्ट या वनडे? अफगानिस्तान के खिलाफ किसी एक फॉर्मेट में खेल सकते हैं बुमराह
Last Updated:May 16, 2026, 17:14 IST
Bumrah To Play Either Test Or ODIs Against Afghanistan: बीसीसीआई अफगानिस्तान के खिलाफ टेस्ट वनडे सीरीज के लिए टीम का ऐलान 19 मई को करेगी. जसप्रीत बुमराह किसी एक सीरीज में ही खेल सकते हैं. वहीं प्रिंस यादव को पहली बार टीम में शामिल किया जा सकता है. दिल्ली के इस पेसर ने आईपीएल में अपनी गेंदबाजी से प्रभावित किया है जिसने विराट कोहली जैसे दिग्गज को भी आउट किया है. अफगानिस्तान के खिलाफ टेस्ट या वनडे किसी एक सीरीज में खेल सकते हैं बुमराह.
नई दिल्ली. भारतीय टीम के तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह अगले महीने अफगानिस्तान के खिलाफ होने वाली सीरीज में या तो एकमात्र टेस्ट मैच खेल सकते हैं या फिर तीन वनडे मैचों का हिस्सा होंगे. चयन समिति 19 मई को टीम घोषित करने से पहले बुमराह के वर्कलोड पर खास ध्यान दे रही है. छह से 10 जून तक न्यू चंडीगढ़ में टेस्ट मैच होगा, जो विश्व टेस्ट चैंपियनशिप का हिस्सा नहीं है. इसके बाद वनडे मैच 14 जून (धर्मशाला), 17 जून (लखनऊ) और 20 जून (चेन्नई) में होंगे. यह वनडे सीरीज इसलिए भी चर्चा में है क्योंकि विराट कोहली और रोहित शर्मा फिलहाल इसी फॉर्मेट में खेलते नजर आते हैं.
दिल्ली के युवा तेज गेंदबाज प्रिंस यादव (Prince Yadav) का नाम भी चयन बैठक में चर्चा में आ सकता है. उन्होंने विजय हजारे ट्रॉफी में आठ मैचों में 17 विकेट लिए थे और आईपीएल 2026 में 12 मैचों में 16 विकेट लेकर प्रभावित किया है. विराट कोहली को शानदार सीम गेंद पर आउट करना उनके प्रदर्शन का सबसे बड़ा आकर्षण रहा. हर्षित राणा के जल्दी फिट होने की संभावना कम है, इसलिए प्रिंस को आजमाने के लिए यह सीरीज सही मानी जा रही है. अजीत अगरकर की अगुवाई वाली चयन समिति टेस्ट टीम में कोई बड़ा प्रयोग नहीं करना चाहेगी.
अफगानिस्तान के खिलाफ टेस्ट या वनडे किसी एक सीरीज में खेल सकते हैं बुमराह.
श्रीलंका और न्यूजीलैंड के आगामी विदेशी दौरों को ध्यान में रखते हुए पिछले एक साल में लगातार मौका पाने वाले खिलाड़ियों पर ही भरोसा किया जा सकता है. इन दोनों देशों में परिस्थितियां बिल्कुल अलग होंगी. बुमराह ने आईपीएल में लगातार क्रिकेट खेला है, लेकिन संभावना कम है कि वह अफगानिस्तान के खिलाफ टेस्ट और वनडे दोनों सीरीज से बाहर रहेंगे. भारतीय टेस्ट टीम की जर्सी पहनना बुमराह के लिए हमेशा खास रहा है, तो उन्हें टेस्ट में उतारा जाएगा या नहीं, यही सबसे बड़ा सवाल है.
सूत्रों के मुताबिक, अगर बुमराह टेस्ट खेलते हैं तो उन्हें वनडे से आराम मिलेगा, और अगर वह वनडे खेलते हैं तो टेस्ट से विश्राम मिल सकता है. टीम में कुछ बदलाव की चर्चा है, लेकिन संभावना है कि देवदत्त पडिक्कल को बल्लेबाजी क्रम में तीसरे नंबर पर साई सुदर्शन की जगह मौका मिल सकता है. इस स्थान के लिए वॉशिंगटन सुंदर और ध्रुव जुरेल भी विकल्प हैं. सुंदर तमिलनाडु के लिए नंबर तीन पर बल्लेबाजी कर चुके हैं, जबकि जुरेल विशेषज्ञ बल्लेबाज की भूमिका निभा सकते हैं. अगर बुमराह टेस्ट के लिए उपलब्ध नहीं रहते, तो नई गेंद की जिम्मेदारी मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा के पास होगी.
आकाश दीप और हर्षित राणा दोनों चोटिल हैं, ऐसे में जम्मू-कश्मीर के औकिब नबी को तीसरे तेज गेंदबाज के तौर पर मौका मिल सकता है. रणजी ट्रॉफी में उन्होंने 60 विकेट लिए थे. हालांकि, उनकी प्रतिस्पर्धा नितीश कुमार रेड्डी से रहेगी. अगर बुमराह टीम में आते हैं, तो औकिब नबी को इंतजार करना पड़ सकता है, क्योंकि भारतीय परिस्थितियों में तीन विशेषज्ञ तेज गेंदबाजों से ज्यादा को अंतिम एकादश में जगह नहीं मिलती और यहां स्पिनरों की भूमिका अहम रहती है.
स्पिन विभाग में रविंद्र जडेजा, कुलदीप यादव और वॉशिंगटन सुंदर लगभग तय माने जा रहे हैं. पिछली टीम की तुलना में अक्षर पटेल की जगह पर सवाल उठ सकते हैं. हर्ष दुबे को श्रीलंका ए की त्रिकोणीय सीरीज के लिए चुना गया है, लेकिन फिलहाल उन्हें टेस्ट टीम की दौड़ में नहीं माना जा रहा. दूसरी ओर, मानव सुथार अक्षर पटेल को कड़ी चुनौती दे सकते हैं. अनुभव के आधार पर बाजी अक्षर के पक्ष में जा सकती है.
About the AuthorKamlesh Raiचीफ सब एडिटर
कमलेश राय वर्तमान में इंडिया में बतौर चीफ सब-एडिटर कार्यरत हैं. 17 वर्षों से अधिक के अपने सुदीर्घ पत्रकारीय सफर में उन्होंने डिजिटल मीडिया की बारीकियों और खबरों की गहरी समझ के साथ एक विशिष्ट पहचान बनाई ह…और पढ़ें
न्यूजलेटर
अब ईमेल पर इनसाइड स्टोरीज
खबरों के पीछे की खबर अब आपके इनबॉक्स में
सबमिट करें
Location :
New Delhi,Delhi



