25 लाख के कर्ज ने बनाया कातिल! टोंक में पड़ोसी महिला ने बुजुर्ग को मौत के घाट उतार लूटी चांदी, शव के किए टुकड़े

Last Updated:June 17, 2026, 20:26 IST
Murder In Tonk: टोंक के लवादर गांव में बुजुर्ग महिला हरबाई की हत्या के सनसनीखेज और ब्लाइंड मर्डर मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. जांच में सामने आया कि मृतका की पड़ोसी रसाल देवी ने 25 लाख रुपये का कर्ज चुकाने के लिए इस जघन्य वारदात को अंजाम दिया. आरोपी ने कुल्हाड़ी से हरबाई की हत्या करने के बाद उसके हाथ-पैर काटकर चांदी के जेवर उतार लिए और शव के टुकड़ों को प्लास्टिक के बोरे में भरकर फेंक दिया. पुलिस ने लगातार छह दिनों तक साक्ष्यों के आधार पर जांच करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. उसकी निशानदेही पर मृतका के चांदी के कड़े और हत्या में इस्तेमाल की गई कुल्हाड़ी भी बरामद की गई है.पुलिस की गिरफ्त में आरोपी रसाल देवी
टोंक. जिले के लवादर गांव में बुजुर्ग महिला के टुकड़ों में शव मिलने के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. पुलिस ने इस ब्लाइंड मर्डर केस में मृतका की पड़ोसी महिला रसाल देवी को गिरफ्तार किया है. आरोपी महिला ने 25 लाख रुपये का कर्ज चुकाने के लिए इस जघन्य वारदात को अंजाम दिया था. पुलिस अधीक्षक रोशन मीना ने पुलिस लाइन सभागार में आयोजित प्रेस वार्ता में मामले का खुलासा करते हुए बताया कि लवादर गांव में कुछ दिन पहले प्लास्टिक के बोरे में एक बुजुर्ग महिला का क्षत-विक्षत शव बरामद हुआ था. शव की पहचान गांव निवासी हरबाई के रूप में हुई थी. घटना के बाद पुलिस ने विशेष टीमों का गठन कर जांच शुरू की और लगातार छह दिनों तक तकनीकी एवं भौतिक साक्ष्यों के आधार पर गहन पड़ताल की.
जांच में सामने आया कि मृतका की पड़ोसी रसाल देवी भारी आर्थिक संकट से जूझ रही थी और उस पर करीब 25 लाख रुपये का कर्ज था. इसी वजह से उसने हरबाई की हत्या की साजिश रची. आरोपी महिला ने कुल्हाड़ी से वार कर हरबाई की निर्मम हत्या कर दी. हत्या के बाद पहचान छिपाने और जेवर लूटने के उद्देश्य से उसने मृतका के हाथ और पैर काट दिए और उनमें पहने हुए चांदी के आभूषण उतार लिए. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने शव के टुकड़ों को प्लास्टिक के बोरे में भरकर गांव के बाहर फेंक दिया, ताकि पुलिस को गुमराह किया जा सके. हालांकि पुलिस ने मामले की हर पहलू से जांच करते हुए आरोपी तक पहुंचने में सफलता हासिल की.
पुलिस ने आरोपी रसाल देवी को गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर मृतका के चांदी के कड़े बरामद किए हैं. साथ ही हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी भी जब्त कर ली गई है, बरामद साक्ष्यों और पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है. एसपी रोशन मीना ने बताया कि इस जटिल और चुनौतीपूर्ण मामले का सफल खुलासा करने वाली जांच टीम ने लगातार छह दिनों तक अथक प्रयास किए. टीम की सराहना करते हुए उन्होंने पुलिसकर्मियों के लिए नकद पुरस्कार की घोषणा भी की है. पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है.
About the AuthorMonali Paul
नमस्ते मेरा नाम मोनाली है, पेशे से पत्रकार हूं, ख़बरें लिखने का काम है. लेकिन कैमरे पर समाचार पढ़ना बेहद पसंद है. 2016 में पत्रकारिता में मास्टर्स करने के बाद पांच साल कैमरे पर न्यूज़ पढ़ने के साथ डेस्क पर खबरे…और पढ़ें
न्यूजलेटर
अब ईमेल पर इनसाइड स्टोरीज
खबरों के पीछे की खबर अब आपके इनबॉक्स में
सबमिट करें



