Income Source : आप भी करना चाहते हैं चौतरफा कमाई! इन विकल्पों में आजमाएं हाथ, चुंबक की तरह खिंचता आएगा पैसा

Last Updated:May 27, 2026, 15:15 IST
Passive Income : नौकरी की भागदौड़ में कई बार हम यह सोचना ही भूल जाते हैं कि पैसे कमाने के और भी तरीके हैं. अगर आप भी नौकरी के साथ ऐसे इनकम सोर्स बनाना चाहते हैं, जो हर महीने एक निश्चित कमाई का जरिया बन सकते हैं. यहां आपको ऐसे ही कुछ विकल्पों के बारे में बता रहे हैं, जिनमें हाथ आजमाया जा सकता है.
निवेश से कमाई : जब पैसिव इनकम की बात आती है तो इसमें निवेश पहले नंबर पर आता है. शेयर बाजार की कई ऐसी कंपनियां हैं, जो अपने शेयर खरीदने वालों को लाभांश देती हैं. लंबी अवधि के निवेशकों को इससे फायदा मिलता है. शेयर बाजार के निवेशकों के साथ म्यूचुअल फंड में एसआईपी के जरिये निवेश करने वालों को भी इसका फायदा मिल सकता है. स्टॉक्स से जहां लाभांश मिलता है, वहीं म्यूचुअल फंड के एसडब्ल्यूपी से हर महीने फिक्स्ड इनकम मिलती है.
कर्ज बांटकर ब्याज से कमाई : आजकल कमाई का एक नया जरिया भी बन रहा है. डिजिटल बैंकिंग के बढ़ते बाजार ने कई पी2पी लेंडिंग प्लेटफॉर्म विकसित कर दिए हैं. इन प्लेटफॉर्म पर आप किसी व्यक्ति अथवा बिजनेस को कर्ज बांटकर मोटा ब्याज वसूल सकते हैं. इस प्लेटफॉर्म पर आपको परंपरागत एफडी के मुकाबले ज्यादा रिटर्न मिलता है. यहां थोड़ा रिस्क जरूर है, लेकिन रिटर्न भी अन्य विकल्पों से ज्यादा मिल जाता है.
रीट भी है बेहतर : रियल एस्टेट इनवेस्टमेंट ट्रस्ट यानी रीट में पैसे लगाकर आप हर महीने निश्चित कमाई का जरिया बना सकते हैं. रीट आपको कम पैसे में भी देश के महंगे और कॉमर्शियल रियल एस्टेट जैसे कॉरपोरेट ऑफिस और मॉल्स में निवेश करने का मौका दिलाता है. रीट के जरिये आप रेंटल इनकम पैदा कर सकते हैं, जो हर महीने सैलरी की तरह कमाई करा सकता है. यहां निवेश करना फिजिकल प्रॉपर्टी में निवेश करने से ज्यादा आसान होता है.
Add as Preferred Source on Google
किराये से कमाई : अगर आपके पास कोई ऐसी प्रॉपर्टी है, जिसका इस्तेमाल नहीं हो रहा तो उसे किराये पर देकर हर महीने कमाई कर सकते हैं. यह आपका घर भी हो सकता है या फिर पार्किंग स्पेस, कार, बाइक, कैमरा अथवा अन्य कोई टूल भी किराये पर दे सकते हैं. आप चाहें तो अपने अनयूज्ड घर को होमस्टे अथवा किराये पर देकर किराया कमा सकते हैं.
कंटेंट क्रिएटर : आजकल डिजिटल जमाना है और ऑनलाइन कमाई के तमाम ऐसे जरिया हैं, जहां से हर महीने कमाई कर सकते हैं. आप चाहें तो ब्लॉग के जरिये अथवा यूट्यूब पर कंटेंट बनाकर विज्ञापन, स्पांसरशिप, लिंक शेयरिंग, मार्केटिंग सहित अन्य तरीकों से कमाई कर सकते हैं. यहां आप प्रोडक्ट का प्रमोशन करके अथवा कमीशन के जरिये अपनी कमाई कर सकते हैं.
स्किल से इनकम : अगर आपके अंदर कोई स्किल है तो तमाम ऐसे ऐप्स हैं, जहां से आप पैसिव इनकम बना सकते हैं. इन प्लेटफॉर्म पर आप प्रोफेशनल के तौर पर सलाह देकर या फिर काम करके अतिरिक्त कमाई कर सकते हैं. कई ऐप हैं जो तकनीकी जानकारों की सेवाएं लेते हैं, जबकि कई ऑनलाइन कोर्स हैं जहां आप अपनी स्किल का इस्तेमाल करके पैसिव इनकम का जरिया बना सकते हैं.
कमीशन वाले काम : आजकल इलेक्ट्रिक वाहनों का बोलबाला है तो आप ई-वी चार्जिंग स्टेशन लगाकर या अन्य कमीशन आधारित काम करके भी अतिरिक्त कमाई कर सकते हैं. खाली समय में आप प्रॉपर्टी डीलर से लेकर अन्य कॉमर्शियल सर्विस के सेल्समैन के तौर पर जुड़कर कमाई कर सकते हैं. प्रॉपर्टी डीलर्स को तो एक सौदे में ही अच्छा-खासा कमीशन मिल जाता है.
पैसिव इनकम से कमाई करना जल्दबाजी नहीं, बल्कि सावधानी और धैर्य का काम है. यहां आपको ऐसी फील्ड का चुनाव करना होगा जहां आप बेहतर काम कर सकें. थोड़ा जोखिम भी होता है तो इस लक्ष्य के लिए निवेश करते समय रिस्क को ध्यान में रखना जरूरी है. आप निवेश और काम के तालमेल के साथ इस दिशा में आगे बढ़ें तो कमाई का जरिया भी बन जाएगा और जोखिम भी ज्यादा नहीं होगा.
न्यूज़18 को गूगल पर अपने पसंदीदा समाचार स्रोत के रूप में जोड़ने के लिए यहां क्लिक करें।



