‘बुर्का मेरी पहचान है’, अजमेर में NEET सेंटर पर अड़ी छात्रा; बहस के बाद मिली एंट्री

Last Updated:June 21, 2026, 15:35 IST
Ajmer NEET Exam Burqa Controversy: अजमेर में नीट परीक्षा के दौरान सावित्री स्कूल परीक्षा केंद्र पर बुर्का पहनकर पहुंची एक छात्रा को प्रवेश को लेकर कुछ समय तक परेशानी का सामना करना पड़ा. ब्यावर निवासी कुलसुम को सुरक्षा जांच और ड्रेस कोड संबंधी प्रक्रिया के तहत रोका गया, जिसके बाद छात्रा, परिजनों और अधिकारियों के बीच चर्चा हुई. छात्रा ने कहा कि बुर्का उसकी धार्मिक पहचान का हिस्सा है और वह इसे छोड़कर परीक्षा नहीं दे सकती. बाद में उच्च अधिकारियों से बातचीत और पहचान सत्यापन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद उसे परीक्षा केंद्र में प्रवेश दे दिया गया. इसके बाद वह परीक्षा में शामिल हुई.
ख़बरें फटाफट
अजमेर में नीट परीक्षा के दौरान बुर्का पहनकर पहुंची एक छात्रा को परेशानी का सामना करना पड़ा
अजमेर. राजस्थान के अजमेर में नीट परीक्षा के दौरान अजमेर के एक परीक्षा केंद्र पर उस समय विवाद की स्थिति बन गई, जब ब्यावर से परीक्षा देने पहुंची एक छात्रा को बुर्का पहनकर प्रवेश करने पर रोक दिया गया. मामला शहर के सावित्री स्कूल परीक्षा केंद्र का है, जहां परीक्षार्थी कुलसुम और केंद्र पर मौजूद अधिकारियों के बीच कुछ समय तक बहस और समझाइश का दौर चलता रहा. बाद में उच्च अधिकारियों से चर्चा और आवश्यक जांच के बाद छात्रा को परीक्षा में शामिल होने की अनुमति दे दी गई.
जानकारी के अनुसार, ब्यावर निवासी कुलसुम निर्धारित समय पर नीट परीक्षा देने के लिए सावित्री स्कूल स्थित परीक्षा केंद्र पहुंची थी. प्रवेश प्रक्रिया के दौरान सुरक्षा जांच और ड्रेस कोड संबंधी नियमों को लेकर उसे केंद्र के बाहर रोक लिया गया. इससे छात्रा और उसके परिजन परेशान हो गए. छात्रा का कहना था कि बुर्का उसकी धार्मिक पहचान का हिस्सा है और वह इसे छोड़कर परीक्षा देने के लिए तैयार नहीं है.
छात्रा ने कहा- धर्म और उसकी पहचान महत्वपूर्ण है
कुलसुम ने कहा कि वह परीक्षा के सभी नियमों का पालन करते हुए केंद्र पर पहुंची थी और उसके पास आवश्यक दस्तावेज भी मौजूद थे. इसके बावजूद उसे प्रवेश से रोका जा रहा था. छात्रा ने स्पष्ट कहा कि उसके लिए उसका धर्म और उसकी पहचान महत्वपूर्ण है. यदि उसे अनुमति नहीं मिलती तो वह परीक्षा छोड़ सकती है, लेकिन अपनी धार्मिक मान्यता के साथ समझौता नहीं करेगी. मौके पर मौजूद कुलसुम के पिता ने भी नाराजगी जताई. उन्होंने कहा कि उनकी दो बेटियां नीट परीक्षा में शामिल हो रही हैं. एक बेटी को दूसरे परीक्षा केंद्र पर बिना किसी परेशानी के प्रवेश मिल गया, जबकि यहां उनकी दूसरी बेटी को रोक दिया गया. उनका आरोप था कि नियमों की अलग-अलग व्याख्या कर छात्रा को अनावश्यक रूप से परेशान किया जा रहा है.
काफी देर तक चला समझाइश और चर्चा का दौर
मामले की जानकारी मिलते ही परीक्षा केंद्र पर मौजूद पुलिसकर्मियों और अधिकारियों ने छात्रा व उसके परिजनों से बातचीत की. काफी देर तक समझाइश और चर्चा का दौर चला. परीक्षा शुरू होने का समय नजदीक आने के कारण स्थिति को जल्द सुलझाने के प्रयास किए गए. अंततः परीक्षा केंद्र पर तैनात अधिकारियों ने उच्च अधिकारियों से संपर्क कर पूरे मामले की जानकारी दी. आवश्यक दिशा-निर्देश मिलने के बाद छात्रा की निर्धारित प्रक्रिया के तहत पूरी जांच और पहचान सत्यापन किया गया.
जांच पूरी होने के बाद मिली एंट्री
जांच पूरी होने के बाद कुलसुम को परीक्षा केंद्र में प्रवेश की अनुमति दे दी गई. इसके बाद छात्रा परीक्षा में शामिल हो सकी. हालांकि परीक्षा केंद्र के बाहर कुछ समय तक चला यह वाक्या चर्चा का विषय बना रहा. अधिकारियों का कहना है कि परीक्षा के दौरान सुरक्षा और पहचान सत्यापन से जुड़े नियमों का पालन कराना आवश्यक होता है, लेकिन साथ ही अभ्यर्थियों की सुविधा और संवेदनशीलता का भी ध्यान रखा जाता है.
About the Authordeep ranjan
दीप रंजन सिंह 2016 से मीडिया में जुड़े हुए हैं. हिंदुस्तान, दैनिक भास्कर, ईटीवी भारत और डेलीहंट में अपनी सेवाएं दे चुके हैं. 2022 से हिंदी में अपनी सेवाएं दे रहे हैं. एजुकेशन, कृषि, राजनीति, खेल, लाइफस्ट…और पढ़ें
न्यूजलेटर
अब ईमेल पर इनसाइड स्टोरीज
खबरों के पीछे की खबर अब आपके इनबॉक्स में
सबमिट करें
Location :
Ajmer,Rajasthan



