NEET UG 2026 LIVE: नीट यूजी रिजल्ट कब आएगा? काउंसलिंग पर भी जानिए लेटेस्ट अपडेट

Last Updated:June 22, 2026, 07:55 IST
NEET UG 2026 LIVE: पेपर लीक और नकल माफिया जैसे विवादों से जुड़ी रही नीट यूजी 2026 परीक्षा आखिरकार खत्म हो गई है. अब परीक्षार्थियों को आंसर की, रिजल्ट, और काउंसलिंग का इंतजार है. जानिए कैसा रहा इस बार का नीट यूज…और पढ़ें
NEET UG 2026: नीट यूजी परीक्षा खत्म होने के बाद अब सबकी नजरें रिजल्ट पर हैं
नई दिल्ली (NEET UG 2026 LIVE). देश-विदेश के 5 हजार से ज्यादा सेंटर्स पर कल यानी 21 जून 2026 को नीट यूजी री-टेस्ट आयोजित किया गया था. महीनों की रात-दिन की पढ़ाई, कोचिंग के नोट्स, मॉक टेस्ट का प्रेशर और ‘इस बार तो डॉक्टर बनना ही है’ का जुनून… सब कुछ कल ओएमआर शीट के गोलों में सिमट कर जमा हो गया. परीक्षा केंद्र से बाहर निकलते अभ्यर्थियों के चेहरों पर महीनों का तनाव खत्म होने का सुकून था तो ‘कितने नंबर आएंगे’ की घबराहट भी साफ दिख रही थी. किसी के लिए फिजिक्स का सेक्शन थोड़ा टेढ़ा रहा तो किसी ने बायो के दम पर बाजी मारने का दावा किया.
NEET UG 2026 LIVE: एनसीईआरटी बुक की रही धूम
नीट यूजी 2026 लाइव: इस बार के नीट यूजी पेपर ने एक बार फिर साबित कर दिया कि नीट क्रैक करने के लिए एनसीईआरटी ही असली ‘गीता-बाइबिल’ है. बायोलॉजी और केमिस्ट्री के लगभग 90% से ज्यादा सवाल सीधे तौर पर एनसीईआरटी की किताबों और उनके टेबल्स से ही फ्रेम किए गए थे.
NEET UG 2026 LIVE: बायोलॉजी, हमेशा की तरह तारणहार?
नीट यूजी 2026 लाइव: बायोलॉजी का पेपर हमेशा की तरह सबसे लंबा लेकिन स्कोरिंग रहा. बॉटनी और जूलॉजी, दोनों में ही स्टेटमेंट वाले और ‘मैच द फॉलोइंग’ वाले सवाल ज्यादा पूछे गए थे. इन सवालों ने पढ़ने में थोड़ा वक्त जरूर लिया, लेकिन कांसेप्ट क्लियर होने की वजह से अभ्यर्थियों ने इसे आसानी से संभाल लिया.
NEET UG 2026 LIVE: केमिस्ट्री का क्या रहा मिजाज?
नीट यूजी 2026 लाइव: केमिस्ट्री के सेक्शन में ऑर्गेनिक और इनऑर्गेनिक केमिस्ट्री का दबदबा देखने को मिला. फिजिकल केमिस्ट्री से कुछ न्यूमेरिकल थोड़े घुमावदार थे, जिसने एक्सट्रा समय लिया. हालांकि, एनसीईआरटी की लाइनों से सीधे उठाए गए सवालों ने स्टूडेंट्स को काफी राहत पहुंचाई.
NEET UG 2026 LIVE: नीट यूजी में फिजिक्स ने चौंकाया या बचाया?
नीट यूजी 2026 लाइव: अक्सर अभ्यर्थियों को डराने वाली फिजिक्स इस बार बहुत ज्यादा कठिन नहीं रही. कुछ कैलकुलेटिव और लंबे सवालों को छोड़ दें तो ज्यादातर सवाल फॉर्मूला बेस्ड और डायरेक्ट थे. पिछले सालों की तुलना में उम्मीदवारों को फिजिक्स का सेक्शन सॉल्व करने में थोड़ा कम पसीना बहाना पड़ा.
NEET UG 2026 LIVE: नीट यूजी पेपर कैसा रहा?
नीट यूजी 2026 लाइव: कल हुई नीट यूजी परीक्षा का ओवरऑल लेवल मॉडरेट यानी मध्यम दर्जे का रहा. अभ्यर्थियों और एक्सपर्ट्स के फीडबैक के मुताबिक, पेपर न तो बहुत ज्यादा आसान था और न ही आउट ऑफ सिलेबस. जिसने एनसीईआरटी को अच्छी तरह से घोटकर पिया था, उसके लिए पेपर काफी हद तक स्कोरिंग रहा.



