34 गेंदों में ठोकी फिफ्टी, पर पूरा नहीं हुआ एक अरमान, प्लेयर ऑफ द मैच बनने के बाद छलका विस्फोटक ओपनर का दर्द

होमखेलक्रिकेट
34 गेंदों में ठोकी फिफ्टी, पर पूरा नहीं हुआ अरमान, छलका विस्फोटक ओपनर का दर्द
Last Updated:June 25, 2026, 23:15 IST
Shafali Verma Statement: महिला टी20 विश्व कप में बांग्लादेश के खिलाफ 34 गेंदों पर 53 रनों की मैच विजयी पारी खेलने वाली शेफाली वर्मा ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुनी गईं. शेफाली ने कहा कि वह अपनी बल्लेबाजी से बेहद खुश हैं, लेकिन अगर नाबाद लौटतीं तो यह खुशी और बढ़ जाती. उन्होंने अपनी रणनीति को सरल बताते हुए कहा कि वह सिर्फ ढीली गेंदों पर बड़े शॉट खेलने और स्ट्राइक रोटेट करने पर ध्यान दे रही थीं. साथ ही, वह टीम की जरूरत के अनुसार गेंदबाजी सहित हर भूमिका के लिए पूरी तरह तैयार हैं. शेफाली वर्मा ने कहा कि अगर वह नाबाद रहतीं तो उन्हें इससे ज्यादा खुशी होती.
नई दिल्ली. शेफाली वर्मा की 34 गेंदों में 53 रन की विस्फोटक पारी के दम पर भारत ने महिला टी20 वर्ल्ड कप में बांग्लादेश को पांच विकेट से हराकर सेमीफाइनल की अपनी उम्मीदें बरकरार रखा. भारतीय टीम की फील्डिंग एक बार फिर निराशाजनक रही और खिलाड़ियों ने कई आसान मौके गंवाए, लेकिन बल्लेबाजों ने 137 रन के लक्ष्य का सफलतापूर्वक पीछा करते हुए 16.5 ओवर में जीत हासिल कर ली. शेफाली को शानदार पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया. शानदार फिफ्टी जड़ने के बाद शेफाली खुश नहीं हैं. उन्होंने मैच के बाद कहा कि अगर वह टीम को जीत दिलाकर नाबाद पवेलियन लौटतीं तो उन्हें इससे ज्यादा खुशी होती.
शेफाली वर्मा (Shafali Verma) ने कहा, ‘ आज जिस तरह मैंने बल्लेबाजी की, उससे मैं बहुत खुश हूं. लेकिन अगर मैं नाबाद रहती तो मुझे और ज्यादा खुशी होती. आज अच्छा आत्मविश्वास महसूस हुआ और खुशी है कि मैं टीम के लिए रन बना सकी. हमने सिर्फ अपनी बल्लेबाजी पर भरोसा किया. जो भी ढीली गेंद मिले, उस पर चौका या छक्का लगाने की कोशिश करनी थी. अगर ऐसा मौका नहीं मिला तो एक रन लेकर स्ट्राइक रोटेट करनी थी. यह कोई अलग योजना नहीं थी, बस सामान्य बातचीत थी. ‘
बांग्लादेश को आठ विकेट पर 136 रन पर रोकने के बाद भारत ने 16.5 ओवर में पांच विकेट पर 139 रन बनाकर आसान जीत दर्ज की. अपनी बल्लेबाजी में सुधार और शॉट चयन को लेकर शेफाली ने कहा कि वह केवल सही गेंद का इंतजार करने पर ध्यान दे रही हैं.
बकौल शेफाली, ‘मैं सिर्फ सही गेंद चुनने की कोशिश करती हूं. जो गेंद मेरी पहुंच में होती है, उस पर शॉट खेलती हूं, नहीं तो रन दौड़ने की कोशिश करती हूं.’ पिछले कुछ मैचों में भारतीय टीम के लिए नई गेंद से गेंदबाजी करते हुए नजर आने वाली शेफाली ने कहा कि वह टीम की जरूरत के अनुसार हर भूमिका निभाने के लिए तैयार हैं. उन्होंने कहा, ‘मैं नेट सत्र में अभ्यास के दौरान नई और पुरानी दोनों गेंदों से गेंदबाजी का अभ्यास करती हूं. कई बार इस बात पर हंसी भी आती है, लेकिन अंत में टीम को जो जरूरत होती है, मैं उसके लिए तैयार रहती हूं.’
भारत का अगला मुकाबला ऑस्ट्रेलिया से है, जो सेमीफाइनल की दौड़ के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है. भारत ने मौजूदा विश्व कप में चार में से तीन मैच जीते हैं जबकि एक मैच में उसे हार मिली है. भारतीय टीम रविवार, 28 जून को लॉडर्स में ऑस्ट्रेलिया से टकराएगी.
About the AuthorKamlesh Raiचीफ सब एडिटर
कमलेश राय वर्तमान में इंडिया में बतौर चीफ सब-एडिटर कार्यरत हैं. 17 वर्षों से अधिक के अपने सुदीर्घ पत्रकारीय सफर में उन्होंने डिजिटल मीडिया की बारीकियों और खबरों की गहरी समझ के साथ एक विशिष्ट पहचान बनाई ह…और पढ़ें
न्यूजलेटर
अब ईमेल पर इनसाइड स्टोरीज
खबरों के पीछे की खबर अब आपके इनबॉक्स में
सबमिट करें
Location :
New Delhi,Delhi



