15 साल के वैभव सूर्यवंशी के साथ 29 साल का यह क्रिकेटर भी कर सकता है डेब्यू, पढ़ाई के लिए छोड़ा देश, जानिए कौन हैं जय मूदरा

होमखेलक्रिकेट
15 साल के वैभव सूर्यवंशी के साथ 29 साल का यह क्रिकेटर भी कर सकता है डेब्यू
Last Updated:June 26, 2026, 05:16 IST
vaibhav sooryavansi-jai moondra can debut today: भारत और आयरलैंड के बीच पहले टी20 मैच में अनोखा संयोग दिखने वाला है. जहां भारतीय टीम में 15 साल के युवा सनसनी वैभव सूर्यवंशी के डेब्यू की चर्चा है, वहीं आयरलैंड के स्क्वॉड में राजस्थान के 29 वर्षीय जय मूदरा को मौका मिला है. साल 2021 में स्टूडेंट वीजा पर मास्टर्स करने आयरलैंड गए जय कभी क्रिकेट छोड़ चुके थे. अब घरेलू सर्किट में शानदार प्रदर्शन के दम पर वह अपनी जन्मभूमि भारत के खिलाफ ही इंटरनेशनल डेब्यू करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं.वैभव सूर्यवंशी और जय मूंदरा आज कर सकते हैं इंटरनेशनल क्रिकेट में डेब्यू.
नई दिल्ली. भारत और आयरलैंड के बीच टी20 सीरीज क्रिकेट प्रेमियों के लिए बेहद दिलचस्प होने वाली है. एक तरफ जहां भारतीय टीम में 15 साल के युवा सनसनी वैभव सूर्यवंशी के डेब्यू को लेकर हर तरफ चर्चाएं तेज हैं, वहीं दूसरी तरफ आयरलैंड की टीम से एक ऐसा खिलाड़ी इंटरनेशनल क्रिकेट में कदम रखने को तैयार है, जिसकी कहानी किसी फिल्मी पटकथा से कम नहीं है.29 साल के तेज गेंदबाज ऑलराउंडर जय मूदरा मूल रूप से भारतीय हैं और अब आयरलैंड की जर्सी पहनकर भारत के खिलाफ ही अपना इंटरनेशनल डेब्यू करने की दहलीज पर खड़े हैं.
जय मूदरा (Jai Moondra) का जन्म राजस्थान में जयपुर के पास टोंक में हुआ था. राजस्थान की मिट्टी से अपने क्रिकेट की शुरुआत करने वाले जय के लिए इंटरनेशनल स्टेज तक पहुंचना आसान नहीं था. एक समय ऐसा आया जब पढ़ाई की वजह से क्रिकेट काफी पीछे छूट गया था. साल 2019 में कॉलेज की पढ़ाई पूरी करने के बाद वह एक ऐसे चौराहे पर खड़े थे, जहां उन्हें अपने करियर का फैसला करना था. कॉर्पोरेट नौकरी में फंसने के बजाय उन्होंने क्रिकेट को एक आखिरी मौका देने की सोची.
इसी चाहत के साथ साल 2021 में जय मूदरा स्टूडेंट वीजा पर इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के लिए आयरलैंड चले गए. आयरलैंड जाने का मकसद पढ़ाई तो था ही, लेकिन उनके भीतर का क्रिकेटर अभी भी जिंदा था. उन्होंने डबलिन के ‘लेन्स्टर क्रिकेट क्लब’ को जॉइन किया और यहीं से उनकी किस्मत ने यू-टर्न लिया. उन्होंने आयरलैंड के घरेलू क्रिकेट में अपनी घातक गेंदबाजी से तहलका मचा दिया. साल 2023 में उन्होंने लेन्स्टर क्लब को प्रतिष्ठित ‘आयरिश सीनियर कप’ जिताने में अहम भूमिका निभाई, जिसने उन्हें चयनकर्ताओं की नजरों में ला खड़ा किया.
जब लगा कि खत्म हो गया क्रिकेट करियर, तब आया नेशनल कॉल-अपजय मूदरा को जब आयरलैंड के नेशनल स्क्वॉड में चुने जाने की खबर मिली, तो उनके लिए यह भावुक कर देने वाला पल था. जय ने खुद माना कि एक वक्त उन्हें लगता था कि उनका क्रिकेट करियर पूरी तरह खत्म हो चुका है. मैच से एक दिन पूर्व प्रैक्टिस के बाद मूदरा ने कहा, ‘इंटरनेशनल क्रिकेट खेलना हमेशा से एक सपना था. मैं इस मौके के लिए क्रिकेट आयरलैंड का बेहद आभारी हूं. मैं अपने लिए लक्ष्य तय करता हूं, लेकिन भविष्य को लेकर तनाव नहीं लेता। मैं इस पल का पूरा लुत्फ उठाना चाहता हूं.’ मूदरा आयरलैंड के लिए इंटरनेशनल क्रिकेट खेलने वाले दूसरे भारतीय मूल के पुरुष खिलाड़ी बनने की राह पर हैं. उनसे पहले पंजाब में जन्मे सिमी सिंह आयरलैंड के लिए 35 वनडे और 53 टी20 मैच खेल चुके हैं.
स्पिनर से बने तेज गेंदबाजजय मूदरा के क्रिकेटिंग सफर में कई दिलचस्प मोड़ आए.शुरुआत में उन्होंने एक तेज गेंदबाज के रूप में खुद को निखारना शुरू किया था, लेकिन 16 साल की उम्र तक आते-आते वह टॉप-ऑर्डर बल्लेबाज और बाएं हाथ के स्पिनर बन गए. इसके बाद कॉलेज के दिनों में टेनिस बॉल और फिर लेदर बॉल से खेलते हुए उन्होंने दोबारा अपनी गति को खोजा. बाएं हाथ के तेज गेंदबाज के रूप में उनकी गति ने उन्हें दोबारा रोमांचित किया और वह फिर से सीम बॉलिंग की तरफ लौट आए.
जय अपनी गेंदबाजी को लेकर काफी आक्रामक और अप्रत्याशित रुख अपनाते हैं. बाएं हाथ के गेंदबाज होने के कारण उन्हें जो नेचुरल एंगल मिलता है, उससे वह नई गेंद को स्विंग कराते हैं और बल्लेबाजों को गलतियां करने पर मजबूर करते हैं. इसके अलावा पारी के आगे बढ़ने पर वह स्लोअर बॉल और कटर्स जैसी विविधताओं का बखूबी इस्तेमाल करते हैं. बल्लेबाजी में भी वह खुद को परिस्थिति के हिसाब से ढालने में माहिर मानते हैं.
भारत के खिलाफ खेलने की चुनौतीदुनिया की सबसे मजबूत टीमों में से एक और वर्ल्ड चैंपियन भारत के खिलाफ डेब्यू करना किसी भी खिलाड़ी के लिए बड़ी चुनौती होती है. जय भी इस बात को अच्छी तरह समझते हैं. उन्होंने कहा,’भारत के खिलाफ खेलना एक अलग ही स्तर का अहसास है. हम जानते हैं कि यह एक बहुत बड़ी चुनौती होगी, लेकिन दुनिया की सबसे बेहतरीन टीमों में से एक के खिलाफ प्रदर्शन करना कुछ बेहद खास और यादगार होगा.’ बेलफास्ट में होने वाले पहले टी20 मैच में जहां भारतीय फैंस की नजरें अपने युवा सितारों पर होंगी, वहीं 29 साल के जय मूदरा इतिहास रचने के इरादे से मैदान पर उतरेंगे. स्टूडेंट वीजा पर आयरलैंड जाकर वहां की नेशनल टीम में जगह बनाना उनकी कड़ी मेहनत, त्याग और कभी न हार मानने वाले जज्बे की जीती-जागती मिसाल है.
About the AuthorKamlesh Raiचीफ सब एडिटर
कमलेश राय वर्तमान में इंडिया में बतौर चीफ सब-एडिटर कार्यरत हैं. 17 वर्षों से अधिक के अपने सुदीर्घ पत्रकारीय सफर में उन्होंने डिजिटल मीडिया की बारीकियों और खबरों की गहरी समझ के साथ एक विशिष्ट पहचान बनाई ह…और पढ़ें
न्यूजलेटर
अब ईमेल पर इनसाइड स्टोरीज
खबरों के पीछे की खबर अब आपके इनबॉक्स में
सबमिट करें
Location :
New Delhi,Delhi



