बेटे को थाली में सजाकर नहीं दिया रोल, राजकुमार हिरानी ने वीर का कराया ऑडिशन, तब ‘प्रीतम एंड पेड्रो’ में दिया काम

Last Updated:June 29, 2026, 09:26 IST
राजकुमार हिरानी अपनी अपकमिंग सीरीज ‘प्रीतम एंड पेड्रो’ से ओटीटी की दुनिया में कदम रख रहे हैं. इस सीरीज से उनके बेटे वीर हिरानी भी एक्टिंग डेब्यू किया है. राजकुमार ने बताया कि वीर को यह रोल आसानी से नहीं मिला. जब वीर ने सीरीज में प्रीतम के रोल के लिए दिलचस्पी दिखाई, तो उन्होंने साफ कह दिया था कि आम एक्टर्स की तरह ऑडिशन देकर खुद को साबित करना होगा, जिसके बाद ही वीर का सिलेक्शन हुआ था.
ख़बरें फटाफट
‘प्रीतम एंड पेड्रो’ से राजकुमार हिरानी के बेटे वीर हिरानी डेब्यू कर रहे हैं.
नई दिल्ली. फेमस फिल्ममेकर राजकुमार हिरानी वेब सीरीज ‘प्रीतम एंड पेड्रो’ के साथ ओटीटी की दुनिया में कदम रखने जा रहे हैं. लेकिन यह अपकमिंग सीरीज एक और वजह से बेहद खास है. इसके जरिए उनके बेटे वीर हिरानी एक्टिंग डेब्यू कर रहे हैं. वैसे तो आमतौर पर स्टार किड्स को लेकर यही चर्चा होती है कि उन्हें पहला ब्रेक बहुत आसानी से मिल जाता है, लेकिन हिरानी का कहना है कि बेटे वीर को यह रोल थाली में सजाकर नहीं मिला, बल्कि इस किरदार को पाने के लिए उसे खुद को साबित करना पड़ा था.
हिंदुस्तान टाइम्स के साथ बातचीत के दौरान राजकुमार हिरानी ने खुलासा किया कि जब इस सीरीज की कहानी लिखी जा रही थी, तब वीर इस प्रोजेक्ट का हिस्सा बिल्कुल नहीं थे. उन्होंने बताया कि वह लिखते समय किसी एक्टर को दिमाग में रखना पसंद नहीं करते, क्योंकि इससे कहानी और क्रिएटिविटी पर असर पड़ता है.
दिमाग में नहीं था कोई भी एक्टर
राजकुमार हिरानी ने कहा, ‘जब हमने कहानी लिखनी शुरू की थी, तब न तो अरशद वारसी हमारे दिमाग में थे और न ही वीर. जब आप लिख रहे होते हैं, तो आप कास्ट के बारे में सोचना नहीं चाहते क्योंकि फिर आपकी सोच एक जगह बंध जाती है.’ उस समय वीर लंदन की ‘रॉयल एकेडमी ऑफ ड्रामेटिक आर्ट’ से एक्टिंग की पढ़ाई कर रहे थे. हिरानी ने बताया कि उन्होंने अपने बेटे को सलाह दी थी कि वह फिल्मों में काम ढूंढने से पहले अपनी ट्रेनिंग पूरी करे और एक परफॉर्मर के तौर पर अनुभव हासिल करे.
बेटे वीर को दी थी खुद को साबित करने की सलाह
उन्होंने आगे कहा, ‘मैंने उससे साफ कहा था कि पहले ड्रामा स्कूल से पढ़ाई पूरी करके वापस आओ, थिएटर करो और अच्छा काम करके एक एक्टर के तौर पर खुद को साबित करो.’ दिलचस्प बात यह है कि घर और ऑफिस में जब इस सीरीज की कास्टिंग को लेकर चर्चा चल रही थी, तब उसे देख-सुनकर वीर ने तय किया कि वह भी इस रोल के लिए कोशिश करना चाहते हैं. लेकिन उनके पिता राजकुमार हिरानी ने शुरू में ही एक बात बिल्कुल साफ कर दी थी कि घर की बात घर पर है, काम के मामले में कोई वीआईपी ट्रीटमेंट नहीं मिलेगा.
वीर हिरानी को देना पड़ा था ऑडिशन
हिरानी ने बताया, ‘मैंने उससे सीधे कह दिया था कि अगर तुम इसके लिए ऑडिशन देना चाहते हो, तो बिल्कुल दो. अविनाश अरुण से मिलो और उन्हें इम्प्रेस करो, क्योंकि वही इसे डायरेक्ट कर रहे हैं. मैं अपनी मर्जी किसी पर नहीं थोप सकता. भले ही यह मेरा प्रोजेक्ट है, लेकिन तुम्हें ऑडिशन के प्रोसेस से गुजरना ही होगा. यह बिल्कुल मत सोचना कि तुम मेरे बेटे हो, तो तुम्हें यह रोल ऐसे ही मिल जाएगा.’
दोस्त के साथ रिहर्सल करते थे वीर हिरानी
इसके बाद वीर ने ‘प्रीतम एंड पेड्रो’ सीरीज के लिए आम स्ट्रगलिंग एक्टर की तरह तैयारी शुरू कर दी. वह हर रात अपने एक दोस्त के साथ सीन्स की रिहर्सल करते थे. उन्होंने कई ऑडिशन टेप्स रिकॉर्ड किए और उनमें से सबसे बेस्ट को शॉर्टलिस्ट करके मेकर्स को भेजा. इस पूरे ऑडिशन प्रोसेस को पार करने के बाद ही आखिरकार वीर को यह रोल मिला.
इस दिन रिलीज होगी ‘प्रीतम एंड पेड्रो’
बताते चलें कि ‘प्रीतम एंड पेड्रो’ पहली साइबर-क्राइम कॉमेडी ड्रामा सीरीज है जिसे राजकुमार हिरानी ने लिखा और प्रोड्यूस किया है. यह सीरीज 3 जुलाई को जियोहॉटस्टार पर रिलीज हो रही है. अविनाश अरुण के डायरेक्शन में बनी इस सीरीज में वीर हिरानी टेक एक्सपर्ट प्रीतम के रोल में हैं और अरशद वारसी ने पुलिसवाले पेड्रो का किरदार निभाया है. यह अनोखी जोड़ी विक्रांत मैसी के खूंखार साइबर क्रिमिनल से भिड़कर एक मंत्री के बेटे के किडनैपिंग केस को सुलझाएगी.
About the AuthorKamta PrasadSenior Sub Editor
कामता प्रसाद (KP) एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिनके पास मीडिया इंडस्ट्री में काम करने का 11 सालों का लंबा अनुभव है. वर्तमान में वह न्यूज18 हिंदी में बतौर सीनियर सब एडिटर अपनी सेवाएं दे रहे हैं. कामता को एंटरटेनमेंट …और पढ़ें
अब ईमेल पर इनसाइड स्टोरीज
खबरों के पीछे की खबर अब आपके इनबॉक्स में
सबमिट करें



