बंगाल में कांग्रेस का मिशन रिवाइवल, नेताओं को ‘ग्राउंड पर उतरने’ का आदेश, केसी वेणुगोपाल ने संभाली कमान

Last Updated:June 30, 2026, 03:27 IST
पश्चिम बंगाल चुनाव में मिली शिकस्त के बाद कांग्रेस ने संगठन को नई धार देने की कवायद तेज कर दी है. पार्टी के महासचिव के.सी. वेणुगोपाल ने कोलकाता पहुंचकर प्रदेश नेताओं को साफ संदेश दिया कि अगर चुनावी मैदान में वापसी करनी है तो बूथ से लेकर ब्लॉक तक संगठन को मजबूत करना होगा. उपचुनाव, निकाय चुनाव और अन्य सियासी तैयारी को लेकर कांग्रेस अब मिशन मोड में नजर आ रही है.
ख़बरें फटाफट
कांग्रेस महासचिव वेणुगोपाल ने बंगाल के नेताओं से जमीनी स्तर पर पार्टी को मजबूत करने को कहा है. (फाइल फोटो)
कोलकाता. कांग्रेस के वरिष्ठ नेता के. सी. वेणुगोपाल ने सोमवार को पश्चिम बंगाल में पार्टी की संगठनात्मक तैयारियों का जायजा लिया और राज्य के नेताओं से कहा कि वे आगामी विधानसभा उपचुनावों एवं निकाय चुनावों से पहले पार्टी को जमीनी स्तर पर मज़बूत करें.
एक वरिष्ठ पार्टी नेता ने बताया कि पार्टी महासचिव (संगठन) के.सी. वेणुगोपाल ने पश्चिम बंगाल के अपने दो दिवसीय दौरे के दौरान जिला कांग्रेस समितियों के अध्यक्षों और पार्टी की राजनीतिक मामलों की समिति के सदस्यों के साथ अलग-अलग बैठकें कीं.
पार्टी के एक वरिष्ठ नेता ने बताया कि इन बैठकों में हालिया चुनावों के बाद पार्टी के प्रदर्शन की समीक्षा की गई और पश्चिम बंगाल के मौजूदा राजनीतिक हालात पर चर्चा हुई. इन बैठकों में पश्चिम बंगाल के प्रभारी कांग्रेस महासचिव गुलाम अहमद मीर, पार्टी महासचिव दीपा दासमुंशी, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष शुभंकर सरकार, पार्टी सचिव अंबा प्रसाद तथा पार्टी के अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी शामिल हुए.
पार्टी के वरिष्ठ नेता ने बताया कि बैठकों में बूथ स्तर से संगठन को फिर से मजबूत करने और राज्यभर में पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर विशेष जोर दिया गया. उन्होंने कहा, “बैठकों में बूथ और प्रखंड स्तर की समितियों को मजबूत करने, जनसंपर्क बढ़ाने तथा आगामी विधानसभा उपचुनावों के साथ-साथ नगर पालिका और नगर निगम चुनावों के लिए संगठन को पूरी तरह तैयार करने पर विशेष बल दिया गया.”
पार्टी ने 21 जुलाई को प्रदेश कांग्रेस के प्रस्तावित ‘शहीद मीनार चलो’ कार्यक्रम की तैयारियों की भी समीक्षा की और पार्टी कार्यकर्ताओं से इसमें ज़्यादा से ज़्यादा संख्या में शामिल होने की अपील की. पार्टी के नेता ने बताया कि वेणुगोपाल ने प्रदेश इकाई से देशव्यापी ‘छात्रों की गूंज’ अभियान में सक्रिय रूप से भाग लेने और नौ अगस्त को नयी दिल्ली में होने वाली इसकी समापन रैली के लिए विद्यार्थियों और युवाओं को एकजुट करने का भी आग्रह किया.
About the AuthorRakesh Ranjan Kumar
राकेश रंजन कुमार को डिजिटल पत्रकारिता में 10 साल से अधिक का अनुभव है. न्यूज़18 के साथ जुड़ने से पहले उन्होंने लाइव हिन्दुस्तान, दैनिक जागरण, ज़ी न्यूज़, जनसत्ता और दैनिक भास्कर में काम किया है. वर्तमान में वह h…और पढ़ें
न्यूजलेटर
अब ईमेल पर इनसाइड स्टोरीज
खबरों के पीछे की खबर अब आपके इनबॉक्स में
सबमिट करें
Location :
Kolkata,West Bengal



