अलवर के टहला रेप केस में दौसा पुलिस का बड़ा एक्शन, वारदात के 10 दिन बाद रेपिस्ट राहुल की खोली हिस्ट्रीशीट

Last Updated:July 03, 2026, 13:28 IST
Dausa News : अलवर जिले के टहला रेप कांड में दौसा पुलिस ने बड़ा एक्शन लिया है. पुलिस ने वारदात के 10 दिन बाद रेपिस्ट राहुल मीणा की हिस्ट्रीशीट खोल दी है. रेपिस्ट राहुल दौसा का रहने वाला है. पुलिस अब राहुल मीणा की निगरानी में लग गई है. राहुल के खिलाफ पांच केस दर्ज हैं. रेप की वारदात के बाद जब वह नहीं मिला तो पुलिस ने उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था.राहुल मीणा की गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था.
दौसा. अलवर जिले के टहला थाना इलाके में पांच साल की मासूम बच्ची से रेप करने के आरोपी राहुल कुमार मीणा के खिलाफ दौसा पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए उसकी हिस्ट्रीशीट खोल दी है. पुलिस अधीक्षक पीयूष दीक्षित ने इस संबंध में आदेश जारी कर बसवा थानाधिकारी को आरोपी की लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं. राहुल मीणा को नाबालिग लड़की से रेप के आरोप में जून माह के अंतिम सप्ताह में गिरफ्तार किया गया था. टहला इलाके में 24 जून को हुआ रेप का यह मामला खासा चर्चा में रहा था. पुलिस को आरोपी को पकड़ने के लिए इनाम की घोषित करना पड़ा था।
एसपी की ओर से जारी आदेश के अनुसार आरोपी राहुल कुमार मीणा (25) दौसा जिले के बसवा थाना इलाके के करनावर गांव का रहने वाला है. उसके खिलाफ पहले से चोरी, दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट सहित कुल पांच आपराधिक मामले दर्ज हैं. पुलिस के अनुसार अपराधों में लगातार लिप्त रहने और आदतन अपराधी होने के कारण राजस्थान पुलिस नियम, 1965 के नियम 4.9 के तहत उसकी हिस्ट्रीशीट खोली गई है. एसपी के आदेश में कहा गया है कि आरोपी की आपराधिक गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जाए. उसकी हिस्ट्रीशीट पत्रावली बनाई जाए और समय-समय पर उसकी गतिविधियों की जांच कर रिपोर्ट पुलिस मुख्यालय के वेब पोर्टल पर अपलोड की जाए. इसके साथ ही संबंधित डीएसपी और थाना प्रभारी को नियमित रूप से हिस्ट्रीशीट का परीक्षण कर आवश्यक टिप्पणियां दर्ज करने के निर्देश भी दिए गए हैं.
आरोपी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था
उल्लेखनीय है कि रेप का यह मामला 24 जून को सामने आया था. आरोपी राहुल पांच साल की मासूम बच्ची को खाने की चीज का लालच देकर अपनी बाइक पर बिठाकर ले गया और सुनसान जगह पर लेकर उससे रेप किया था. बाद में आरोपी पीड़िता को लहूलुहान हालत में छोड़कर फरार हो गया था. मामले की गंभीरता को देखते हुए अलवर पुलिस अधीक्षक (एसपी) सुधीर चौधरी भी मौके पर पहुंचे और उन्होंने खुद जांच की कमान संभाली. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पोक्सो एक्ट में केस दर्ज कर उसको गिरफ्तार करने के लिए सर्च ऑपरेशन चलाया. इस वारदात के बाद पूरे इलाके में लोग आक्रोशित हो गए थे. पुलिस ने आरोपी को पकड़ने के लिए 100 से अधिक पुलिसकर्मी लगाए थे और सैकड़ों सीसीटीवी खंगाले. लेकिन जब आरोपी नहीं मिला तो उसकी गिरफ्तारी के लिए 25 हजार रुपये के इनाम की घोषणा की गई.
रेपिस्ट राहुल को जयपुर से गिरफ्तार किया गया था
वारदात के दो-तीन बाद पुलिस ने राहुल मीणा को जयपुर से गिरफ्तार कर लिया गया था. बवाल मचने पर इस मामले को लेकर जयपुर रेंज के आईजी राहुल प्रकाश अलवर के राजगढ़ पहुंचे थे. उन्होंने राजगढ़ सीओ ऑफिस में पीड़िता की मां सहित अन्य परिजनों से मुलाकात कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली. आईजी ने परिजनों को आश्वासन दिया कि आरोपी कठोर सजा दिलाई जाएगी. वहीं नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल ने भी इस मामले को कानून-व्यवस्था पर प्रश्नचिह्न लगाए थे. उन्होंने केस की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में करवाए जाने और आरोपी को कठोर दंड देने की मांग की थी.About the AuthorSandeep Rathore
संदीप राठौड़ वर्तमान में न्यूज18 इंडिया में क्लस्टर हेड राजस्थान (डिजिटल) पद पर कार्यरत हैं। राजनीति, क्राइम और सामाजिक मुद्दों पर रिपोर्टिंग में रूचि रखने वाले संदीप को पत्रकारिता का ढाई दशक से ज्यादा का अनुभव…और पढ़ें
न्यूजलेटर
अब ईमेल पर इनसाइड स्टोरीज
खबरों के पीछे की खबर अब आपके इनबॉक्स में
सबमिट करें
Location :
Dausa,Dausa,Rajasthan



