यूपी, एमपी और राजस्थान के कई शहरों के लिए नई ट्रेन 6 जुलाई से, यहां जानें पूरा शेड्यूल

गोरखपुर. भारतीय रेलवे ने उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, राजस्थान, उत्तराखंड और महाराष्ट्र के यात्रियों को बड़ी राहत देने का फैसला किया है. यात्रियों की सुविधा के लिए नांदेड-टनकपुर-नांदेड साप्ताहिक एक्सप्रेस का ऑपरेशन शुरू किया जा रहा है. इसकी शुरुआत 6 जुलाई को टनकपुर से चलने वाली 05012 टनकपुर-नांदेड उद्घाटन विशेष ट्रेन से होगी. इसके बाद नियमित सेवा नांदेड से 12 जुलाई और टनकपुर से 14 जुलाई से शुरू होगी.
6 जुलाई को उद्घाटन विशेष ट्रेन सुबह 10.45 बजे टनकपुर से रवाना होगी. यह ट्रेन पीलीभीत, इज्जतनगर, बरेली, बदायूं, कासगंज, मथुरा, आगरा कैंट, धौलपुर, ग्वालियर, वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी, ललितपुर, बीना, रानी कमलापति (भोपाल), इटारसी, खंडवा, मलकापुर, अकोला, वाशिम, हिंगोली, बसमत और पूर्णा होते हुए दूसरे दिन शाम 6 बजे नांदेड पहुंचेगी.
रेलवे के अनुसार, 17631 नांदेड-टनकपुर साप्ताहिक एक्सप्रेस का नियमित ऑपरेशन 12 जुलाई से प्रत्येक रविवार को होगा. ट्रेन रात 11.40 बजे नांदेड से चलेगी और तीसरे दिन सुबह 5.55 बजे टनकपुर पहुंचेगी. वापसी में 17632 टनकपुर-नांदेड साप्ताहिक एक्सप्रेस 14 जुलाई से प्रत्येक मंगलवार को सुबह 9 बजे टनकपुर से रवाना होकर अगले दिन शाम 4.30 बजे नांदेड पहुंचेगी.
यह ट्रेन उत्तर प्रदेश के टनकपुर, खटीमा, पीलीभीत, इज्जतनगर, बरेली, बदायूं, कासगंज, मथुरा, आगरा कैंट, मध्य प्रदेश के ग्वालियर, झांसी, ललितपुर, बीना, रानी कमलापति, इटारसी, खंडवा और महाराष्ट्र के मलकापुर, अकोला, वाशिम, हिंगोली, बसमत, पूर्णा तथा नांदेड जैसे प्रमुख स्टेशनों को जोड़ेगी. इससे उत्तर भारत और महाराष्ट्र के बीच यात्रा पहले से अधिक आसान होगी.
उद्घाटन विशेष ट्रेन में कुल 19 कोच लगाए जाएंगे. इनमें सामान्य द्वितीय श्रेणी, शयनयान, एसी-3, एसी-2, लगेज और जनरेटर कोच शामिल होंगे. वहीं नियमित ट्रेन में 21 कोच होंगे, जिनमें दो एसी-2, चार एसी-3, आठ स्लीपर, चार सामान्य श्रेणी, एक पेंट्रीकार, एक एलएसएलआरडी और एक जनरेटर सह लगेजयान कोच शामिल रहेगा. यात्रियों को लंबी दूरी की यात्रा के दौरान भोजन की सुविधा भी उपलब्ध होगी.



