Dausa News: गैस कटर गैंग पर दौसा पुलिस का वार, SBI ATM लूटकांड में एक गिरफ्तार, दूसरी वारदात से मचा हड़कंप

Last Updated:August 07, 2026, 09:29 IST
Dausa ATM Robbery Case: दौसा जिले में एटीएम लूट के प्रयास के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. 13 जुलाई को सिकराय स्थित एसबीआई के एटीएम को गैस कटर से काटकर लूटने की कोशिश करने वाले गिरोह का खुलासा करते हुए मानपुर थाना पुलिस ने सोहन सिंह उर्फ सोनू को गिरफ्तार किया है. मामले में लोकेश और देशराज उर्फ अंशुल को भी नामजद किया गया है. पुलिस सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है. इसी बीच गुरुवार तड़के दौसा शहर के आगरा रोड स्थित सेंट्रल बैंक के एटीएम को भी गैस कटर से काटने का प्रयास किया गया, लेकिन बैंक कंट्रोल रूम से सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और बदमाश फरार हो गए. लगातार हो रहे एटीएम लूट के प्रयासों के बाद पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है.
ख़बरें फटाफट
दौसा जिले में एटीएम लूट के प्रयास के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली .
दौसा. राजस्थान के दौसा जिले में एटीएम लूट के प्रयास के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. 13 जुलाई को सिकराय कस्बे में भारतीय स्टेट बैंक के एटीएम को गैस कटर से काटकर लूटने की कोशिश करने वाले गिरोह का खुलासा करते हुए मानपुर थाना पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने मामले में दो अन्य आरोपियों को भी नामजद किया है. वारदात का सीसीटीवी फुटेज पहले ही सामने आया था, जिसमें तीन बदमाश एटीएम बूथ के अंदर लूट का प्रयास करते नजर आए थे.
दरअसल, 13 जुलाई की रात सिकराय स्थित एसबीआई के एटीएम को निशाना बनाया गया था. तीनों आरोपी योजनाबद्ध तरीके से एटीएम बूथ तक पहुंचे और गैस कटर से मशीन को काटकर उसमें रखी नकदी निकालने का प्रयास किया. हालांकि वे अपने मंसूबों में पूरी तरह सफल नहीं हो सके और मौके से फरार हो गए. घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी.
पुलिस ने इन आरापरियों को किया गिरफ्तार
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और अन्य सुरागों के आधार पर आरोपियों की पहचान की. इसके बाद मानपुर थाना पुलिस ने सोहन सिंह उर्फ सोनू, निवासी डाबर ढाणी घूमना, को गिरफ्तार कर लिया. वहीं लोकेश और देशराज उर्फ अंशुल को भी इस मामले में नामजद किया गया है. पुलिस अब दोनों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है. आरोपी पेशेवर तरीके से एटीएम को निशाना बनाते थे. वारदात से पहले उन्होंने पूरी रेकी की थी और रात के समय सुनसान इलाके का फायदा उठाने की कोशिश की. जांच में यह भी पता लगाया जा रहा है कि आरोपियों का किसी बड़े एटीएम लूट गिरोह से संबंध है या नहीं तथा उन्होंने अन्य जिलों में भी ऐसी वारदातों को अंजाम दिया है या नहीं.
सेंट्रल बैंक के एटीएम को गैस कटर से काटकर लूटने का प्रयास किया
गुरुवार तड़के दौसा शहर के आगरा रोड स्थित सेंट्रल बैंक के एटीएम पर भी गैस कटर से लूट का प्रयास किया गया. रात करीब 2:40 बजे कार में सवार तीन बदमाश मौके पर पहुंचे. एक आरोपी कार में बैठा रहा, जबकि दो बदमाश एटीएम बूथ में घुसकर शटर बंद कर मशीन काटने लगे. इसी दौरान बैंक के कंट्रोल रूम से अलर्ट मिलने पर कोतवाली थाना पुलिस कुछ ही मिनटों में मौके पर पहुंच गई. पुलिस की गाड़ी देखते ही बदमाश वारदात अधूरी छोड़कर फरार हो गए. लगातार सामने आ रहे एटीएम लूट के प्रयासों के बाद दौसा पुलिस ने जिलेभर में एटीएम की सुरक्षा बढ़ा दी है. पुलिस का कहना है कि सिकराय मामले में फरार दोनों आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा और हालिया वारदात में शामिल बदमाशों की भी पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.About the Authorदीप रंजन सिंह Content Producer
दीपरंजन सिंह लगभग एक दशक से पत्रकारिता के फिल्ड से जुड़े हुए हैं. वह अभी न्यूज18 हिंदी के राजस्थान डिजिटल डेस्क से जुड़े हैं, जहां वे बतौर कंटेंट प्रोड्यूसर अपनी सेवाएं दे रहे हैं. पिछले लगभग एक दशक से सक्रिय पत…
और पढ़ेंLocation :
Dausa,Rajasthan
First Published :
August 07, 2026, 09:29 IST



