Typhoon No 15 Alert: अब मंडराया टाइफून नंबर 15 का खतरा 24 घंटे हैं बेहद अहम जापान में समंदर किनारे से हटाए गए लोग

Last Updated:August 10, 2026, 11:08 IST
Typhoon No 15 Alert: मौसम की मार ने इस वक्त एशिया के कई देशों को अपनी चपेट में ले रखा है. खासतौर पर चीन और जापान में लगातार आ रहे तूफानों ने यहां लोगों की आफत कर रखी है. इसी बीच एक बार फिर जापान की पीएम सनाए तकाइची ने एक और तूफान की वॉर्निंग जारी की है, जिसका नाम टाइफून नंबर 15 है. जापान में एक और तूफान का खतरा. (रॉयटर्स)
जापान में खराब होते मौसम और टाइफून नंबर 15 के खतरे को देखते हुए प्रधानमंत्री सनाए तकाइची ने लोगों से सतर्क रहने और समय रहते सुरक्षित स्थानों पर पहुंचने की अपील की है. मौसम विभाग ने कई इलाकों में भारी बारिश, तेज हवाओं, बाढ़, भूस्खलन और ऊंची समुद्री लहरों की आशंका जताई है. प्रधानमंत्री तकाइची ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बताया कि टाइफून नंबर 15 फिलहाल जापान के पूर्वी हिस्से के समुद्र में उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर बढ़ रहा है.
माना जा रहा है कि तूफान 11 अगस्त को दक्षिणी तोहोकू और उत्तरी कांटो क्षेत्रों के काफी करीब पहुंच सकता है. इसके तट से टकराने की भी आशंका जताई जा रही है. सरकार ने स्थिति पर नजर रखने के लिए प्रधानमंत्री कार्यालय के संकट प्रबंधन केंद्र में स्थापित सूचना समन्वय कक्ष को एक्टिव कर दिया है. यहां से मौसम और टाइफून से जुड़ी जानकारी लगातार जुटाई जा रही है. सरकार ने कहा है कि स्थिति गंभीर होने पर आपदा प्रबंधन व्यवस्था को और मजबूत किया जाएगा और जरूरत के मुताबिक राहत और बचाव के सभी जरूरी कदम उठाए जाएंगे.
तोहोकू में भारी बारिश का अलर्ट
प्रधानमंत्री तकाइची के मुताबिक तोहोकू क्षेत्र के प्रशांत तटीय हिस्सों में 11 अगस्त की देर सुबह से रात तक भारी बारिश हो सकती है. इससे भूस्खलन का खतरा बढ़ सकता है. निचले इलाकों में जलभराव होने के साथ-साथ नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ने और उनके उफान पर आने की भी आशंका है. इसके अलावा सुबह से शाम तक तेज हवाएं चल सकती हैं. इन हवाओं के कारण इमारतों को नुकसान पहुंचने और सड़क एवं अन्य यातायात सेवाओं के प्रभावित होने की संभावना है.
समुद्री इलाकों में भी खतरा
समुद्र के आसपास रहने वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है. देर सुबह से रात तक ऊंची लहरें उठ सकती हैं और समुद्री उफान की स्थिति बन सकती है. इससे जहाजों के साथ-साथ तटीय इलाकों में मौजूद सुविधाओं को नुकसान पहुंचने का खतरा है. कांटो-कोशिन क्षेत्र में भी दोपहर से देर रात तक ऊंची लहरों, जलभराव और नदियों के जलस्तर बढ़ने का खतरा बना रह सकता है. प्रधानमंत्री तकाइची ने लोगों से अपील की है कि वे अपने इलाके में मौजूद जोखिम वाले स्थानों, नजदीकी निकासी केंद्रों और वहां तक पहुंचने के सुरक्षित रास्तों की जानकारी पहले से हासिल कर लें. उन्होंने लोगों से रेडियो, टीवी, इंटरनेट और स्थानीय प्रशासन की ओर से जारी मौसम संबंधी ताजा सूचनाओं पर लगातार नजर रखने को कहा है. प्रधानमंत्री ने साफ कहा कि अगर किसी व्यक्ति को अपने आसपास थोड़ा भी खतरा महसूस हो, तो उसे इंतजार नहीं करना चाहिए और तुरंत सुरक्षित स्थान पर चले जाना चाहिए.
About the AuthorPrateeti Pandey
में इंटरनेशनल डेस्क पर कार्यरत हैं. टीवी पत्रकारिता का भी अनुभव है और इससे पहले Zee Media Ltd. में कार्य किया. डिजिटल वीडियो प्रोडक्शन की जानकारी है. टीवी पत्रकारिता के दौरान कला-साहित्य के साथ-साथ अंतरर…
और पढ़ेंFirst Published :
August 10, 2026, 11:08 IST



