Colombia Earthquake Today: कोलंबिया में आया 7.4 तीव्रता का भयानक भूकंप, बिल्डिंगों से कूदने लगे लोग, कांपी पड़ोसी देशों की धरती

Last Updated:August 10, 2026, 20:01 IST
दक्षिण अमेरिकी देश कोलंबिया में सोमवार सुबह 7.4 तीव्रता का एक बेहद शक्तिशाली और भयानक भूकंप आया, जिसका केंद्र राजधानी बोगोटा से 400 किलोमीटर दूर ‘सैन जोस डेल पाल्मार’ में था. सुबह करीब 7:34 बजे आए इस भूकंप के कारण इमारतों के हिलने पर लोग घबराकर सड़कों पर आ गए और कई इलाकों में इमारतों में दरारें व नुकसान की खबरें सामने आईं. कोलंबिया भूकंप
बोगोटा: सोमवार की सुबह दक्षिण अमेरिकी देश कोलंबिया के लिए एक खौफनाक सुबह साबित हुई. जब लोग अपने दिन की शुरुआत कर रहे थे, तभी अचानक जमीन इतनी जोर से हिली कि पूरा देश दहल उठा. कोलंबिया में 7.4 की बेहद खतरनाक तीव्रता का एक भीषण भूकंप आया है. झटके इतने ज्यादा तेज थे कि देखते ही देखते चारों तरफ अफरा-तफरी का माहौल बन गया. लोग अपने-अपने घरों, दफ्तरों और ऊंची इमारतों से निकलकर जान बचाने के लिए सड़कों और खुले मैदानों की तरफ भागने लगे.
कोलंबिया में आया भयानक भूकंप
इस भीषण भूकंप की तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 7.4 मापी गई है. इतनी तीव्रता का भूकंप बहुत ही खतरनाक और विनाशकारी माना जाता है. भूकंप का केंद्र कोलंबिया की राजधानी बोगोटा से करीब 250 मील यानी 400 किलोमीटर दूर पश्चिम में स्थित ‘सैन जोस डेल पाल्मार’ नाम के इलाके में था. सैन जोस डेल पाल्मार मुख्य रूप से चोको प्रांत का एक छोटा सा समुदाय है.
भूकंप का केंद्र भले ही इस इलाके में था, लेकिन इसके झटके सैकड़ों किलोमीटर दूर तक बहुत ही शिद्दत के साथ महसूस किए गए. जैसे ही पहला झटका आया, लोगों को लगा कि सब कुछ ढह जाएगा. सड़कों पर खड़ी गाड़ियां झूलने लगीं और घरों में रखा सामान गिरने लगा.
कोलंबिया की राजधानी बोगोटा में भी कई सेकंड तक इमारतें हिलती रहीं, जिससे लोग बुरी तरह सहम गए. कई बिल्डिगें भरभराकर गिरने लगीं, लोगों ने बालकनी से कूद कर किसी तरह अपनी जान बचाई. लोग सड़कों पर भी जान बचाने के लिए स्ट्रगल करते दिखे, लोग किसी तरह बिल बोर्ड और खंभे पकड़े खड़े रहे. इस भूकंप का असर सिर्फ कोलंबिया तक ही सीमित नहीं रहा, बल्कि इसके झटके पड़ोसी देशों जैसे वेनेजुएला और इक्वाडोर तक महसूस किए गए.
भूकंप के बाद भी टला नहीं खतरा
भूकंप के तुरंत बाद चोको प्रांत की गवर्नर नूबिया कैरोलिना कॉर्डोबा-कुरी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक आधिकारिक बयान जारी कर हालात की गंभीरता के बारे में जानकारी दी. उन्होंने अपनी पोस्ट में लिखा, ‘हमने अभी-अभी चोको डिपार्टमेंट में एक बहुत ही बड़े और भीषण भूकंप का सामना किया है. हमें सबसे ज्यादा चिंता अब इसके बाद आने वाले आफ्टरशॉक्स यानी आफ्टर-शॉक झटकों की है’.
गवर्नर ने आगे बताया, ‘हालांकि इस भूकंप का केंद्र सैन जोस डेल पाल्मार के पास था लेकिन प्रांतीय राजधानी ‘क्विब्दो’ में कई इमारतों को भारी नुकसान पहुंचा है और कई लोगों के घायल होने की खबर है. हमारी आपातकालीन टीमें और प्रशासन तुरंत स्थिति का जायजा ले रहे हैं. हम नुकसान का आकलन कर रहे हैं और जल्द ही पहली आधिकारिक रिपोर्ट जारी की जाएगी’.
🔴Temblor en Colombia deja graves afectaciones en la ciudad de Manizales, en el departamento de Caldas.
Catedral y varios edificios afectados, escombros y heridos tras el movimiento telúrico que sacudió a Colombia en la mañana de este lunes 10 de agosto. pic.twitter.com/j81c8gKBr6



