ठंडी हवा देती है राहत, लेकिन त्वचा को कर सकती है रूखा! बारिश में AC इस्तेमाल करते वक्त न करें ये गलतियां

Last Updated:August 13, 2026, 16:29 IST
बारिश के मौसम में उमस और गर्मी से राहत पाने के लिए AC का इस्तेमाल बढ़ जाता है. लेकिन लंबे समय तक AC की ठंडी और सूखी हवा में रहने से त्वचा की प्राकृतिक नमी प्रभावित हो सकती है. ऐसे में थोड़ी सावधानी और सही स्किन केयर रूटीन अपनाकर त्वचा को ड्राईनेस और खुजली जैसी परेशानियों से बचाया जा सकता है.
गाजियाबाद. बारिश का मौसम आते ही गर्मी और उमस से राहत पाने के लिए ज्यादातर लोग घंटों एसी में रहते हैं. घर हो, ऑफिस हो या कार हर जगह ठंडी हवा सुकून देती है, लेकिन अगर आप लंबे समय तक एसी में रहते हैं तो यह आदत आपकी त्वचा के लिए नुकसानदायक साबित हो सकती है. बाहर की नमी और अंदर की ठंडी-सूखी हवा का लगातार असर त्वचा का प्राकृतिक संतुलन बिगाड़ देता है. इससे त्वचा रूखी होने लगती है. खुजली और जलन जैसी समस्याएं बढ़ सकती हैं.
गाजियाबाद की त्वचा रोग विशेषज्ञ डॉ. दिव्या द्विवेदी लोकल 18 से बताती हैं कि लंबे समय तक एसी में रहने से त्वचा की नमी धीरे-धीरे कम होने लगती है. अगर समय रहते ध्यान न दिया जाए तो त्वचा ड्राई हो जाती है और उसमें खुजली शुरू हो सकती है. कई लोग इसे खुजलाने लगते हैं, जिससे त्वचा पर संक्रमण या त्वचा संबंधी दूसरी समस्याएं होने का खतरा भी बढ़ जाता है.
डॉ. दिव्या का कहना है कि जो लोग ऑफिस में कई घंटे एसी में काम करते हैं या घर पर लगातार एसी चलाकर बैठते हैं, उन्हें सबसे पहले पर्याप्त मात्रा में पानी पीना चाहिए. सिर्फ त्वचा ही नहीं, शरीर के अंदर भी पानी की कमी होने लगती है इसलिए दिनभर में पर्याप्त पानी पीना बेहद जरूरी है. हर चार घंटे में हल्का मॉइस्चराइजर लगाना चाहिए ताकि त्वचा की नमी बनी रहे. होंठों पर भी लिप बाम या मॉइस्चराइजर लगाना फायदेमंद रहता है.
Add as Preferred Source on Google
डॉ. दिव्या के मुताबिक, एसी का तापमान भी बहुत कम नहीं रखना चाहिए. कई लोग 16 या 18 डिग्री पर एसी चलाते हैं जिससे त्वचा पर सीधा असर पड़ता है. बेहतर होगा कि एसी का तापमान 25 से 26 डिग्री सेल्सियस के बीच रखा जाए. एसी की हवा सीधे चेहरे पर नहीं लगनी चाहिए. विंडो एसी या कार एसी की तेज हवा चेहरे को जल्दी ड्राई कर सकती है. संभव हो तो एसी के ब्लेड इस तरह सेट करें कि हवा सीधे चेहरे पर न आए.
डॉ. दिव्या बताती हैं कि बरसात के मौसम में त्वचा की साफ-सफाई का भी विशेष ध्यान रखना चाहिए. उमस और पसीने की वजह से त्वचा पर गंदगी और बैक्टीरिया जमा हो सकते हैं. अगर ज्यादा पसीना आता है तो दिन में कम से कम दो बार अच्छे साबुन से स्नान करें. चेहरे को भी दिन में दो-तीन बार साफ पानी से धोते रहें.
मौसमी फल और हरी सब्जियों का सेवन करें क्योंकि इनमें मौजूद पोषक तत्व त्वचा को अंदर से स्वस्थ रखने में मदद करते हैं. थोड़ी-सी सावधानी अपनाकर आप बारिश के मौसम में एसी का आनंद भी ले सकते हैं और अपनी त्वचा को ड्राईनेस, खुजली और दूसरी समस्याओं से भी बचा सकते हैं.
न्यूज़18 को गूगल पर अपने पसंदीदा समाचार स्रोत के रूप में जोड़ने के लिए यहां क्लिक करें।First Published :
August 13, 2026, 16:29 IST



