Rajasthan

निकाय-पंचायत चुनाव से पहले बड़ा फैसला, जयपुर में 17-18 अगस्त को आरक्षण लॉटरी से तय होगा सियासी समीकरण

जयपुर. राजस्थान में नगरीय निकाय और पंचायती राज संस्थाओं के आम चुनाव-2026 को लेकर आरक्षण प्रक्रिया अब निर्णायक चरण में पहुंच गई है. जयपुर जिले में 17 और 18 अगस्त को नगर निकायों के वार्डों तथा पंचायती राज संस्थाओं के विभिन्न पदों के आरक्षण का निर्धारण किया जाएगा. आरक्षण तय होने के साथ ही चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे संभावित दावेदारों की तस्वीर भी काफी हद तक साफ हो जाएगी. 17 अगस्त को जयपुर जिले के नगरीय निकायों में वार्ड आरक्षण की लॉटरी निकाली जाएगी.  इसमें अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग सहित महिलाओं के लिए वार्डों का श्रेणीवार आरक्षण निर्धारित किया जाएगा. वहीं 18 अगस्त को पंचायती राज संस्थाओं में सरपंच, वार्ड पंच, जिला परिषद सदस्य, पंचायत समिति प्रधान और सदस्यों के पदों का आरक्षण तय होगा.

इस प्रक्रिया पर राजनीतिक दलों, जनप्रतिनिधियों और चुनावी मैदान में उतरने की तैयारी कर रहे दावेदारों की नजर बनी हुई है. जयपुर जिले में नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 के लिए 17 अगस्त को वार्ड आरक्षण की लॉटरी निकाली जाएगी. नगर निगम जयपुर के 150 वार्डों के लिए सुबह 10 बजे कलक्ट्रेट सभागार में आरक्षण लॉटरी होगी. इस दौरान वर्गवार आरक्षण के साथ महिला आरक्षण का भी श्रेणीवार निर्धारण किया जाएगा. प्रक्रिया में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों और संबंधित जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी रहेगी. यह पूरी प्रक्रिया राजस्थान नगर पालिका निर्वाचन अधिनियम 2009 और नियम 1994 के प्रावधानों के तहत होगी.

जोबनेर के वार्डों की सबसे पहले लॉटरी निकाली जाएगी

नगर निगम के अलावा जयपुर जिले की नगर परिषदों और नगर पालिकाओं के वार्डों का आरक्षण भी इसी दिन तय किया जाएगा. इनके लिए लॉटरी प्रक्रिया सुबह 11 बजे शुरू होगी. सबसे पहले नगर पालिका जोबनेर के 20 वार्डों की लॉटरी निकाली जाएगी. इसके बाद बगरू के 35, वाटिका के 25, चाकसू के 35 और चौमूं नगर परिषद के 45 वार्डों का आरक्षण तय होगा. इसके अलावा कालाडेरा के 20, जमवारामगढ़ के 35, दूदू के 25, फागी के 20, फुलेरा के 25, सांभर के 25, किशनगढ़ रेनवाल के 35, नारायणा के 25, बस्सी के 35, कानोता के 20, शाहपुरा के 55, मनोहरपुर के 35 और खेजरोली के 25 वार्डों के लिए भी आरक्षण लॉटरी होगी. आरक्षण तय होने के बाद निकाय चुनाव की तैयारी कर रहे दावेदारों की सक्रियता बढ़ने की संभावना है.

18 अगस्त को पंचायतों के पदों का आरक्षण

नगरीय निकायों के बाद 18 अगस्त को पंचायती राज संस्थाओं के आम चुनाव-2026 के लिए आरक्षण प्रक्रिया होगी. जयपुर जिले में सरपंच और वार्ड पंच के पदों का श्रेणीवार आरक्षण एवं आवंटन किया जाएगा. इसके साथ ही जिला परिषद और पंचायत समिति के पदों का भी आरक्षण निर्धारित होगा. सरपंच और वार्ड पंच के पदों का आरक्षण उपखंड स्तर पर किया जाएगा. इसके लिए 18 अगस्त को सुबह 9 बजे संबंधित उपखंड अधिकारी मुख्यालय पर प्रक्रिया शुरू होगी. संबंधित एसडीओ अपने क्षेत्र की ग्राम पंचायतों में सरपंच और वार्ड पंच के पदों का आरक्षण तय करेंगे. अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और अन्य पिछड़ा वर्ग के साथ महिलाओं के लिए भी पदों का श्रेणीवार आरक्षण किया जाएगा.

दोपहर 2 बजे जिला परिषद और पंचायत समिति की प्रक्रिया

जिला परिषद सदस्यों और पंचायत समिति से जुड़े पदों की आरक्षण प्रक्रिया 18 अगस्त को दोपहर 2 बजे शुरू होगी. इसके लिए जयपुर कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय प्रक्रिया आयोजित की जाएगी. इसमें जिला परिषद सदस्य पदों के साथ पंचायत समितियों के प्रधान और सदस्यों के पदों का श्रेणीवार आरक्षण एवं आवंटन होगा. आरक्षण प्रक्रिया पूरी होने के बाद जयपुर जिले में पंचायत चुनाव की तैयारियां और तेज होने की उम्मीद है. सरपंच, वार्ड पंच, पंचायत समिति और जिला परिषद के संभावित दावेदारों के लिए 18 अगस्त का दिन बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है. आरक्षण की तस्वीर साफ होते ही कई दावेदार अपने चुनावी समीकरणों के अनुसार रणनीति बनाने में जुट जाएंगे. वहीं राजनीतिक दल भी आरक्षित और सामान्य सीटों के आधार पर संभावित प्रत्याशियों को लेकर अपनी तैयारियां तेज करेंगे.

Source link

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

Uh oh. Looks like you're using an ad blocker.

We charge advertisers instead of our audience. Please whitelist our site to show your support for Nirala Samaj