सीकर के 12 गांवों की बदलेगी तस्वीर, 24 करोड़ की स्मार्ट रोड योजना, लगेंगी स्ट्रीट लाइट

Last Updated:August 16, 2026, 19:19 IST
Sikar Smart Road Project: सीकर जिले के 12 गांवों को स्मार्ट सड़क परियोजना के तहत बड़ी सौगात मिलने जा रही है. करीब 24 करोड़ रुपए की लागत वाले इस प्रोजेक्ट के तहत गांवों में बेहतर सड़क सुविधाओं के साथ जल निकासी के लिए नालियों का निर्माण और रात में रोशनी के लिए स्ट्रीट लाइट भी लगाई जाएंगी. परियोजना का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों की कनेक्टिविटी सुधारने के साथ लोगों को बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना है.
Sikar News: सीकर जिले के गांवों में सरकार अब सिर्फ सड़क नहीं, बल्कि बेहतर आवागमन और जल निकासी की पूरी व्यवस्था विकसित करने की तैयारी है. पीडब्ल्यूडी ने अटल प्रगति पथ योजना के तहत जिले के 12 गांवों में 12 सड़कों के निर्माण को प्रशासनिक और वित्तीय मंजूरी दे दी है. करीब 24 करोड़ रुपए की लागत से इन गांवों में सड़के बनाई जाएगी. इन सड़कों की कुल लंबाई 16.2 किलोमीटर होगी. खास बात यह है कि गांवों की गलियों और मुख्य रास्तों वाले इस प्रोजेक्ट में सड़क के साथ नालियों को भी साथ ही बनाया जाएगा
योजना के तहत प्रत्येक सड़क पर अधिकतम 2 करोड़ रुपए तक खर्च किए जाएंगे. सभी अटल प्रगति पथ सीसी सड़क के रूप में बनाए जाएंगे और इनकी चौड़ाई 7 मीटर रखी जाएगी. सड़क के दोनों ओर पक्की नालियां बनाई जाएंगी, जिससे बारिश के दौरान पानी सड़क पर जमा नहीं होगा. यानी गांवों को मिलने वाला यह प्रोजेक्ट केवल आवागमन आसान करने तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि जल निकासी की समस्या से भी राहत देने का काम करेगा.
दरअसल, राज्य सरकार ने बजट घोषणा के तहत प्रदेश के 5 हजार से अधिक आबादी वाले गांवों में अटल प्रगति पथ विकसित करने की योजना बनाई है. प्रदेशभर में 192 सड़कों के निर्माण के लिए 381.91 करोड़ रुपए की स्वीकृति जारी की गई है. इसी योजना में सीकर जिले के 12 गांवों को शामिल किया गया है. इनमें श्रीमाधोपुर क्षेत्र का एक, दांतारामगढ़ के चार, नीमकाथाना क्षेत्र के छह और लक्ष्मणगढ़ क्षेत्र का एक गांव शामिल है.
Add as Preferred Source on Google
इस योजना की खासियत यह है कि सड़क बनने के बाद गांवों में बारिश के पानी की समस्या को नजरअंदाज नहीं किया जाएगा. दोनों तरफ पक्की नालियां बनने से सड़क की उम्र भी बढ़ेगी और जलभराव से होने वाली परेशानी कम होगी. जरूरत पड़ने पर इन अटल प्रगति पथों पर स्ट्रीट लाइट भी लगाई जा सकेगी. इसके लिए संबंधित ग्राम पंचायत को बिजली का खर्च और स्ट्रीट लाइट के रखरखाव की जिम्मेदारी लेने की सहमति देनी होगी.
नीमकाथाना और आसपास के गांवों को इस योजना में सबसे बड़ा हिस्सा मिला है. थोई में 1.50 किलोमीटर लंबा अटल प्रगति पथ बनाया जाएगा. रैवासा में फकीरपुरा कॉलोनी से 1.10 किलोमीटर सड़क स्वीकृत हुई है. इसके अलावा बाय में 1.10, मंडा में 1.30 और कोछोर में 1.20 किलोमीटर सड़क का निर्माण होगा. इन सड़कों के बनने से गांवों के प्रमुख रास्तों पर आवागमन अधिक सुगम होने होगा.
इसी तरह सीकर के गुहाला में 1.50 किलोमीटर, जीलो में 1.40 किलोमीटर, चला में 1.30 किलोमीटर, गांवड़ी में 1.50 किलोमीटर, गणेश्वर में 1.50 किलोमीटर और रायपुर पाटन में भी 1.50 किलोमीटर लंबी सड़क बनाई जाएगी. लक्ष्मणगढ़ क्षेत्र के बठोठ गांव में 1.30 किलोमीटर अटल प्रगति पथ बनेगा. इन सभी निर्माण कार्यों में सड़क की चौड़ाई, सीसी निर्माण और जल निकासी की व्यवस्था को निर्धारित मानकों के अनुसार विकसित किया जाएगा.
खास बात यह है कि ये अटल प्रगति पथ उन क्षेत्र में बनाए जाएंगे जहां सड़कों की कनेक्टिविटी कमजोर है. इन सड़कों के बनने से आसपास के गांव और शहरों से कनेक्टिविटी आसान होगी. पक्की और चौड़ी सड़क के साथ नालियां तथा जरूरत के अनुसार स्ट्रीट लाइट की सुविधा मिलेगी. सीकर में इसके लिए करीब 24 करोड़ रुपए खर्च होंगे. जल्द ही सड़कों के निर्माण कार्य भी शुरू होने वाला है.
न्यूज़18 को गूगल पर अपने पसंदीदा समाचार स्रोत के रूप में जोड़ने के लिए यहां क्लिक करें। राजस्थान की ताजा खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें|First Published :
August 16, 2026, 19:19 IST



