Sports

WTC में करिश्मे से लेकर वर्ल्ड रिकॉर्ड तक… ऋषभ पंत ने 100वां छक्का जड़कर बनाए किए 5 बड़े कीर्तिमान

Last Updated:August 18, 2026, 17:43 IST

Rishabh pant 100th six in Test: ऋषभ पंत को भारत और श्रीलंका के बीच जारी गॉल टेस्ट हमेशा यदा रहने वाला है. उन्होंने इस मैच की दूसरी पारी के दौरान एक ऐतिहासिक उपलब्धि नाम की. पंत ने एक बार फिर अपने विस्फोटक अंदाज में बैटिंग की और 66 रन की पारी के दौरान कई रिकॉर्ड नाम कर लिए. दूसरी पारी में उन्होंने दो छक्के लगाए. पारी का दूसरा छक्का लगाते ही पंत ने रिकॉर्ड्स की भी झड़ी लगा दी. पंत के टेस्ट करियर का यह 100वां सिक्स था. चलिए जानते हैं इस सिक्स के साथ उन्होंने कौन-कौन से 5 रिकॉर्ड नाम किए.

पारी के 37वें ओवर में लाहिरू कुमारा की चौथी गेंद को स्टैंड्स में मारकर पंत ने टेस्ट करियर का 20वां अर्धशतक पूरा किया. इस शॉट के साथ पंत टेस्ट में छक्कों का शतक लगाने वाले पहले भारतीय और दुनिया के सिर्फ चौथे बल्लेबाज बन गए. इतना ही नहीं, पंत ने गेंदों के लिहाज से टेस्ट में सबसे तेज 100 छक्के लगाने का वर्ल्ड रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया.

पंत ने टेस्ट क्रिकेट में 100 छक्के लगाने के लिए सिर्फ 4918 गेंदों का सामना किया. यह टेस्ट में इस मुकाम तक पहुंचने के लिए किसी बल्लेबाज द्वारा खेली गई सबसे कम गेंदें हैं. इस मामले में पंत ने ऑस्ट्रेलिया के महान विकेटकीपर बल्लेबाज एडम गिलक्रिस्ट को पीछे छोड़ा. गिलक्रिस्ट ने 100 टेस्ट छक्के पूरे करने के लिए 6578 गेंदें खेली थीं. यानी पंत ने उनसे काफी कम गेंदों में यह उपलब्धि हासिल की.

पंत अब टेस्ट क्रिकेट में 100 छक्के लगाने वाले दुनिया के सिर्फ चौथे बल्लेबाज हैं. उनसे आगे इंग्लैंड के बेन स्टोक्स 138 और न्यूजीलैंड के ब्रेंडन मैक्कुलम 107 छक्कों के साथ मौजूद हैं. वहीं, उन्होंने 100 छक्कों के आंकड़े पर पहुंचकर गिलक्रिस्ट की बराबरी कर ली है. यानी अब टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट में पंत और गिलक्रिस्ट एक ही मुकाम पर खड़े हैं.

Add as Preferred Source on Google

भारतीय विकेटकीपर ने एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की. वह सिर्फ भारतीय क्रिकेट के ही नहीं, बल्कि टेस्ट क्रिकेट में 100 छक्के लगाने वाले एशिया के पहले बल्लेबाज भी बन गए हैं. भारत, पाकिस्तान, श्रीलंका और बांग्लादेश जैसे देशों के कई दिग्गज बल्लेबाज टेस्ट क्रिकेट में खेल चुके हैं, लेकिन कोई भी 100 छक्कों तक नहीं पहुंच सका. पंत ने अपनी आक्रामक बल्लेबाजी के दम पर एशियाई क्रिकेट में भी नया रिकॉर्ड कायम कर दिया.

रिकॉर्ड बनाने वाली पारी में पंत ने सिर्फ आंकड़ों के लिए बल्लेबाजी नहीं की, बल्कि अपने चिर-परिचित अंदाज में रन भी बनाए. उन्होंने 69 गेंदों पर 66 रन जोड़े. इस दौरान उनके बल्ले से 8 चौके और 2 छक्के निकले. उनका स्ट्राइक रेट 95 से ज्यादा रहा. हालांकि, पंत इस पारी को शतक में नहीं बदल सके. वह 34 रन पहले आउट हो गए. पंत ने पिछले साल लीड्स में इंग्लैंड के खिलाफ लगातार दो शतक लगाए थे, उसके बाद से टेस्ट में उनके बल्ले से सेंचुरी नहीं आई है.

ऋषभ पंत की खासियत सिर्फ टेस्ट क्रिकेट में 100 छक्कों तक पहुंचने तक सीमित नहीं है. वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप में भी उन्होंने छक्कों के मामले में अपनी अलग पहचान बना ली है. गॉल टेस्ट में दो सिक्स लगाने के बाद पंत के नाम अब डब्ल्यूटीसी में 80 छक्के हो गए हैं. इस आंकड़े के साथ वह डब्ल्यूटीसी इतिहास में दूसरे ऐसे बल्लेबाज बन गए, जिन्होंने 80 या इससे ज्यादा छक्के लगाए हैं.

वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट में ऋषभ पंत दूसरे स्थान पर हैं. उनसे आगे इंग्लैंड के बेन स्टोक्स हैं, जिन्होंने संन्यास लेने से पहले तक 88 छक्के लगाए. यानी पंत और स्टोक्स के बीच अब सिर्फ आठ छक्कों का अंतर रह गया है. आने वाले मुकाबलों में पंत बड़ी ही आसानी से इस लिस्ट में सबसे ऊपर काबिज हो जाएंगे.

टेस्ट चैंपियनशिप में 80 छक्कों के साथ पंत भारतीय बल्लेबाजों में भी सबसे ऊपर हैं. उनके बाद रोहित शर्मा के 56, शुभमन गिल के 46 और यशस्वी जायसवाल के 45 छक्के हैं. ऋषभ पंत की बल्लेबाजी की सबसे बड़ी पहचान उनका निडर रवैया है. टेस्ट क्रिकेट में जहां ज्यादातर बल्लेबाज परिस्थितियों के मुताबिक जोखिम कम उठाने की कोशिश करते हैं, वहीं पंत अक्सर गेंदबाज पर दबाव बनाने के लिए आक्रामक शॉट खेलने से नहीं हिचकते. यही वजह है कि उन्होंने सबसे कम गेंदों में 100 छक्के जड़ने का ऐतिहासिक रिकॉर्ड अपने नाम किया.

First Published :

August 18, 2026, 17:43 IST

Source link

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

Uh oh. Looks like you're using an ad blocker.

We charge advertisers instead of our audience. Please whitelist our site to show your support for Nirala Samaj