Rajasthan

Jaipur News: CJP कार्यकर्ताओ को क्यों दौड़ाया? ग्रामीण बोले- क्रेडिट लेने आए थे इसलिए रोका था

जयपुर. रामपुरा गांव में सरकारी प्राथमिक स्कूल की बदहाल स्थिति सामने आई है, स्कूल की पुरानी बिल्डिंग जर्जर होने के कारण पिछले करीब ढाई साल से बच्चों की कक्षाएं गांव के एक किसान के तबेले में लग रही हैं. तबेले में एक तरफ पशुओं के लिए चारा रखा है तो दूसरी तरफ बच्चे पढ़ाई कर रहे हैं. स्कूल भवन को सुरक्षा कारणों से बंद कर रखा गया है.

तबेले के मालिक किसान का कहना है कि बच्चों की पढ़ाई प्रभावित न हो, इसलिए उन्होंने करीब ढाई साल से अपने तबेले में स्कूल चलाने के लिए जगह दे रखी है, उनका कहना है कि इसके लिए उन्होंने कोई पैसा नहीं लिया. हालांकि, लंबे समय से स्कूल के तबेले में संचालित होने को लेकर अब व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं.

18 लाख रुपये मंजूर होने का दावा

ग्रामीणों के मुताबिक, नई स्कूल बिल्डिंग के निर्माण के लिए सरकार की ओर से करीब 18 लाख रुपये स्वीकृत किए जा चुके हैं. ग्रामीणों का कहना है कि राशि स्वीकृत होने के बाद जल्द ही नई बिल्डिंग का निर्माण शुरू होकर स्कूल को अपना भवन मिल जाएगा. मामले की कवरेज के दौरान सीजेपी की टीम गांव के स्कूल पहुंची. आरोप है कि ग्रामीणों ने टीम के कार्यकर्ताओं को दौड़ाकर पीटा और वहां से जाने पर मजबूर कर दिया. मामले के बाद गांव में तनाव की स्थिति बन गई, ग्रामीणों से जब इस घटना को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने मारपीट से इनकार करते हुए कहा कि वे अपने स्तर पर स्कूल की व्यवस्था चला रहे हैं. ग्रामीणों का आरोप था कि नई बिल्डिंग के लिए राशि स्वीकृत होने के बाद श्रेय लेने के लिए सीजेपी की टीम गांव पहुंची थी, इसलिए उन्होंने टीम को रोक दिया.

जिला शिक्षा अधिकारी पहुंचे स्कूल

विवाद के बाद जयपुर के जिला शिक्षा अधिकारी गिरीराज पारीक भी स्कूल पहुंचे, उनसे सवाल किया गया कि आखिर ढाई साल से स्कूल तबेले में क्यों चल रहा है, बच्चों की सुरक्षा की जिम्मेदारी किसकी है और नई बिल्डिंग कब तक तैयार होगी. इन सवालों पर जिला शिक्षा अधिकारी कोई स्पष्ट जवाब नहीं दे पाए और मौके से चले गए.

शिक्षा मंत्री ने कांग्रेस और सीजेपी पर साधा निशाना

राजस्थान के शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने पूरे विवाद को लेकर कांग्रेस और सीजेपी पर निशाना साधा, उन्होंने कहा कि राजस्थान सरकार शिक्षा के क्षेत्र में नए नवाचार कर रही है, जिसे कांग्रेस और सीजेपी बर्दाश्त नहीं कर पा रहे हैं. मंत्री के मुताबिक, इसी वजह से प्रदर्शनकारी रामपुरा पहुंचे, लेकिन ग्रामीण जागरूक थे और उन्होंने उन्हें गांव में प्रवेश तक नहीं करने दिया. मंत्री ने आरोप लगाया कि कांग्रेस और सीजेपी के लोग मुंह छिपाकर भागे और अब खीज में भाजपा सरकार पर आरोप लगा रहे हैं और उनका इस्तीफा मांग रहे हैं.

उन्होंने कहा कि राजस्थान के सरकारी स्कूलों के छात्र अच्छे अंक हासिल कर रहे हैं, जो विपक्ष को बर्दाश्त नहीं हो रहा. शिक्षा मंत्री ने आरोप लगाया कि स्कूलों में व्यवधान पैदा करने के लिए बगरू जैसी घटनाएं की जा रही हैं. मंत्री ने जंतर-मंतर के कथित अश्लील माहौल का जिक्र करते हुए कहा कि इसी तरह का वातावरण राजस्थान में बनाने की कोशिश की जा रही है, लेकिन प्रदेश में यह संभव नहीं है क्योंकि यहां की जनता जागरूक है. सीजेपी के 48 घंटे के अल्टीमेटम पर दिलावर ने कहा कि इस बारे में फिर कभी बात करेंगे.

Source link

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

Uh oh. Looks like you're using an ad blocker.

We charge advertisers instead of our audience. Please whitelist our site to show your support for Nirala Samaj